राष्ट्रपति सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत की राष्‍ट्रपति श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोहों के समापन कार्यक्रम में शामिल हुईं


भारत के पास विश्‍व में युवा प्रतिभाओं का सर्वश्रेष्‍ठ पूल है, जो एसआरसीसी जैसे महाविद्यालयों से परिलक्षित होता है: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु

प्रविष्टि तिथि: 18 NOV 2026 6:40PM by PIB Delhi

भारत की राष्‍ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज, 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोहों के समापन कार्यक्रम में शामिल हुईं।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि देश के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों को विश्वस्तरीय संस्थानों के रूप में विकसित होना चाहिए। इससे न केवल भारत को ग्लोबल नॉलेज सुपरपावर बनाने के राष्ट्रीय विजन को साकार करने में मदद मिलेगी, बल्कि उच्च शिक्षा के लिए देश और विदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी इन संस्थानों की ओर आकर्षित होंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/AS1_1232_20261118184233_56bc99.JPG

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान भारत विश्व की सबसे तेजी से विकास करने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है। देश में बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, डिजिटल दुनिया में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं, और वित्तीय समावेशन और सामाजिक विकास को हासिल किया गया है। स्टार्टअप के लिए अनुकूल इकोसिस्टम तैयार हुआ है और 'व्‍यापारिक सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस)' को उच्‍च प्राथमिकता दी गई है। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से प्रभावी कल्याणकारी उपाय लागू किए गए हैं कि कोई भी लक्षित लाभार्थी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ देशवासी अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। अनिश्चितताओं और संघर्षों से घिरे वैश्विक माहौल की तमाम चुनौतियों के बावजूद ये उपलब्‍धियां हासिल हुई हैं। इस कॉलेज के विद्यार्थी सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें भारतीय अर्थव्यवस्था की इस मजबूती और सफलता को देखने तथा उससे सीखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे इस सीख का इस्तेमाल हमारी विकास यात्रा को और तेज करने के लिए करेंगे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/A3S_6247_20261118184244_6ca710.JPG

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत नई ऊर्जा और नई दृष्टि के साथ वैश्विक मंच पर अपनी आर्थिक भूमिका का विस्तार कर रहा है। हमारे युवा ही हमारे महत्वाकांक्षी प्रयासों को आगे बढ़ाएंगे लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे पास विश्‍व में युवा प्रतिभाओं का सर्वश्रेष्‍ठ पूल है, जो एसआरसीसी जैसे महाविद्यालयों से परिलक्षित होता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/AS1_1216_20261118184256_f9db82.JPG

राष्ट्रपति ने कहा कि ‘भारत का, भारत द्वारा और भारत के लिए’ वह दृष्टिकोण है, जिसके आधार पर हमारे युवाओं को अपनी आकांक्षाओं और भूमिकाओं को परिभाषित करना चाहिए। इस संदर्भ में ‘भारत द्वारा’ का तात्पर्य यह है कि समाज और संस्थाओं ने विद्यार्थियों की क्षमताओं के विकास में योगदान दिया है। इसलिए, समाज और देश के प्रति उनका विशेष दायित्व है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/HNM_3052_20261118184307_d2278f.JPG

राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के विद्यार्थी परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर रहे हैं और शीर्ष स्थान हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से यह उम्मीद की जा सकती है कि वे इसका उदाहरण प्रस्तुत करेंगे कि कैसे धन-सृजन से राष्ट्र-निर्माण होता है; वे स्वयं तो अच्‍छा करें ही, साथ ही विशेष रूप से वंचित वर्गों के लिए भी अवसरों का सृजन करें; भारतीय जीवन-मूल्यों से जुड़े रहते हुए विश्वस्तरीय उत्कृष्टता प्राप्त करें; अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का उपयोग संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ करें; तथा समानुभूति, नैतिकता और सदाचार के साथ पेशेवर उत्कृष्टता की ओर बढ़ें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एसआरसीसी परिवार के सदस्य वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के निर्माण तथा उसके बाद भी देश की गौरवशाली विकास यात्रा में निरंतर योगदान देते रहेंगे।

राष्ट्रपति का भाषण देखने के लिए कृपया यहां क्लिक करें-

***

MJPS/SS/PRK


(रिलीज़ आईडी: 2338084) आगंतुक पटल : 72
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati