महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाना: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता कार्यशाला का आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
19 OCT 2026 5:50PM by PIB Delhi
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा उसके प्रशासनिक नियंत्रणाधीन सभी स्वायत्तशासी एवं सांविधिक निकायों ने स्वच्छता को बढ़ावा देने और लंबित संदर्भों के निस्तारण के उद्देश्य से 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किए जा रहे विशेष अभियान 6.0 के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु प्रयास प्रारंभ कर दिए हैं तथा कार्ययोजनाओं और लक्ष्यों को अंतिम रूप दे दिया है। यह अभियान पिछले पांच वर्षों में आयोजित विशेष अभियानों की तर्ज पर संचालित किया जा रहा है।

इस अभियान के क्रियान्वयन चरण के दौरान सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने संबंधी विशेष अभियान दिशा-निर्देशों में निर्धारित निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्रभाग द्वारा 17 अक्टूबर, 2026 को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अवर सचिव तथा उससे ऊपर के स्तर के अधिकारियों के लिए एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला एक व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के रूप में आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत सत्र कृत्रिम बुद्धिमत्ता टूल्स के व्यावहारिक उपयोग पर केंद्रित थे। इस कार्यशाला में मंत्रालय के सचिव, अपर सचिवों, संयुक्त सचिवों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित कुल 42 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला में निम्नलिखित विषयों को शामिल किया गया:
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का परिचय
- प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और कार्यालयी उत्पादकता बढ़ाने के लिए एआई टूल्स
- एआई टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण
- एआई का नैतिक एवं उत्तरदायी उपयोग तथा देश का अपना स्वदेशी एआई ढांचा

***
पीके/केसी/आरटी/आईएम/जीआरएस
(रिलीज़ आईडी: 2325242)
आगंतुक पटल : 27