प्रविष्टि तिथि:
13 NOV 2026 4:13PM by PIB Delhi
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सम्मानजनक, सुलभ और भरोसेमंद देखभाल सुनिश्चित करने तथा वृद्धजन देखभाल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इस उद्देश्य से मंत्रालय का सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ‘शतायु’ (वरिष्ठ नागरिकों के लिए समग्र देखभाल सहायता एवं प्रशिक्षण) नामक डिजिटल पहल संचालित कर रहा है।
22 मई, 2026 को ‘सुव्यवस्थित देखभाल अर्थव्यवस्था का निर्माण’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला के दौरान शुरू की गई शतायु पहल को एक केंद्रीकृत राष्ट्रीय वृद्धजन देखभालकर्ता डैशबोर्ड एवं निर्देशिका के रूप में विकसित किया गया है। इस डिजिटल मंच का उद्देश्य पेशेवर रूप से प्रशिक्षित वृद्धजन देखभालकर्ताओं और विशेष देखभाल सेवाओं की आवश्यकता वाले वरिष्ठ नागरिकों, उनके परिवारों तथा संस्थानों के बीच की दूरी को कम करना है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारत में बुजुर्गों की आबादी में निरंतर वृद्धि के साथ ही सुव्यवस्थित, कुशल और सुलभ वृद्धजन देखभाल कार्यबल की आवश्यकता भी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शतायु पहल एक साझा डिजिटल मंच के माध्यम से प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं, परिवारों और संस्थानों को एक साथ जोड़कर इस आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल देखभाल सेवाओं के लिए प्रशिक्षित पेशेवरों तक पहुंच सुगम बनाने के साथ-साथ कुशल व्यक्तियों के लिए रोजगार के सुव्यवस्थित अवसर भी उपलब्ध कराती है। इसके माध्यम से भारत की देखभाल अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिक समावेशी, सुलभ और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता प्रणाली विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि शतायु पोर्टल की राष्ट्रीय निर्देशिका में वर्तमान में 30,151 देखभालकर्ताओं का विवरण उपलब्ध है। इसके माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कार्यरत देखभाल पेशेवरों का एक डिजिटल डेटाबेस तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्देशिका के माध्यम से व्यक्ति और परिवार अपने भौगोलिक क्षेत्र के आधार पर, जिसमें राज्य/केंद्र शासित प्रदेश और जिला शामिल हैं, देखभालकर्ताओं की खोज कर सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध देखभाल सेवाओं की पहचान करना सरल हो जाता है।
अधिकारी ने बताया कि पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए शतायु पोर्टल में ओटीपी आधारित कॉलबैक अनुरोध सत्यापन, देखभालकर्ताओं की प्रोफाइल देखने, पंजीकरण की स्थिति पर नजर रखने तथा फीडबैक और रेटिंग जैसी डिजिटल सुविधाएं शामिल की गई हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से देखभालकर्ताओं और सेवाओं की खोज करने वाले लोगों के बीच संवाद सरल होता है। साथ ही, उपयोगकर्ताओं को देखभाल सेवाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलता है।
उन्होंने कहा कि शतायु प्रशिक्षित वृद्धजन देखभालकर्ताओं से नागरिकों को सीधे जोड़ने वाला डिजिटल मंच उपलब्ध कराता है। इसकी देखभालकर्ता निर्देशिका के माध्यम से व्यक्ति और परिवार देखभालकर्ताओं की प्रोफाइल देख सकते हैं तथा अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त पेशेवरों की पहचान कर सकते हैं।
अधिकारी ने बताया कि देखभालकर्ता की सेवाएं प्राप्त करने के इच्छुक लोगों की सहायता के लिए इस मंच पर सुविधाजनक ‘रिक्वेस्ट अनुरोध’ सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से उपयोगकर्ता अपनी पसंद का राज्य/केंद्र शासित प्रदेश और जिला चुन सकते हैं, आवश्यक देखभाल का प्रकार बता सकते हैं तथा ओटीपी आधारित सत्यापन प्रक्रिया के जरिए अपना संपर्क विवरण दर्ज कर सकते हैं।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद संबंधित अनुरोध चयनित जिले के देखभालकर्ताओं को उपलब्ध करा दिया जाता है, जिससे देखभाल सेवाओं की तलाश करने वाले लोगों और देखभाल पेशेवरों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना आसान हो जाता है।
उन्होंने बताया कि यह सुविधा पूर्णकालिक और प्रति घंटे, दोनों प्रकार की देखभाल संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करती है। इसके अलावा, देखभालकर्ता निर्देशिका में खोज करने और कॉलबैक अनुरोध दर्ज करने की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।
शतायु पोर्टल निम्नलिखित लिंक के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है: https://shatayu.dosje.gov.in/

अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल संबंधी आवश्यकताएं उनकी स्वास्थ्य स्थिति और व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुसार अलग-अलग होती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए, यह प्लेटफॉर्म विशेष देखभाल सेवाओं तक पहुंच को सुगम बनाता है।
उन्होंने बताया कि इन सेवाओं में सामान्य वृद्धावस्था देखभाल, शल्य चिकित्सा के बाद की देखभाल, डिमेंशिया एवं अल्जाइमर रोग से पीड़ित व्यक्तियों की देखभाल, फिजियोथेरेपी एवं चलने-फिरने में सहायता, उपशामक देखभाल तथा बुजुर्गों की देखभाल से जुड़ी अन्य आवश्यकताएं शामिल हैं।
अधिकारी ने कहा कि इस एकीकृत व्यवस्था के माध्यम से परिवार अपने बुजुर्ग सदस्यों के लिए उपयुक्त देखभाल सेवाओं का चयन कर सकते हैं। इसमें दैनिक गतिविधियों में सहायता, पुनर्वास तथा विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेवाएं भी शामिल हैं।
अधिकारी ने आगे बताया कि बुजुर्गों की देखभाल संबंधी सेवाओं तक पहुंच सुगम बनाने के साथ-साथ, शतायु का उद्देश्य प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं को पहचान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर वृद्धजन देखभाल के क्षेत्र में कुशल पेशेवर कार्यबल को भी सशक्त बनाना है।
मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म पात्र पेशेवरों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पते का विवरण, पाठ्यक्रम संबंधी योग्यताएं और प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र जमा करके अपना पंजीकरण कराने की सुविधा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आवेदक डैशबोर्ड के माध्यम से अपने पंजीकरण की स्थिति भी देख सकते हैं। आवेदनों की जांच और स्वीकृति के बाद पात्र देखभालकर्ताओं का विवरण प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध किया जाता है, जिससे संभावित नियोक्ताओं और परिवारों को उनसे सीधे संपर्क करने में सुविधा होती है।
अधिकारी ने बताया कि इस पहल के तहत पेशेवर प्रशिक्षण की चार व्यापक श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें वृद्धजन देखभाल प्रदाता, वृद्धजन देखभालकर्ता (संस्थागत एवं घरेलू देखभाल), वेलनेस थेरेपिस्ट (वरिष्ठ नागरिक) और वृद्धजन देखभाल सहयोगी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बुजुर्गों की समग्र देखभाल, शारीरिक स्वास्थ्य की निगरानी, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, बिस्तर पर ही चलने-फिरने में सहायता, दैनिक जीवन की गतिविधियों में सहयोग, उपचारात्मक पुनर्वास, संज्ञानात्मक गतिविधियों में सहभागिता, भावनात्मक सहयोग और सामाजिक समावेशन सहित विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाता है।
मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि इस प्रशिक्षण ढांचे को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय कौशल विकास निगम का सहयोग प्राप्त है।
शतायु के माध्यम से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, कल्याण, आत्मनिर्भरता और गुणवत्तापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा रहा है। साथ ही, यह पहल वृद्धजन देखभाल के क्षेत्र में कुशल एवं पेशेवर रूप से मान्यता प्राप्त कार्यबल के विकास को भी प्रोत्साहित कर रही है।
***
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/ओपी