जल शक्ति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनएसडीए ने लोनावला और भुशी बांधों पर बेहतर बांध सुरक्षा के लिए आपातकालीन कार्य योजनाओं पर हितधारकों की बैठक आयोजित की

प्रविष्टि तिथि: 28 SEP 2026 4:59PM by PIB Delhi

बांध सुरक्षा को मजबूत करने और जन सुरक्षा को बढ़ाने के उद्देश्य से चलाई जा रही सेवा संकल्प पहल के एक हिस्से के रूप में, राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (एनएसडीए) ने 27 सितंबर 2026 को महाराष्ट्र के लोनावला में स्थित लोनावला और भुशी बांधों पर आपातकालीन कार्य योजनाओं और आपातकालीन तैयारियों पर एक हितधारक परामर्श बैठक का आयोजन किया।

इस परामर्श बैठक की अध्यक्षता एनडीएसए के सदस्य (प्रशासन एवं वित्त) श्री सौरभ अग्रवाल ने की। इसमें एनडीएसए के निदेशक (विनियमन) श्री एम.एस. वर्मा; एनडीएसए (डब्ल्यूआर) के निदेशक श्री हरीश उंबरजे; एनडीएसए के पुणे स्थित पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी और केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान स्टेशन (सीडब्ल्यूपीआरएस), पुणे के विशेषज्ञ शामिल हुए। इसके अलावा, लोनावला बांध का स्वामित्व रखने वाले टाटा पावर और भुशी बांध का स्वामित्व रखने वाले मध्य रेलवे के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया।

इस परामर्श बैठक में लोनावला क्षेत्र में हाल ही में आई बाढ़ की घटना, भारी बारिश के प्रभाव और अत्यधिक वर्षा की स्थितियों के दौरान तैयारियों को मजबूत करने के लिए इस घटना से मिले सबक पर विस्तार से चर्चा की गई। आपातकालीन स्थितियों के दौरान बेहतर आपसी तालमेल, समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान और प्रभावी रिस्पांस मैकेनिज्म की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों, उनके जीवन और आजीविका की सुरक्षा के लिए आपातकालीन कार्य योजना समय पर चेतावनी देने, सूचनाओं के आदान-प्रदान (संचार), आपसी तालमेल और संकट के समय त्वरित कार्रवाई करने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण उपकरण है।

एनडीएसए ने दोनों बांधों के स्वामित्व/संचालन वाली एजेंसियों को हालिया घटनाओं, चिन्हित आपातकालीन परिदृश्यों, अत्यधिक वर्षा की स्थिति और निचले इलाकों में रहने वाली आबादी के संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए अपनी आपातकालीन कार्य योजनाओं की समीक्षा करने, उन्हें अपडेट करने और और अधिक मजबूत करने की सलाह दी।

सीडब्ल्यूपीआरएस ने बांध संचालकों को उनकी आपातकालीन कार्य योजनाओं के निर्माण, समीक्षा और उन्हें अंतिम रूप देने में सहायता प्रदान करने के अपने प्रयासों से जुड़े तकनीकी इनपुट (तकनीकी सुझाव/जानकारी) साझा किए।

इस परामर्श बैठक के बाद, एनडीएसए, सीडब्ल्यूपीआरएस और भाग लेने वाली एजेंसियों के अधिकारियों ने इंद्रायणी नदी प्रणाली के अंतर्गत स्थित लोनावला बांध और भुशी बांध का दौरा किया। आपातकालीन तैयारियों, आपसी संचार और निचले इलाकों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से भुशी बांध और लोनावला बांध के बीच के कैस्केडिंग संबंध की भी समीक्षा की गई।

'सेवा संकल्प' पहल के एक हिस्से के रूप में, पर्यावरणीय स्थिरता और इकोलॉजिकल कंजर्वेशन के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने के लिए लोनावला बांध स्थल के पास एक वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने इस वृक्षारोपण गतिविधि में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया, जिसमें प्रत्येक प्रतिभागी ने एक पौधा लगाया। इस पहल ने बांध सुरक्षा और सतत जल संसाधन प्रबंधन के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने के महत्व को रेखांकित किया।

एनडीएसए की टीम ने आईएनएस शिवाजी स्थित शिवसागर बांध का भी दौरा किया, जहाँ टीम ने इंस्पेक्शन गैलरी का मुआयना किया और बांध पर किए जा रहे विभिन्न बांध सुरक्षा एवं रखरखाव कार्यों की समीक्षा की।

लोनावला और भुशी बांधों पर चलाई गई 'सेवा संकल्प' पहल ने जन सुरक्षा को बांध सुरक्षा प्रबंधन के केंद्र में रखने के प्रति एनडीएसए, बांधों का संचालन करने वाली एजेंसियों और तकनीकी संस्थानों की सामूहिक प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया है।

भाग लेने वाली एजेंसियों ने सुरक्षित और अधिक रेसिडेंट बांधों तथा निचले इलाकों के समुदायों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपसी तालमेल, आपातकालीन तैयारियों, अर्ली वार्निंग और राहत तंत्र को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।

**********

पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2316106) आगंतुक पटल : 83
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu