पर्यटन मंत्रालय
पर्यटन मंत्रालय ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता अभियान का आयोजन किया
हौज खास किले में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान पहल में लगभग 500 प्रतिभागियों ने भाग लिया
प्रविष्टि तिथि:
01 OCT 2026 7:19PM by PIB Delhi
स्वच्छ भारत मिशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए, पर्यटन मंत्रालय ने आज नई दिल्ली के ऐतिहासिक हौज खास किले में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत एक बड़े स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह अभियान राष्ट्रव्यापी श्रमदान पहल ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य देशभर के लोगों को एकजुट होकर स्वच्छता के लिए अपना समय देने हेतु प्रोत्साहित करना है।

इस अभियान का नेतृत्व पर्यटन मंत्रालय के सचिव श्री भुवनेश कुमार ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ किया। इस ऐतिहासिक विरासत स्थल पर स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियों में लगभग 500 लोगों ने भाग लिया।
प्रमुख आतिथ्य एवं पर्यटन प्रबंधन संस्थानों के छात्रों और संकाय सदस्यों ने भी इस अभियान में भाग लिया, जिनमें होटल प्रबंधन संस्थान(आईएचएम), पूसा; भारतीय पाक संस्थान (आईसीआई), नोएडा; राष्ट्रीय होटल प्रबंधन और खानपान प्रौद्योगिकी परिषद(एनसीएचएमसीटी); भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम), नोएडा; और अशोक होटल प्रबंधन संस्थान(अशोक आईएचएम) शामिल हैं।

इस पहल के माध्यम से, प्रतिभागियों ने स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा यह सुनिश्चित करना था कि देश के प्रतिष्ठित स्मारक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और भारत सहित दुनिया भर से आने वाले पर्यटकों के लिए स्वागत योग्य बने रहें।

कार्यक्रम के तहत, आईएचएम पूसा के विद्यार्थियों ने एक लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसमें स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ और अधिक स्वागत योग्य पर्यटन स्थलों के निर्माण में योगदान देने के महत्व को सामने लाया गया।
मुख्य अभियान से पहले, मंत्रालय ने 23 सितंबर 2026 को स्वच्छता मानकों को बनाए रखने में उनके योगदान के लिए सफाई मित्रों को सम्मानित करने हेतु एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया था। पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश प्रसारित करने के लिए, मंत्रालय ने 27 सितंबर 2026 को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित सफदरजंग मकबरे में भी स्वच्छता अभियान चलाया था।
***
पीके/केसी/आरटी/पीकेपी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2317977)
आगंतुक पटल : 41