प्रविष्टि तिथि:
31 OCT 2026 7:27PM by PIB Delhi
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री (एमओपीएसडब्ल्यू) सर्बानंद सोनोवाल ने 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के अवसर पर आज यहां अपने आधिकारिक आवास पर अधिकारियों, कर्मचारियों और समुद्री कैडेटों को 'राष्ट्रीय एकता शपथ' दिलाई, जो हर साल सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाया जाता है।
शपथ लेते हुए प्रतिभागियों ने कहा, "मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए खुद को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। मैं अपने देश की एकता की भावना के साथ यह शपथ लेता हूं, जो सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और उनके कार्यों से संभव हो पाई थी। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी ईमानदारी से योगदान देने का भी संकल्प लेता हूं।"
सोनोवाल ने भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री और 'भारत के लौह पुरुष' के रूप में याद किए जाने वाले गृह मंत्री पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने आजादी के बाद 560 से अधिक रियासतों को एक राष्ट्र में एकजुट किया था।
सोनोवाल ने कहा, "सरदार पटेल ने हमें एक भारत दिया। जिस व्यक्ति ने इस राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोया, उन्हें दशकों तक वह सम्मान नहीं मिला, जिसका वह हकदार था।" उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे बदल दिया। दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का निर्माण करके और 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में समर्पित करके, उन्होंने 'भारत के लौह पुरुष' को - हर भारतीय की राष्ट्रीय भावना के केंद्र में - वह स्थान दिलाया है जिसके वे हकदार हैं।"
सोनोवाल ने युवा मैरीटाइम कैडेट्स से भी बातचीत की और कहा कि देश के प्रति उनका जुनून 'युवा शक्ति' की असली ताकत को दर्शाता है।
सोनोवाल ने कहा, "हम 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के मंत्र के साथ एक मजबूत भारत बनाने के लिए सरदार पटेल की एकता और अखंडता की विरासत का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत और अधिक मजबूत हुआ है और 2047 तक एक 'विकसित भारत' बनने के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है।
सोनोवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' अब केवल एक सोच नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय मिशन बन गया है। हमारे बंदरगाह, शिपिंग लेन और आंतरिक जलमार्ग अब पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिमी तट तक, देश के हर कोने को जोड़ते हैं। जैसे-जैसे भारत 2047 तक 'विकसित भारत' की ओर बढ़ रहा है, ये युवा कैडेट ही इस सफर की कमान संभालेंगे।"
इस कार्यक्रम में पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय में सचिव विजय कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
भारत के राजनीतिक एकीकरण में पटेल की भूमिका को याद करने और देश की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने के लिए, सरकार 2014 से 31 अक्टूबर को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में मनाती आ रही है।


***
पीके / केसी/ आरटी / एमपी /डीए