प्रविष्टि तिथि:
11 NOV 2026 8:52PM by PIB Delhi
भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज, 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि किसी एक संस्था के अकेले के प्रयासों से स्वच्छता के लक्ष्यों को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। इसके लिए हर नागरिक, हर घर, हर समुदाय और हर शहर की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वच्छता केवल सार्वजनिक स्थानों की सुंदर स्थिति का प्रश्न नहीं है। यह हमारे स्वास्थ्य, सामाजिक संवेदनशीलता और प्रशासनिक उत्तरदायित्व का भी परिचायक है। यह हमारे घरेलू व्यवहार एवं आदतों का भी द्योतक होता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हर नागरिक को, विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और सामुदायिक संगठनों को, स्वच्छता से जुड़े विभिन्न पहलुओं से जुड़ना चाहिए। उन्हें अपने अनुभवों के साथ ही उन कमियों को भी रिपोर्ट करना चाहिए जिनके समाधान हमारे शहरों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में मदद कर सकते हैं। इससे नगर प्रशासन और नागरिकों के बीच निरंतर संवाद को बढ़ावा मिलेगा और आपसी विश्वास, पारदर्शिता तथा जवाबदेही मजबूत होगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि अपने आस-पास के इलाकों की स्वच्छता को परखने के लिए नागरिक ही सबसे बेहतर निर्णायक होते हैं। इसलिए, नागरिकों के फीडबैक का उपयोग केवल किसी सर्वेक्षण या रैंकिंग तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके बजाय, इस फीडबैक का उपयोग नगरपालिका सेवाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय चुनौतियों का समाधान करने के एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में किया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में प्रभावी, किफायती और सुरक्षित तकनीकें विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि कई आईआईटी और अन्य वैज्ञानिक शोध संगठनों के साथ विभिन्न संस्थान इस दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

राष्ट्रपति ने इस बात का उल्लेख किया कि स्वच्छता के क्षेत्र में अनेक स्टार्टअप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के उद्यम स्वच्छता से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं, और साथ ही रोजगार के अवसर भी उत्पन्न कर सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों की क्षमताएं बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है क्योंकि ये ही वे शहर हैं जो सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं। इनकी आवश्यकताएं और चुनौतियां अलग-अलग हैं। इनका विकास एक ऐसे राष्ट्रीय ढांचे के भीतर होना चाहिए, जो इनकी विशिष्ट समस्याओं और चुनौतियों का समाधान कर सके। उन्होंने कहा कि टियर-2 शहरों के नियोजक, टियर-1 शहरों की वर्तमान समस्याओं से सीख सकते हैं और ऐसा करने के लिए, उन्हें टियर-1 शहरों के नियोजकों के अनुभवों का अध्ययन करना चाहिए।
केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित 'स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार', भारत के सबसे स्वच्छ शहरों को सम्मानित करते हैं और 'स्वच्छ भारत मिशन-शहरी' में उनके उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देते हैं।
राष्ट्रपति जी का हिंदी में भाषण देखने के लिए यहाँ क्लिक करें।
***
MJPS/SS/PRK