गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ऑपरेशन कवच: नवरात्रि के दौरान युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने की साजिश नाकाम, 100 ग्राम MD के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

प्रविष्टि तिथि: 15 OCT 2026 5:40PM by PIB Jaipur

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), जोधपुर ने ऑपरेशन कवच के तहत नशामुक्त राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम MD (मेथामफेटामाइन) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई एसेन्ट कार (पंजीकरण संख्या GJ 01 RE 9547) भी जब्त की गई है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी जोधपुर के डांगियावास क्षेत्र से MD खरीदकर गुजरात के आणंद एवं सुरेंद्रनगर क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति और बिक्री करते थे। जांच में इन क्षेत्रों में संचालित कुछ SPA (स्पा सेंटरों) के संचालकों तथा अन्य गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्नानुसार है:

  1. गोपाल, पुत्र शैला भाई, निवासी सुरेंद्रनगर, गुजरात।
  2. सुरेंद्र आचार्य, पुत्र अशोक कुमार, निवासी बाड़मेर, राजस्थान।
  3. हनुमाना राम, पुत्र भाना राम, निवासी बेनाड़ रोड, राजस्थान।

यह कार्रवाई विशेष रूप से नवरात्रि जैसे पावन अवसर पर युवाओं को मादक पदार्थों की गिरफ्त में धकेलने वाले नेटवर्क के विरुद्ध NCB की सतर्कता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। त्योहारों के दौरान नशीले पदार्थों की आपूर्ति एवं वितरण पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना NCB की प्राथमिकताओं में शामिल है।

NCB जोधपुर के जोनल डायरेक्टर श्री घनश्याम सोनी, IRS के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई, खुफिया सूचनाओं के आधार पर नेटवर्क की पहचान तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उनके मार्गदर्शन में NCB जोधपुर न केवल मादक पदार्थों की जब्ती और तस्करों की गिरफ्तारी पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को उजागर करने तथा युवाओं को नशे से बचाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

ऑपरेशन कवच के माध्यम से NCB जोधपुर का स्पष्ट संदेश है कि राजस्थान को नशामुक्त बनाने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी, वितरण और बिक्री में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

आमजन से अपील

NCB जोधपुर आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं अभिभावकों से अपील करता है कि वे नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाएं और मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी MANAS राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर अवश्य साझा करें। सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रावधानों का पालन किया जाता है।

नशामुक्त राजस्थान — सुरक्षित युवा, सशक्त समाज।


(रिलीज़ आईडी: 2323973) आगंतुक पटल : 18
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English