रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

8वां भारत-म्यांमार नौसैनिक अभ्यास (इमनेक्स-26) विशाखापत्तनम में शुरू हुआ

प्रविष्टि तिथि: 11 NOV 2026 7:52PM by PIB Delhi

8वां भारत-म्यांमार नौसैनिक अभ्यास (इमनेक्स-26) 10 से 14 नवंबर 2026 तक विशाखापत्तनम में आयोजित किया जा रहा है। म्यांमार नौसेना का जहाज 'यूएमएस किंग सिन फ्यु शिन, आईएनएस राणा और आईएनएस सुमेधा के साथ इस अभ्यास में भाग लेने के लिए 10 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम पहुंचा। 10 नवंबर 2026 को आईएनएस राणा पर उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसके साथ ही इस द्विपक्षीय अभ्यास की शुरुआत हुई।

इमनेक्स दोनों पड़ोसी देशों के बीच समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है। यह अभ्यास दोनों नौसेनाओं को अपनी पेशेवर विशेषज्ञता साझा करने, आपसी समझ बढ़ाने और बेहतर परिचालन तालमेल विकसित करने का अवसर प्रदान करता है।

बंदरगाह चरण में पेशेवर बातचीत, विषय विशेषज्ञों का आदान-प्रदान (एसएमईई), एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, खेलकूद गतिविधियां और परिचालन संबंधी विषयों पर चर्चा शामिल हैं। इसके बाद आने वाले 'समुद्री चरण' में समन्वित समुद्री अभियान, रणनीतिक युक्तियाँ और ऐसी गतिविधियां शामिल होंगी, जिनका उद्देश्य भाग लेने वाली इकाइयों के बीच आपसी तालमेल को बढ़ाना है।

इमनेक्स-26 भारत और म्यांमार के बीच गहरी दोस्ती और समुद्री साझेदारी को रेखांकित करता है। यह अभ्यास भारत के 'महासागर' (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) विजन के अनुरूप है और समुद्री सहयोग तथा एक सुरक्षित और स्थिर क्षेत्रीय वातावरण के प्रति दोनों नौसेनाओं की साझा प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है।

 

 

पीके / केसी / आरटी / जेके/   डीके                     


(रिलीज़ आईडी: 2335233) आगंतुक पटल : 31
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu