57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

​​​​​​​57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में भारतीय पैनोरमा 2026 का शुभारंभ; जूरी सदस्य सम्मानित


भारतीय सिनेमा में विविधता प्रदर्शित करने वाली फिल्मों के चयन में योगदान के लिए फीचर और गैर-फीचर फिल्म जूरी के सदस्य सम्मानित

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 3:31PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2339593Views: 35

भारतीय पैनोरमा 2026 का आज गोवा के पणजी में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर फीचर और गैर-फीचर फिल्म जूरी के प्रतिष्ठित सदस्यों को इस वर्ष की आधिकारिक फिल्म चयन प्रक्रिया में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

जूरी सदस्यों को सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री चंचल कुमार, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार और महोत्सव के निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर ने सम्मानित किया।

भारतीय पैनोरमा 2026 का शुभारंभ करते हुए सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री चंचल कुमार ने भारतीय सिनेमा की स्थापना से लेकर अब तक की उल्लेखनीय विविधता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सिनेमा का यह उत्सव एक सार्थक अवसर प्रदान करता है कि देश का प्रत्येक क्षेत्र अपनी विशिष्ट भाषाओं, संस्कृतियों और कहानियों के माध्यम से किस प्रकार योगदान देता है। उन्होंने जूरी सदस्यों को उनके विचारपूर्ण फिल्म चयन के लिए तथा आयोजन के सफल संचालन के लिए गोवा सरकार और महोत्सव की टीम को बधाई दी। साथ ही, उन्होंने भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर निरंतर पहचान और सम्मान मिलने की कामना की।

सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार ने वर्ष 1978 में भारतीय पैनोरमा की स्थापना के बाद से उसकी गौरवशाली विरासत और विभिन्न भाषाओं एवं क्षेत्रों में भारतीय सिनेमा की विविधता का उत्सव मनाने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इफ्फी की इस वर्ष की थीम ‘स्‍टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने सिनेमा के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता दोहराई और निरंतर सहयोग के लिए गोवा सरकार तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने महोत्सव में भाग लेने वाले फिल्म निर्माताओं और सिनेमा प्रेमियों का भी हार्दिक स्वागत किया।

अपने स्वागत भाषण में महोत्सव के निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर ने इफ्फी से जुड़ी अपनी शुरुआती यादों को साझा किया और इस बात पर प्रकाश डाला कि किस प्रकार भारतीय पैनोरमा पिछले कई दशकों में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं सिनेमाई विविधता को प्रदर्शित करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। इस वर्ष की फिल्म चयन प्रक्रिया को मिली प्रतिक्रिया का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि महोत्सव को फीचर फिल्मों की 762 और गैर-फीचर फिल्मों की 358 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। इस प्रकार 18 भाषाओं में कुल 1,120 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। अंतिम चयन में वेब सीरीज के साथ हिंदी, मराठी, कन्नड़, तुलु, लद्दाखी, कश्मीरी और अंग्रेजी सहित 14 भाषाओं की फिल्में शामिल हैं।

श्री गोवारिकर ने 57वें संस्करण की थीम ‘स्‍टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ के अनुरूप अपने विचार व्यक्त करते हुए फिल्म निर्माताओं, तकनीशियनों और उभरते कहानीकारों से अपनी कहानियां सुनाने का सिलसिला जारी रखने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने दर्शकों को अधिक से अधिक फिल्में देखने और विवेकपूर्ण ढंग से उनका मूल्यांकन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

भारतीय पैनोरमा 2026 के जूरी सदस्य

गैर-फीचर फिल्म जूरी में सात सदस्य शामिल हैं:

श्री हिमांशु शेखर खटुआ (वृत्तचित्र फिल्म निर्माता एवं गैर-फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष), श्री शंखजीत डे (वृत्तचित्र फिल्म निर्माता), सुश्री रागिनी सोना (फिल्म निर्माता), श्री शिव सनी (फिल्म पत्रकार), श्री धनेश यादव टी. आर. (फिल्म संपादक), श्री अभिजीत दालवी (फिल्म निर्माता) और सुश्री आरती पटेल (निर्माता एवं मीडिया पेशेवर)।

फीचर फिल्म जूरी में तेरह सदस्य शामिल हैं:

श्री मधुर भंडारकर (फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष), श्री यू. रविंदर (छायाकार), श्री सोहम पी. शाह (फिल्म निर्माता), श्री राहुल भोले (निर्देशक, लेखक एवं संपादक), श्री ओइनम गौतम सिंह (फिल्म निर्माता), श्री नीलाद्रि रॉय (फिल्म संपादक), श्री एम. एस. प्रभु (छायाकार), श्री के. एस. शिवरामन (छायाकार), श्री जयंत गोस्वामी (निर्देशक), सुश्री बिंदु चंद्रमौली (अभिनेत्री), सुश्री भारती प्रधान (फिल्म समीक्षक), डॉ. अयाश आरिफ (जाने-माने अभिनेता एवं लेखक) और श्री अरुण गोंगड़े (एनिमेटर)।

भारतीय पैनोरमा 2026 की शुरूआती फिल्में

सम्मान समारोह के बाद भारतीय पैनोरमा 2026 की शुरूआती फिल्मों का परिचय कराया गया और उनके पहली बार प्रदर्शन से पहले फिल्म निर्माताओं एवं प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

गैर-फीचर श्रेणी में सुश्री लीना यादव द्वारा निर्देशित लद्दाखी फिल्म ‘बिकमिंग’ को श्री जी. कृष्णकुमार, सुश्री डेलिला लोबो और श्री आशुतोष गोवारिकर ने सम्मानित किया। यह फिल्म लद्दाख के एक युवा बालक की आध्यात्मिक यात्रा को दर्शाती है, जो समय, स्मृतियों और कई जन्मों की सीमाओं से परे जाती है। फिल्म का परिचय देते हुए इसकी निर्देशक सुश्री लीना यादव ने जीवन की सीमाओं से परे होने की अवधारणा पर आधारित इसकी विषयवस्तु की जानकारी दी।

फीचर फिल्‍म श्रेणी में श्री आदित्य धर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर’ इस फिल्म समारोह में प्रतिनिधित्व वरिष्ठ अभिनेता श्री राकेश बेदी ने किया जिन्‍हें श्री चंचल कुमार और श्री आशुतोष गोवारिकर ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। श्री बेदी ने निर्देशक आदित्य धर के साथ काम करने के अपने अनुभव और फिल्म में एक असामान्य जासूस की भूमिका निभाने के बारे में अपने विचार साझा किए।

समारोह का समापन दोनों उद्घाटन फिल्मों के प्रथम प्रदर्शन के साथ हुआ। इसके साथ ही इफ्फी 2026 में भारतीय पैनोरमा की फिल्म प्रदर्शन श्रृंखला का शुभारंभ हुआ।

इफ्फीलॉयड यहां पढ़ें:

https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

* * *

पीके/केसी/आरटी/केपी


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2339593
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026