इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में सीमा सुरक्षा बल का प्रेरक आयोजन, भिलाई में सफल रक्तदान शिविर सम्पन्न

प्रविष्टि तिथि: 01 OCT 2026 5:59PM by PIB Raipur

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस (1 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में सामरिक मुख्यालय महानिरीक्षक (विशेष-संक्रिया), सीमा सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ के रिसाली स्थित मुख्यालय में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन श्री संजय पंत, महानिरीक्षक, सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया), सीमा सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों तथा शासकीय जिला चिकित्सालय, दुर्ग के मेडिकल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शिविर का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक हुआ, जिसके दौरान सीमा सुरक्षा बल के कार्मिकों द्वारा कुल 60 यूनिट रक्तदान किया गया। एकत्रित रक्त समाज के जरूरतमंद रोगियों के उपचार में उपयोगी साबित होगा। इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों एवं अधिकारियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को नियमित रूप से  रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर श्री संजय पंत, महानिरीक्षक, सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया), सीमा सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़, ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं शासकीय जिला चिकित्सालय, दुर्ग के मेडिकल स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।

*****


(रिलीज़ आईडी: 2317813) आगंतुक पटल : 21
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English