प्रविष्टि तिथि:
17 NOV 2026 8:22PM by PIB Delhi
जनजातीय कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासनों के साथ मिलकर 15 नवंबर, 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया। इस अवसर के साथ ही 1 से 15 नवंबर, 2026 तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन हुआ। इस दौरान देशभर के जनजातीय क्षेत्रों में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, कल्याणकारी और जनसंपर्क से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित समारोहों की शुरुआत नई दिल्ली से हुई। रविवार को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल, संसद सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए।
झारखंड स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में भी उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। उनकी 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर झारखंड के खूंटी जिले में स्थित उनकी जन्मस्थली उलिहातू से राष्ट्रीय जनजातीय गौरव मार्च को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।


मुख्य राष्ट्रीय समारोह महाराष्ट्र के गढ़चिरौली स्थित जिला खेल परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र के माननीय राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा ने की। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे और श्रीमती सुनेत्रा पवार, जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
माननीय प्रधानमंत्री की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इससे पहले, दिन में महाराष्ट्र सरकार ने 22 आश्रम विद्यालयों और 51 छात्रावासों का उद्घाटन किया।
माननीय प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों में लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उद्घाटन की गई परियोजनाओं में 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, पीएम-जनमन के तहत 100 बहुउद्देशीय केंद्र, अरुणाचल प्रदेश में जनजातीय अनुसंधान संस्थान का नया भवन और मिजोरम के केल्सिह में रानी रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय सहित कई अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, 19 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों, आश्रम विद्यालयों तथा पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।

सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों का ‘जोहार’ कहकर अभिवादन किया और भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ गढ़चिरौली से जुड़े जनजातीय वीरों राघोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव शेडमाके को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर, 2021 को पहली बार मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस आज एक राष्ट्रीय पर्व बन गया है। आज भारत अपनी विरासत, इतिहास और नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। औपनिवेशिक शासन के खिलाफ जनजातीय समुदायों के संघर्षों का स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने खासी पहाड़ियों के तिरोत सिंग, सिद्धो-कान्हू के नेतृत्व में हुए संथाल विद्रोह, मानगढ़ में गोविंद गुरु के अनुयायियों, रानी गाइदिन्ल्यू, तांत्या भील, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान आज भी करोड़ों भारतीयों को प्रेरित करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन जनजातीय समुदायों से गहराई से जुड़ी दो बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धियों का भी साक्षी है। विश्व बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12–13 वर्षों में लगभग 50 करोड़ नागरिक अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं और देश नक्सलवाद तथा माओवादी आतंक से मुक्त हो गया है। उन्होंने बताया कि पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है, ताकि जिन परिवारों तक आजादी के बाद सबसे अंत में सरकारी सुविधाएं पहुंचीं, उन्हें अब सबसे पहले ये सुविधाएं मिल सकें। प्रधानमंत्री ने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समुदाय की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु विराजमान हैं। उन्होंने नागरिकों से भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेकर विकसित भारत 2047 के निर्माण की दिशा में काम करने और हर वर्ष जनजातीय गौरव दिवस को पहले से अधिक उत्साह और व्यापक स्तर पर मनाने का आह्वान किया।


राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों और मंत्रियों के नेतृत्व में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। अरुणाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री पेमा खांडू ने ईटानगर के लोबी में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के नए भवन के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। वहीं, मिजोरम में मुख्यमंत्री श्री लालदुहोमा ने रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का नेतृत्व किया। गोवा में मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कानाकोना में आयोजित आदिवासी कला समागम में भाग लिया, जिसमें लगभग 15,000 लोग शामिल हुए। ओडिशा में मुख्यमंत्री श्री मोहन माझी ने मलकानगिरी में आयोजित विशाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। गुजरात में मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने छोटा उदेपुर में आयोजित समारोह का नेतृत्व किया, जिसमें लगभग 25,000 लोगों ने भाग लिया। वहीं, उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी ने वलसाड में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। राज्यभर में कुल 86 कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा के साथ देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व किया। जम्मू-कश्मीर के मेंढर में आयोजित स्मृति समारोह में मुख्यमंत्री श्री उमर अब्दुल्ला शामिल हुए। राजस्थान में मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग के कार्यालयों, आश्रम छात्रावासों और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रमों में भाग लिया। मणिपुर के मुख्यमंत्री ने इम्फाल में राज्यस्तरीय जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ट्राइबल फ्रेम्स नेशनल ट्राइबल फिल्म फेस्टिवल (राष्ट्रीय जनजातीय फिल्म महोत्सव) के दूसरे संस्करण का समापन भी हुआ।
त्रिपुरा के माननीय राज्यपाल ने अगरतला स्थित त्रिपुरा राज्य जनजातीय संस्कृति अकादमी में आयोजित सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया। असम में गुवाहाटी के शिल्पग्राम में आयोजित समारोह के दौरान जनजातीय समुदायों के पांच प्रतिभाशाली व्यक्तियों को जनजातीय गौरव पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही जनजातीय होमस्टे के लाभार्थियों को अनुदान वितरित किए गए और जनजातीय भूमि अधिकारों तथा वन अधिकार अधिनियम, 2006 पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। कर्नाटक में राज्यस्तरीय कार्यक्रम मैसूर स्थित कर्नाटक राज्य मुक्त विश्वविद्यालय में राज्य के अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री की उपस्थिति में आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर राज्य के समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण ने कन्नौज में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। सिक्किम में राज्य मंत्री श्री समदुप लेपचा ने राज्य की जनजातीय विरासत को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में ओंगे, ग्रेट अंडमानी और निकोबारी समुदायों के सदस्यों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सीधा प्रसारित होते हुए देखा और उन्हें आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। लद्दाख में यूनिवर्सिटी ऑफ लद्दाख के कारगिल परिसर में बिरसा वन का उद्घाटन किया गया। झारखंड, केरल, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों में भी पुष्पांजलि कार्यक्रमों, पुरस्कार समारोहों, संगोष्ठियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


पखवाड़े के दौरान, राज्य जनजातीय अनुसंधान संस्थानों, जनजातीय कल्याण विभागों और जिला प्रशासनों द्वारा 34 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 25,000 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 60 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक उत्सव, प्रदर्शनियां, स्कूलों, कॉलेजों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) और छात्रावासों में प्रतियोगिताएं, छात्रवृत्ति एवं आधार शिविर, प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के बहुउद्देशीय केंद्रों में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर, वन अधिकारों पर कानूनी जागरूकता शिविर तथा धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत सामुदायिक सेवा गतिविधियां शामिल थीं। जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में सबसे अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और सर्वाधिक लोगों ने इनमें भाग लिया।
जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और जनजातीय समुदायों के राष्ट्र के प्रति योगदान को सम्मान देने के लिए वर्ष 2021 में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया था। वर्ष 2024–25 में मनाए गए जनजातीय गौरव वर्ष की इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, इस वर्ष के आयोजन भी जनजातीय विरासत, उपलब्धियों और विकास को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण रहे। जनजातीय गौरव वर्ष 2024–25 भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित था, जिसके दौरान 2 लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और 3.7 करोड़ से अधिक लोगों ने भाग लिया।
***********
पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए