कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के अपर सचिव ने एनएसटीआई चेन्नई में स्किल्स फोर फ्यूचर ईवी और ग्रीन स्किल्स लैब का उद्घाटन किया और तमिलनाडु में पीएम-सेतु की प्रगति की समीक्षा की

शेल के स्किल्स फोर फ्यूचर कार्यक्रम के तहत ईवी और ग्रीन स्किल्स लैब इलेक्ट्रिक वाहन प्रौद्योगिकियों और हरित कौशल में उद्योग-संरेखित प्रशिक्षण को मजबूत करता है

शेल इंडिया पहल प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) और एमएसडीई युवाओं को उभरती हरित अर्थव्यवस्था के भावी अवसरों के लिए कौशलयुक्‍त बनाने का एक सहयोगात्मक प्रयास है

प्रविष्टि तिथि: 08 OCT 2026 5:35PM by PIB Delhi

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के अपर सचिव आईएएस श्री निरंजन कुमार सुधांशु ने तमिलनाडु की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान, चेन्नई स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) में स्किल्स फोर फ्यूचर ईवी और ग्रीन स्किल्स लैब का उद्घाटन किया। इस प्रयोगशाला की स्थापना प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) के साथ साझेदारी में शेल इंडिया के स्किल्स फोर फ्यूचर कार्यक्रम के तहत की गई है। श्री निरंजन कुमार सुधांशु की इस यात्रा में तमिलनाडु में पीएम-सेतु के कार्यान्वयन और प्रगति की व्यापक समीक्षा भी शामिल थी।

ईवी और ग्रीन स्किल्स लैब को इलेक्ट्रिक वाहन प्रणालियों, बैटरी प्रौद्योगिकियों, निदान, सुरक्षा प्रणालियों और अन्य उभरती हरित प्रौद्योगिकियों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस सुविधा का उद्देश्य व्यावहारिक शिक्षा को मजबूत करना और टिकाऊ गतिशीलता तथा स्वच्छ ऊर्जा के तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ाना है।

श्री सुधांशु ने यात्रा के दौरान, प्रशिक्षुओं, प्रशिक्षकों, उद्योग प्रतिनिधियों और कौशल इकोसिस्‍टम के अधिकारियों के साथ बातचीत की। उन्होंने तमिलनाडु में पीएम-सेतु पहल की प्रगति की समीक्षा की और उभरते रोजगार के अवसरों के साथ जुड़े उच्च गुणवत्ता, परिणामोन्मुखी कौशल विकास सुनिश्चित करने में मजबूत उद्योग साझेदारी के महत्व पर बल दिया। उन्होंने एमएसएमई के लिए प्रतिभा को मजबूत करने में प्रशिक्षुता की भूमिका का भी उल्‍लेख किया।

एनएसटीआई चेन्नई में स्किल फोर फ्यूचर ईवी और ग्रीन स्किल्स लैब का उद्घाटन

उद्योग और कौशल इकोसिस्टम हितधारकों के साथ बातचीत

श्री सुधांशु ने इस अवसर पर कहा "हरित अर्थव्यवस्था की ओर भारत के परिवर्तन के लिए भविष्य के लिए तैयार कौशल से लैस कार्यबल की आवश्यकता है। स्किल्स फोर फ्यूचर जैसे उद्योग-सरकार के सहयोग देश के सतत विकास लक्ष्यों का समर्थन करते हुए युवाओं के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा और संबद्ध क्षेत्रों में करियर के उभरते अवसरों तक पहुंच बनाने में मदद कर रहे हैं।

स्किल्स फोर फ्यूचर कार्यक्रम सरकार-उद्योग सहयोग के माध्यम से ईवी और हरित-कौशल प्रशिक्षण के विस्तार का समर्थन करता है। यह पहल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और हरित अर्थव्यवस्था में उभरते अवसरों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण को मजबूत करने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण, उद्योग-प्रासंगिक पाठ्यक्रम और समर्पित शिक्षण बुनियादी ढांचे को जोड़ती है।

इस अवसर पर शेल इंडिया के उपाध्यक्ष - वित्त श्री गोपेंद्र बहादुर ने कहा: " प्रत्येक युवा को शेल में सफल करियर बनाने का अवसर मिलना चाहिए। ईवी और हरित कौशल प्रशिक्षण, उद्योग साझेदारी और व्यावहारिक शिक्षण बुनियादी ढांचे में निवेश के माध्यम से, हम युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशलयुक्‍त बनाने में मदद कर रहे हैं।

एनएसटीआई चेन्नई में ईवी और ग्रीन स्किल्स लैब का उद्घाटन एमएसडीई, डीजीटी और शेल इंडिया के बीच सहयोग के लिए महत्‍वपूर्ण है, जो कौशल इकोसिस्‍टम को मजबूत करने और भारत के युवाओं को हरित अर्थव्यवस्था में अवसरों के लिए तैयार करने के लिए साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।

पीएम-सेतु के बारे में

उन्नत आईटीआई (पीएम-सेतु) के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार परिवर्तन 1,000 सरकारी आईटीआई के उद्योग से जुड़े आधुनिकीकरण और राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों के रूप में पांच एनएसटीआई की क्षमता वृद्धि के लिए भारत सरकार की एक पहल है। इसका उद्देश्य गहन उद्योग भागीदारी के माध्यम से प्रशिक्षण गुणवत्ता, प्रशिक्षक विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और रोजगार प्रासंगिकता को मजबूत करना है।

एनएसटीआई चेन्नई के बारे में

एनएसटीआई चेन्नई प्रशिक्षण महानिदेशालय, एमएसडीई के तहत कार्य करता है, और प्रशिक्षक प्रशिक्षण, शिल्पकार प्रशिक्षण और अल्पकालिक उन्नत व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करता है। गुइंडी इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित एनएसटीआई को पीएम-सेतु घटक II के तहत उद्योग साझेदारी, उभरती प्रौद्योगिकियों और प्रशिक्षक विकास पर जोर देने के साथ पांच राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों में से एक के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें:

एमएसडीई: https://www.msde.gov.in/

पीएम-सेतु/एनएसटीआई चेन्‍नई एनसीओई एंड आरएफपी: https://nstichennai.dgt.gov.in/what-s-new

एनएसटीआई चेन्‍नई: https://nstichennai.dgt.gov.in/

एक्‍स (ट्वीटर): @MSDESkillIndia

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/केके


(रिलीज़ आईडी: 2322304) आगंतुक पटल : 37
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English