प्रविष्टि तिथि:
06 NOV 2026 2:54PM by PIB Delhi
इस राष्ट्रीय अभियान के प्रति असाधारण संस्थागत प्रतिबद्धता का प्रदर्शन करते हुए, वित्त सेवा विभाग ने अपने प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत आने वाले सभी चिह्नित एवं व्यवहार्य भवनों में शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है। कुल 4,144 भवनों में तकनीकी एवं संरचनात्मक व्यवहार्यता का आकलन किया गया। इस आकलन में छत तक पहुंचने के अधिकार, भवन का स्वामित्व, छाया की स्थिति तथा भार वहन करने की क्षमता जैसे मानकों को ध्यान में रखा गया। इसके बाद सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए 2,576 भवनों को व्यवहार्य पाया गया। वित्त सेवा विभाग के अधीन सभी संगठनों ने इन सभी 2,576 व्यवहार्य भवनों में रूफटॉप सोलर फोटोवोल्टिक (पीवी) संयंत्र सफलतापूर्वक स्थापित कर चालू कर दिए हैं। इसके परिणामस्वरूप कुल 61.50 मेगावाट की स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन क्षमता स्थापित की गई है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के मद्देनजर, वित्तीय सेवा विभाग को 05 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ‘पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार’ के अंतर्गत द्वितीय स्थान से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार “केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों द्वारा सर्वाधिक भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना” की श्रेणी में प्रदान किया गया।

यह पुरस्कार भारत के उपराष्ट्रपति द्वारा पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया गया। यह समारोह भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2026 (बीआरई समिट) के समापन सत्र में आयोजित किया गया था।
इस शिखर सम्मेलन का आयोजन नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा किया गया था। इसका आयोजन अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की 9वीं महासभा तथा हरित हाइड्रोजन पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के साथ किया गया।
‘पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाना, भारत के व्यापक नेट-जीरो (शुद्ध शून्य उत्सर्जन) लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में वित्तीय सेवा विभाग के निरंतर एवं दृढ़ योगदान को रेखांकित करता है। साथ ही, यह सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे के माध्यम से वित्तीय संस्थानों की सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका को भी सुदृढ़ करता है।
***
पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/ओपी