कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा कल राष्ट्रीय स्तर पर ‘महिला किसान दिवस 2026’ मनाया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 14 OCT 2026 7:41PM by PIB Delhi

भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (डीए एंड एफडब्ल्यू) 15 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. बी. आर. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में ‘महिला किसान दिवस 2026’ का राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय कृषि में महिला किसानों के उल्लेखनीय योगदानों को मान्यता व सम्मान देने के साथ-साथ कृषि विकास को आगे बढ़ाने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित करना है। यह दिवस 2007 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा शुरू किए गए 'अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस' के साथ भी मेल खाता है। यह दिवस कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं के योगदानों पर प्रकाश डालता है।

महिलाएं भारत की कृषि प्रणाली का एक अभिन्न अंग हैं। बुआई, रोपाई एवं कटाई से लेकर पशुधन प्रबंधन, बीज संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और मूल्य संवर्धन तक, महिलाएं कृषि मूल्य श्रृंखला में उल्लेखनीय योगदान देती हैं। उनका पारंपरिक ज्ञान, जैव विविधता के संरक्षण में उनकी भूमिका, उद्यमशीलता संबंधी पहल और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाना, ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने और कृषिगत सुदृढ़ता को बढ़ाने की दृष्टि से बेहद अहम है। एमओएसपीआई के एनएसओ द्वारा कराए गए ‘आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण’ (पीएलएफएस) के अनुसार, जनवरी-दिसंबर 2025 के दौरान कृषि गतिविधियों में संलग्न कुल श्रमशक्ति में महिलाओं की हिस्सेदारी 59.8 प्रतिशत थी।

संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2026 को ‘अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष' (आईवाईडब्ल्यूएफ 2026) घोषित किया है। यह कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिला किसानों के योगदान को मान्यता देने और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच प्रदान करता है। इसके जरिए कृषि क्षेत्र में महिलाओं के लिए अवसर बढ़ाने और संसाधनों, तकनीक तथा संस्थागत सहयोग तक उनकी पहुंच को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।

‘महिला किसान दिवस 2026’ की थीम है – “उन्नत कृषि और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में महिला किसानों की भूमिका।” यह थीम ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका को रेखांकित करती है। इसमें आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाना, फसलों में विविधता लाना, पशुधन प्रबंधन, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और कृषि-आधारित उद्यमों का विकास शामिल है। महिला किसान कृषि को अधिक उत्पादक, टिकाऊ और आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रही हैं।

इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों एवं केन्द्र-शासित प्रदेशों की उत्कृष्ट महिला किसानों के साथ-साथ महिला कृषि अधिकारी, कृषि विस्तार कर्मी, और डीए एंड एफडब्ल्यू के अधिकारी व पदाधिकारी एक साथ आएंगे। यह कार्यक्रम उनकी उपलब्धियों को मान्यता देने तथा उनके अनुभवों एवं सफल तौर-तरीकों को साझा करने का अवसर प्रदान करेगा और कृषि क्षेत्र में महिलाओं की अधिक भागीदारी एवं नेतृत्व को बढ़ावा देगा।

इस वर्ष विभिन्न राज्यों/केन्द्र-शासित प्रदेशों, एक्सटेंशन एजुकेशन इंस्टीट्यूट (ईईआई), एसएएमईटीआई और एमएएनएजीई में ‘महिला किसान’ कार्यक्रम मनाया जा रहा है। प्रत्येक स्थान पर निर्वाचित प्रतिनिधियों, अधिकारियों, वैज्ञानिकों, विस्तार कार्यकर्ताओं (एक्सटेंशन वर्कर्स) और अन्य हितधारकों के साथ-साथ 50-100 महिला किसान भी हिस्सा ले रही हैं। इसमें जनजातीय क्षेत्रों की महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

महिला कृषि अधिकारी एवं विस्तार कार्यकर्ता, कृषि अनुसंधान को किसान समुदायों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वैज्ञानिक खेती के तरीकों का प्रसार करके, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर और सरकारी योजनाओं के बारे में प्रशिक्षण एवं जागरूकता पैदा करके, वे किसानों तक जानकारी पहुंचाने और खेती के तरीकों को बेहतर बनाने में मदद करती हैं।

‘महिला किसान दिवस 2026’ का आयोजन, कृषि क्षेत्र में प्रगति और ग्रामीण इलाकों में समृद्धि हासिल करने की प्रक्रिया में महिला सशक्तिकरण के महत्व को फिर से रेखांकित करता है। महिला किसानों को मान्यता देना, उनके लिए समान अवसर सुनिश्चित करना और आधुनिक तकनीक एवं आवश्यक संसाधनों तक उनकी पहुंच को मजबूत बनाना, एक विकसित कृषि व्यवस्था और ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

******

पीके/केसी/आरटी/आर


(रिलीज़ आईडी: 2334516) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali