रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित किया

प्रविष्टि तिथि: 01 OCT 2026 5:06PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्रालय ने सशस्त्र बल रक्ताधान केंद्र के सहयोग से 1 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन-2 में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया। इस वर्ष के अभियान की विषय-वस्तु ‘मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें, जीवन बचाएं’ रखी गई है।

यह रक्तदान शिविर एक समर्पित चिकित्सा दल की देखरेख में आयोजित किया गया। इस दल में दो चिकित्सा अधिकारी, दो जूनियर कमीशंड अधिकारी और रक्ताधान सहायक के रूप में 10 पैरामेडिकल कर्मचारी शामिल थे। शिविर में आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई थी। इस अभियान में रक्षा मंत्रालय के कुल 134 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की काउंसलिंग और स्वास्थ्य जांच की गई, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ निर्धारित चिकित्सा मानकों का पालन किया जा सके।

इस शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर जोर दिया गया और अधिकारियों तथा कर्मचारियों को बहुमूल्य जीवन बचाने में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। चीफ ऑफ डिफेंस स्टफ और सैन्य कार्य विभाग के सचिव जनरल एन.एस. राजा सुब्रमण्यम, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और पूर्व सैनिक कल्याण विभाग की सचिव सुकृति लिखी सहित रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने शिविर में भाग लेकर इस पहल में अमूल्य योगदान दिया।

इस पहल ने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयासों के प्रति रक्षा मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दोहराया।

*****

पीके/केसी/आरटी/एनके / डीए

 


(रिलीज़ आईडी: 2317838) आगंतुक पटल : 64
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu