विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

चुंबकीय व्यवस्था को नया आकार देने की नई विधि, क्वांटम सूचना के भंडारण के नए रास्ते खोल सकती है

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 3:15PM by PIB Delhi

वैज्ञानिकों ने नेटवर्क की कनेक्टिविटी (जुड़ाव की संरचना) में बदलाव करके उसमें क्वांटम चुंबकत्व के एक विशिष्ट रूप को नियंत्रित करने का तरीका खोजा है। इस खोज का उपयोग क्वांटम उपकरणों और क्वांटम सूचना के भंडारण में किया जा सकता है।

कई प्रणालियां परस्पर क्रिया करने वाली वस्तुओं से मिलकर बनी होती हैं। इनमें कमरे की हवा में मौजूद गैस से लेकर सामाजिक नेटवर्क तक शामिल हैं। हवाई जहाज की मैगजिन में उड़ान मार्गों को दर्शाने वाले हब-एंड-स्पोक बताते हैं कि किस प्रकार आपसी जुड़ाव लोगों को विभिन्न शहरों के बीच आवागमन में सक्षम बनाता है। इसका एक अन्य उदाहरण कोविड के दौरान संक्रमण फैलाने वाले सुपरस्प्रेडर्स हैं, जिन्होंने बीमारी के प्रसार में प्रमुख केंद्रों की भूमिका निभाई थी।

ये उदाहरण दर्शाते हैं कि किस प्रकार जुड़ाव के अलग-अलग पैटर्न किसी प्रणाली के सामूहिक व्यवहार को निर्धारित कर सकते हैं। हालांकि, ये सभी क्लासिकल प्रणालियां हैं।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के स्वायत्त संस्थान रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरआरआई) की टीम ने यह अध्ययन किया कि जब कई क्वांटम वस्तुएं एक-दूसरे के साथ परस्पर क्रिया करती हैं, तो क्या होता है, सामूहिक क्रम को कौन-से कारक निर्धारित करते हैं और क्वांटम इकाइयां स्वयं को किस प्रकार व्यवस्थित करती हैं।

इस प्रणाली को समझने के लिए आरआरआई में पोस्टडॉक्टोरल फेलो और इस नए अध्ययन की प्रमुख लेखिका रेवती बी.एस. तथा सह-लेखक और आरआरआई के सैद्धांतिक भौतिकी समूह के सहायक प्रोफेसर शोवन दत्ता ने स्क्वायर लैटिस की परिकल्पना की। इसमें एक स्थान रिक्त रखा गया और शेष सभी स्थानों पर एक-एक इलेक्ट्रॉन मौजूद था।

चित्र 1: ऊपरी पंक्ति में स्क्वायर लैटिस के भीतर अनेक कणों वाली क्वांटम प्रणाली में चुंबकीय क्रम की संभावित स्थितियां दिखाई गई हैं। निचली पंक्ति में वर्गाकार जालक में एक विकर्ण जोड़ने से होने वाला परिवर्तन दर्शाया गया है।

इलेक्ट्रॉनों में स्पिन नामक एक अंतर्निहित गुण होता है, जिसकी दिशा ऊपर या नीचे हो सकती है। रिक्त स्थान (होल) एक स्थान से दूसरे स्थान तक जा सकता है। इस होल की गति इलेक्ट्रॉनों के स्पिन की व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है। इससे वह स्थिति उत्पन्न होती है, जिसे वैज्ञानिक 'गतिज चुंबकत्व' (काइनेटिक मैग्नेटिज्म) कहते हैं। पारंपरिक चुंबकत्व जहां स्पिन के बीच प्रत्यक्ष पारस्परिक क्रिया से उत्पन्न होता है, वहीं गतिज चुंबकत्व कणों की क्वांटम गति (गतिज ऊर्जा) के कारण उत्पन्न होता है। गतिज चुंबकत्व क्वांटम यांत्रिकी का एक वास्तविक प्रभाव है, जिसका क्लासिकल भौतिकी में कोई समकक्ष नहीं है।

यदि सभी स्पिन एक ही दिशा में हों, तो इसे लौहचुंबकीय क्रम (फेरोमैग्नेटिक ऑर्डर) कहा जाता है। वहीं, यदि आसन्न स्पिन विपरीत दिशाओं में हों, तो इसे प्रतिलौहचुंबकीय क्रम (एंटीफेरोमैग्नेटिक ऑर्डर) कहते हैं। पहले किए गए अध्ययनों में यह प्रदर्शित किया जा चुका है कि एक होल वाले स्क्वायर लैटिस में सबसे कम ऊर्जा वाली अवस्था लौहचुंबकीय होती है।

रेवती और दत्ता ने प्रदर्शित किया कि नेटवर्क की कनेक्टिविटी में बदलाव करके चुंबकीय क्रम को बदला जा सकता है। उदाहरण के लिए, स्क्वायर लैटिस में एक विकर्ण जोड़ने से उससे जुड़े दो इलेक्ट्रॉनों के स्पिन विपरीत दिशा में हो जाते हैं। इससे स्पिन का एक ऐसा युग्म बनता है, जिसमें दोनों स्पिन क्वांटम यांत्रिकी के अनुसार विपरीत दिशा में संरेखित होते हैं। इसे 'सिंगलेट' कहा जाता है। शेष स्थानों पर लौहचुंबकीय क्रम बना रहता है और होल पूरे नेटवर्क में गति करता रहता है।

रेवती ने कहा, "यह आश्चर्यजनक है कि मैं लगभग निश्चित रूप से यह अनुमान लगा सकती हूं कि जहां भी मैं एक विकर्ण जोड़ूंगी, वहां मुझे सिंगलेट प्राप्त होंगे।" विकर्ण जोड़कर और स्थानीय स्तर पर कनेक्टिविटी में बदलाव करके शोधकर्ता समग्र चुंबकीय क्रम को नियंत्रित करने में सक्षम हुए। ये निष्कर्ष दर्शाते हैं कि केवल ज्यामितीय संरचना के माध्यम से भी सामूहिक क्वांटम क्रम को नया आकार दिया जा सकता है।

चित्र 2: अनेक कणों वाली क्वांटम प्रणाली में समग्र चुंबकीय क्रम को न केवल निर्धारित किया जा सकता है, बल्कि उसे इच्छानुसार तैयार भी किया जा सकता है।

दत्ता ने कहा, "यह परिणाम सहज रूप से स्पष्ट नहीं है, क्योंकि यदि आपके पास कोई क्लासिकल प्रणाली होती, तो ज्यामिति में इसी तरह के बदलावों से चुंबकीय क्रम पर वास्तव में कोई खास प्रभाव नहीं पड़ता।"

इस समस्या से जुड़ी गणनात्मक जटिलता के कारण भौतिक विज्ञानी दशकों तक इस पर काम नहीं कर सके। 20 स्थानों वाले स्क्वायर लैटिस में लगभग 20 लाख संभावित विन्यास होते हैं। रेवती और दत्ता ने इन सूक्ष्म पैटर्नों और उनके पीछे के भौतिक कारणों का पता लगाने के लिए उन्नत संख्यात्मक और विश्लेषणात्मक विधियों का संयुक्त उपयोग किया।

फिजिकल रिव्यू बी पत्रिका में प्रकाशित यह शोध ऐसे समय में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जब प्रयोगात्मक क्षेत्र में हुई प्रगति के कारण शोधकर्ता इस जटिल सैद्धांतिक अवधारणा को वास्तविक रूप में देख पाने के करीब पहुंच रहे हैं।

हालांकि, यह अध्ययन सैद्धांतिक है, लेकिन यह परस्पर क्रिया करने वाले कणों की क्वांटम अवस्थाओं को नियंत्रित करने के नए रास्ते खोलता है। इसका उपयोग क्वांटम उपकरणों में किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, हमारे सामान्य हार्ड ड्राइव सूचना के भंडारण के लिए चुंबकीय पैटर्न का उपयोग करते हैं, लेकिन इनमें सूचना केवल क्लासिकल बिट्स के रूप में संग्रहीत होती है। इन नेटवर्क में बनने वाले सिंगलेट उलझी हुई क्वांटम अवस्थाएं हैं और इनका उपयोग क्वांटम सूचना के भंडारण के लिए किया जा सकता है।

शोध प्रकाशन लिंक: https://doi.org/10.1103/stj9-srp1

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2339092) आगंतुक पटल : 20
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu