खान मंत्रालय
खान मंत्रालय ने अपतटीय खनिज ब्लॉक की नीलामी के संबंध में संपर्क कार्यक्रम आयोजित की
प्रविष्टि तिथि:
13 OCT 2026 8:11PM by PIB Delhi
भारत सरकार के खान मंत्रालय ने 13 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में अपतटीय खनिज ब्लॉक की नीलामी के संबंध में एक संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम ने संभावित बोलीदाताओं एवं हितधारकों को नीलामी के लिए पेश किए गए दो अपतटीय खनिज ब्लॉक, उपयुक्त नीतिगत एवं नियामक ढांचा, बोली लगाने की प्रक्रिया एवं अन्वेषण हेतु उपलब्ध सहायता को समझने का मंच प्रदान किया।
मंत्रालय ने अंडमान सागर में स्थित दो अपतटीय खनिज ब्लॉक – सेवेल राइज-01 और वेस्ट सेवेल रिज-01 - के संचालन संबंधी अधिकार देने के उद्देश्य से 1 अक्टूबर 2026 को ‘निविदा आमंत्रण सूचना’ (एनआईटी) जारी किया है। दोनों ब्लॉक में पॉलीमेटैलिक नोड्यूल एवं क्रस्ट हैं और इन्हें कम्पोजिट लाइसेंस देने के लिए पेश किया जा रहा है। सेवेल राइज-01 का क्षेत्रफल 632 वर्ग किलोमीटर है, जबकि वेस्ट सेवेल रिज-01 क्षेत्रफल 1,000 वर्ग किलोमीटर है। इस प्रकार, नीलामी के लिए प्रस्तुत किया गया कुल क्षेत्रफल 1,632 वर्ग किलोमीटर हो जाता है।
खान मंत्रालय के सचिव श्री केशव चंद्र ने आर्थिक विकास, तकनीकी प्रगति, ऊर्जा संबंधी बदलाव और मैन्यूफैक्चरिंग के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने हेतु भारत की खनिज आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने भारत के पूर्वी तट पर बनने वाले ‘क्रिटिकल मिनरल प्रोसेसिंग पार्क’ की क्षमता पर भी प्रकाश डाला, जो अपतटीय खनिज प्रसंस्करण में सहायता करेगा।
खान मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव डॉ. वीणा कुमारी डर्मल ने भारत के अपतटीय खनिज संसाधनों के पारदर्शी और जिम्मेदार विकास को आसान बनाने हेतु किए गए विभिन्न नीतिगत सुधारों को रेखांकित किया। हितधारकों की राय को ध्यान में रखते हुए, मंत्रालय ने ब्लॉक के विन्यास में बदलाव किए हैं। इनमें अपतटीय अन्वेषण के काम में अधिक आसानी के लिए पॉलीमेटैलिक नोड्यूल और क्रस्ट ब्लॉक के दायरे को बढ़ाना भी शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में अपतटीय खनिज के अन्वेषण तथा उनके उपयोग के लिए पर्यावरण संबंधी आधारभूत डेटा का संग्रह करने और पर्यावरण प्रबंधन योजनाओं से जुड़े संदर्भ की शर्तों व दिशानिर्देशों को संबंधित केन्द्रीय मंत्रालयों एवं विभागों को उनकी राय के लिए भेजा गया है और शीघ्र ही इन्हें अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) ने अपतटीय खनिज ब्लॉक के बारे में जानकारी दी, जिसमें उनकी भूवैज्ञानिक विशेषताएं और खनिज की संभावनाएं शामिल थीं। लेनदेन संबंधी सलाहकार, एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड (एसबीआईसीएपीएस) ने नीतिगत ढांचे, नीलामी प्रक्रिया, निविदा के प्रावधान और बोली लगाने संबंधी जरूरतों के बारे में बताया। नीलामी मंच प्रदाता, एमएसटीसी ने ई-नीलामी पोर्टल के जरिए निविदा दस्तावेज खरीदने और बोली जमा करने की चरण-दर-चरण प्रक्रिया को प्रदर्शित किया।
राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण एवं विकास ट्रस्ट (एनएमईडीटी) ने अपतटीय खनिज ब्लॉक के लिए कम्पोजिट लाइसेंस धारकों के अन्वेषण संबंधी खर्चों की आंशिक प्रतिपूर्ति की योजना प्रस्तुत की। इस प्रस्तुति में अन्वेषण संबंधी गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने के लिए उपलब्ध सहायता की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी गई।
एक खुली चर्चा के जरिए प्रतिभागियों को मंत्रालय और नीलामी में शामिल संगठनों के साथ बातचीत करने का मौका मिला। संभावित बोलीदाताओं और अन्य हितधारकों ने ब्लॉक, निविदा की शर्तों, नीलामी की प्रक्रियाओं और अन्वेषण से जुड़ी सहायता के बारे में स्पष्टीकरण मांगा और अपनी राय रखी।
यह नीलामी ‘अपतटीय क्षेत्र खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 2002’, जिसमें 2023 में संशोधन किया गया था और ‘अपतटीय क्षेत्र खनिज (नीलामी) नियम, 2024’ (संशोधित) के तहत की जा रही है। नीलामी की इस प्रक्रिया का उद्देश्य अपतटीय खनिज संसाधनों के आवंटन में पारदर्शिता लाना और भारत की अपतटीय खनिज क्षमता का व्यवस्थित अन्वेषण एवं जिम्मेदार विकास को बढ़ावा देना है।
पॉलीमेटैलिक नोड्यूल तथा क्रस्ट में निकेल, कोबाल्ट, कॉपर और मैंगनीज जैसे खनिज होते हैं, जो कई तरह के औद्योगिक कार्यों तथा नई तकनीक के लिए जरूरी हैं। यह पहल अपतटीय खनिज के अन्वेषण को आगे बढ़ाने और देश के खनिज संसाधनों के आधार को मजबूत करने के भारत सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। इन ब्लॉक में खनिज की क्षमता का पता लगाने और भविष्य में इनके विकास की संभावनाओं का आकलन करने हेतु व्यवस्थित अन्वेषण जरूरी होगी।
नीलामी का कार्यक्रम
निविदा दस्तावेजों की बिक्री 1 अक्टूबर 2026 को शुरू हुई। ‘प्री-बिड कॉन्फ्रेंस’ 4 नवंबर 2026 को होनी है और प्रश्न पूछने की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2026 है। निविदा दस्तावेज 21 दिसंबर 2026 तक खरीदे जा सकते हैं, जबकि बोली जमा करने की अंतिम तिथि 28 दिसंबर 2026 है।
निविदा आमंत्रण सूचना और नीलामी से जुड़े दस्तावेज एमएसटीसी के ई-नीलामी पोर्टल https://www.mstcecommerce.com/auctionhome/mlcln/index.jsp पर उपलब्ध हैं।
***
पीके/केसी/आरटी/आर/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2323043)
आगंतुक पटल : 20