शिक्षा मंत्रालय
आईआईटी भिलाई में हिंदी माह के तहत काव्य सम्मेलन, स्वरचित रचनाओं से गूंजा परिसर
हास्य-व्यंग्य से लेकर वीर रस तक की रचनाओं ने बांधा समां, साहित्यिक और सृजनात्मक ऊर्जा से सराबोर हुआ आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
11 SEP 2026 6:03PM by PIB Raipur
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई में हिंदी माह के अंतर्गत काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम, अनुराग और भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
_20260911180555_308ddd.jpeg)
काव्य सम्मेलन में प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों और रसों पर आधारित अपनी रचनाओं का पाठ किया। प्रस्तुत कविताओं में भाषा, साहित्य, संस्कृति और जीवन के विविध पक्षों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति देखने को मिली। हास्य-व्यंग्य से परिपूर्ण रचनाओं ने श्रोताओं को खूब आनंदित किया, जबकि वीर रस की कविताओं ने कार्यक्रम में उत्साह और जोश का संचार किया। कविता पाठ के दौरान पूरा वातावरण साहित्यिक उत्साह, सृजनात्मक ऊर्जा और भावनाओं की विविधता से सराबोर रहा।
_20260911180613_5684ff.jpeg)
हिंदी माह के अंतर्गत आयोजित यह काव्य सम्मेलन संस्थान में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा भाषा, साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई द्वारा तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के साथ-साथ भारतीय भाषाओं, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को भी निरंतर महत्व दिया जा रहा है।
******
आरडीजे/बीकेटी/आरएस
(रिलीज़ आईडी: 2309239)
आगंतुक पटल : 6
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English