संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

दूरसंचार विभाग और अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ द्वारा आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के दौरान ‘रोबोटिक्स फॉर गुड यूथ चैलेंज इंडिया 2026’ में युवा नवोन्मेषकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया


टीम सिंगुलैरिटी और फेरम इन्क्यूबेटर्स ने जूनियर और सीनियर वर्ग में चैंपियनशिप जीती; 2027 में जिनेवा में आयोजित होने वाले वैश्विक ग्रैंड फिनाले में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी

इस कार्यक्रम का आयोजन आईआईटी दिल्ली के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब, आई-हब फाउंडेशन फॉर कोबोटिक्स द्वारा किया गया

प्रविष्टि तिथि: 10 OCT 2026 11:04PM by PIB Delhi

केंद्र सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग - डीओटी और अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ - आईटीयू द्वारा आईआईटी दिल्ली के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब -आईएचएफसी , आई-हब फाउंडेशन फॉर कोबोटिक्स - टीआईएच के सहयोग से आयोजित ‘रोबोटिक्स फॉर गुड यूथ चैलेंज इंडिया 2026–2027’ का आयोजन आज नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस -आईएमसी 2026 के अवसर पर किया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image001_20261010230643_5964dc.jpg

यह प्रतियोगिता आईटीयू के ‘एआई फॉर गुड’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक प्रमुख पहल है। इसमें 57 टीम शामिल हुई। इनमें जूनियर वर्ग की 28 और सीनियर वर्ग की 29 टीमें शामिल थीं। देशभर के 14 राज्यों से लगभग 300 विद्यार्थी और मार्गदर्शक इसमें शामिल हुए। 10 से 18 वर्ष की आयु के विद्यार्थियों ने सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वायत्त रोबोटों की डिजाइन तैयार की, उनका निर्माण किया और प्रोग्रामिंग की। इस वर्ष का मिशन संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) 3—अच्छा स्वास्थ्य और खुशहाली—से संबंधित था। इसके अंतर्गत नमूनों को निकालने और पहुंचाने, क्वारंटीन क्षेत्र बनाने, चिकित्सा किट वितरित करने तथा मरीजों की चिकित्सकीय प्राथमिकता निर्धारित करने जैसे कार्य शामिल थे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन दूरसंचार विभाग की राष्ट्रीय संचार अकादमी-प्रौद्योगिकी के महानिदेशक श्री अतुल सिन्हा ने किया। उन्होंने उद्घाटन सत्र में मुख्य संबोधन दिया। इससे पहले आईटीयू के दूरसंचार मानकीकरण ब्यूरो के उप निदेशक और अध्ययन समूह और नीति विभाग के प्रमुख डॉ. बिलेल जमौसी ने स्वागत संबोधन दिया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image002_20261010230648_550a46.jpg

अन्य विशिष्ट वक्ताओं में आईआईटी दिल्ली के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब, आई-हब फाउंडेशन फॉर कोबोटिक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशुतोष दत्त शर्मा; आईआईटी दिल्ली के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर के. राम कृष्णा और सुपरसेयूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक और  मुख्य कार्यकारी अधिकारी आत्मन जादोन शामिल थे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image003_20261010230655_221137.jpg

इस प्रतियोगिता की शुरुआत 10 से 25 अगस्त 2026 तक पंजीकरण प्रक्रिया के साथ हुई। इसमें टीमों को नवाचार, डिजाइन और समस्या-समाधान की चुनौती में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। 7 से 16 सितंबर 2026 तक टीमों ने प्रतियोगिता को समझने के लिए जागरूकता और ओरीएन्टेशन कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रारंभिक चरण के लिए अपने डिजाइन संबंधी दस्तावेज तथा वीडियो जमा किए। इसके बाद 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित अभ्यास दिवस में टीमों को प्रतियोगिता के गेम बोर्ड पर अपने समाधानों का परीक्षण करने, चुनौतियों की पहचान करने और मुख्य प्रतियोगिता से पहले अपनी रणनीतियों को बेहतर बनाने का अवसर मिला। अंततः 10 अक्टूबर 2026 को इंडिया नेशनल्स में प्रतियोगिता संपन्न हुई। इसमें टीमों ने दो क्वालीफाइंग राउंड, एक नॉकआउट राउंड और फाइनल के माध्यम से प्रतिस्पर्धा की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image004_20261010230700_75092c.jpg

यह प्रतियोगिता टीमवर्क, दबाव की स्थिति में समस्या-समाधान, परियोजना नियोजन, समय-सीमा का पालन तथा रोबोट डिजाइन में जिम्मेदार और टिकाऊ दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करती है। इसके साथ ही, निःशुल्क सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर के उपयोग के माध्यम से रोबोटिक्स तक समावेशी पहुंच को बढ़ावा दिया जाता है, ताकि महंगी किट खरीदने में सक्षम नहीं होने वाले विद्यार्थियों की भागीदारी सीमित न हो।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image005_20261010230706_be3425.jpg

समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में विशिष्ट अतिथियों ने दोनों वर्गों की विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इसके अतिरिक्त, डिजाइन, नवाचार और रचनात्मक सोच के लिए विशेष पुरस्कार भी दिए गए।

सीनियर वर्ग:  विजेता: टीम फेरम इन्क्यूबेटर्स — कैम्ब्रिज स्कूल, नोएडा, उत्तर प्रदेश। प्रथम उपविजेता: टीम मेक माइंड्स — लायंस कलकत्ता ग्रेटर विद्या मंदिर, पश्चिम बंगाल। द्वितीय उपविजेता: टीम बॉटिक्स अल्फा — विद्या प्रतिष्ठान का मगरपट्टा सिटी पब्लिक स्कूल, महाराष्ट्र।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image006_20261010230713_4114bf.jpg

जूनियर वर्ग:- विजेता: टीम सिंगुलैरिटी — गोपालन इंटरनेशनल स्कूल, कर्नाटक। प्रथम उपविजेता: टीम वेदा वेलोसिटी — एमएसबी एजुकेशन इंस्टीट्यूट, पुणे। द्वितीय उपविजेता: टीम वज्र — इग्नाल्टे रोबोटिक्स एलएलपी, उत्तर प्रदेश।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image007_20261010230719_3af0df.jpg

समारोह को आईटीयू के दूरसंचार मानकीकरण ब्यूरो के उप निदेशक और अध्ययन समूह और नीति विभाग के प्रमुख डॉ. बिलेल जमौसी; एशिया और  प्रशांत क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रमुख श्री आनंद राज खनाल; दूरसंचार विभाग के उप महानिदेशक (अंतरराष्ट्रीय संबंध) श्री मुकेश कुमार; तथा आईआईटी दिल्ली के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब, आई-हब फाउंडेशन फॉर कोबोटिक्स के परियोजना निदेशक प्रो. सुबीर कुमार साहा ने संबोधित किया। इसके बाद दूरसंचार विभाग की सहायक उप दूरसंचार अभियंता सुश्री दीक्षा धीमान ने सुरक्षित साइबर स्पेस पर एक सत्र आयोजित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के काउंसलर और तकनीकी विशेषज्ञ श्री हेमेन्द्र कुमार शर्मा भी विशिष्ट अतिथियों के साथ उपस्थित रहे। समारोह का समापन आईआईटी दिल्ली के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब, आई-हब फाउंडेशन फॉर कोबोटिक्स के उपाध्यक्ष और प्रमुख श्री पीयूष प्रसाद द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

जूनियर और सीनियर वर्ग की विजेता टीमें जून 2027 में स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित होने वाले ‘एआई फॉर गुड ग्लोबल समिट’ के दौरान वैश्विक ग्रैंड फिनाले में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। विशिष्ट अतिथियों ने विजेताओं, फाइनलिस्टों और सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई दी तथा स्कूलों, प्रशिक्षकों, मार्गदर्शकों और परिवारों के योगदान की सराहना की।

भारत और आईटीयू के बीच दूरसंचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में लंबे समय से साझेदारी रही है। ‘रोबोटिक्स फॉर गुड यूथ चैलेंज इंडिया’ की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी, जब भारत में आयोजित विश्व दूरसंचार मानकीकरण सभा के दौरान पहली प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसके बाद से यह पहल जारी रही और 2025 तथा 2026 में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के दौरान इसके संस्करण आयोजित किए गए। यह पहल एक अंतरराष्ट्रीय संगठन, सरकार, शिक्षण जगत और नवाचार इकोसिस्टम के बीच निरंतर सहयोग को दर्शाती है। इसका उद्देश्य युवा नवोन्मेषकों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराना है। इसने इस संदेश को मजबूत किया कि प्रतियोगिता में शामिल होना भी अपने आप में एक उपलब्धि है। साथ ही विद्यार्थियों को सुरक्षित, जिम्मेदार और जनकल्याण के लिए उपयोगी प्रौद्योगिकी के माध्यम से वास्तविक दुनिया की समस्याओं के समाधान विकसित करने, प्रयोग करने और नवाचार जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

अधिक जानकारी के लिए दूरसंचार विभाग के सोशल मीडिया हैंडल का अनुसरण करें।

X - https://x.com/DoT_India

Insta- https://www.instagram.com/department_of_telecom?igsh=MXUxbHFjd3llZTU0YQ==

Fb - https://www.facebook.com/DoTIndia

Youtube: https://youtube.com/@departmentoftelecom?si=DALnhYkt89U5jAaa

****

पीके/केसी/आरटी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2321923) आगंतुक पटल : 62
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English