राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
azadi ka amrit mahotsav

एनएचआरसी के हस्तक्षेप से हैदराबाद के केंद्रीय कारागार में विविध लैंगिक पहचान और अभिव्यक्ति वाले लोगों के लिए लिंग-तटस्थ प्रकोष्ठ की स्थापना की गई


जेल अधिकारियों ने लिंग-तटस्थ प्रकोष्ठ में रखे गए लोगों के लिए उनके अनुकूल कपड़ों की भी अनुमति दी है

प्रविष्टि तिथि: 05 NOV 2026 11:41AM by PIB Delhi

हैदराबाद केंद्रीय कारागार प्राधिकारियों की ओर से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) को सूचित किया गया है कि उन्होंने विभिन्न लिंग पहचान और अभिव्यक्तियों वाले लोगों के लिए एक अलग लिंग-तटस्थ प्रकोष्ठ की स्थापना की है ताकि उनकी गरिमा और उचित जीवन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

यह उपाय 8 अक्टूबर 2026 को एनएचआरसी की विशेष निगरानी द्वारा जेल का दौरा करने के बाद उठाया गया, जिसे ट्रांसजेंडर लोगों और एलजीबीटीक्यू समुदाय के अधिकारों से संबंधित मामलों को सौंपा गया था। उनकी यात्रा के दौरान, ट्रांसजेंडर लोगों के हित को सुनिश्चित करने के लिए एनएचआरसी और गृह मंत्रालय की सलाह के कार्यान्वयन पर जोर दिया गया।

अपनी अनुपालन रिपोर्ट में, केंद्रीय कारागार, हैदराबाद के अधीक्षक ने आयोग को सूचित किया कि लिंग-तटस्थ प्रकोष्ठ स्थापित करने की सिफारिशों को लागू कर दिया गया है। इसके अलावा, जेल अधिकारियों ने इस प्रकोष्‍ठ में रखे गए लोगों को अपने अनुकूल कपड़ों के इस्‍तेमाल की भी अनुमति दी है।

यह पहल सुधारात्मक संस्थानों (जेल आदि) में विविध लैंगिक पहचान और अभिव्यक्ति वाले लोगों के मानवाधिकारों और गरिमा के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आयोग के प्रयासों को दर्शाती है।

***

पीके/केसी/आरटी/एके/एमपी


(रिलीज़ आईडी: 2332922) आगंतुक पटल : 80
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati