प्रविष्टि तिथि:
12 NOV 2026 4:04PM by PIB Delhi
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने इटली की अपनी आधिकारिक यात्रा की शुरुआत कर दी है। इस यात्रा का उद्देश्य मई 2026 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की इटली यात्रा के दौरान तय की गई विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना है। इसमें विशेष रूप से विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने पर बल दिया जा रहा है।
वैज्ञानिक समुदाय के प्रतिनिधियों और भारतीय दूतावास के अधिकारियों के साथ शुरुआती बातचीत में दोनों देशों के पारंपरिक संबंधों को दोहराया गया। साथ ही द्विपक्षीय वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकीय सहयोग को और मजबूत करने के महत्व पर बल दिया गया।
डॉ. जितेंद्र सिंह की यह यात्रा 11 से 15 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इस दौरान कई उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकें और संस्थागत संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य भारत और इटली के बीच वैज्ञानिक सहयोग को नई गति प्रदान करना है।
भारत-इटली विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संवाद 2026 के तहत डॉ. जितेंद्र सिंह 12 नवंबर को इटली के विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान मंत्री के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा, वह इटली की विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान मंत्री अन्ना मारिया बर्निनी के साथ दूसरे विज्ञान एवं नवाचार संवाद में भी हिस्सा लेंगे। यह संवाद दोनों देशों के बीच विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
13 नवंबर को भारतीय प्रतिनिधिमंडल ट्रिएस्टे स्थित प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों का दौरा करेगा। इनमें इलेक्ट्रा सिंक्रोट्रॉन फैसिलिटी, आईसीटीपी, आईसीजीईबी शामिल हैं। इन संस्थानों का दौरा करने का उद्देश्य भारतीय प्रतिनिधिमंडल को वहां उपलब्ध वैज्ञानिक एवं अनुसंधान सुविधाओं से परिचित कराना तथा संस्थागत स्तर पर आपसी संपर्क और सहयोग की संभावनाओं का पता लगाना है।
डॉ. जितेंद्र सिंह के कार्यक्रम में 14 नवंबर को रोम स्थित भारतीय दूतावास में विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेना भी शामिल है। इसके बाद वह इटली में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ संवाद करेंगे।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में सुश्री वाणी राव, इटली में भारत की राजदूत; श्री गौरव गांधी, उप मिशन प्रमुख, भारतीय दूतावास; डॉ. प्रवीणकुमार सोमसुंदरम, प्रमुख (प्रभारी), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग; डॉ. धनंजय तिवारी, ग्लोबल इनोवेशंस (साइंटिफिक डिसीजन यूनिट), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग; श्री राजीव कुमार चौधरी, मंत्री के निजी सहायक; सुश्री लक्ष्मी स्वामीनाथन, प्रथम सचिव, भारतीय दूतावास; श्री अनुज जैन, सहायक अनुभाग अधिकारी, भारतीय दूतावास; सुश्री सिल्विया बुफा, स्थानीय कर्मचारी, भारतीय दूतावास शामिल हैं।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में देश के प्रमुख अनुसंधान संस्थानों, शैक्षणिक केंद्रों और नवाचार से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधि हैं। इनमें प्रमुख रूप से - डॉ. आर. विजय, निदेशक, इंटरनेशनल एडवांस्ड रिसर्च सेंटर फॉर पाउडर मेटलर्जी एंड न्यू मैटेरियल्स, हैदराबाद; प्रो. संजय बेहारी, निदेशक, श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी, तिरुवनंतपुरम; प्रो. वेणु गोपाल अचंता, निदेशक, राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला, नई दिल्ली; प्रो. विभा टंडन, निदेशक, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल बायोलॉजी, कोलकाता शामिल हैं। भारत के नवाचार और प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख सदस्य हैं: प्रो. कस्तूरी साहा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, क्यूमेट टेक फाउंडेशन, बॉम्बे; डॉ. आशुतोष अग्निहोत्री, मुख्य कार्यकारी अधिकारी; इन्क्यूबेटर एवं टेक्नोपार्क, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर और डॉ. सत्य दाश, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आईकेपी नॉलेज पार्क, हैदराबाद।
सरकार, अनुसंधान संस्थानों, शैक्षणिक केंद्रों और प्रौद्योगिकी इनक्यूबेटरों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि इटली के साथ भारत का वैज्ञानिक जुड़ाव व्यापक संस्थागत आधार पर आगे बढ़ रहा है।





***
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/वाईबी