रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा मंत्री ने कोलंबो में श्रीलंका की प्रधानमंत्री से भेंट की


आपसी संवाद के दौरान विकास व सहयोग पर प्रमुखता से चर्चा हुई

भारत व श्रीलंका को क्षेत्रीय शांति, समृद्धि और लोगों के कल्याण के लिए साझा विकास दृष्टिकोण पर सहयोग जारी रखना चाहिए: श्री राजनाथ सिंह

प्रविष्टि तिथि: 09 SEP 2026 7:00PM by PIB Delhi

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 9 सितंबर, 2026 को कोलंबो में श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया, जिसमें विकास के क्षेत्र में सहयोग प्रमुख विषय रहा। दोनों नेताओं ने शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे, नवाचार और अनुसंधान सहित आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में हुई प्रगति की भी समीक्षा की। श्री राजनाथ सिंह और डॉ. हरिनी अमरसूर्या ने भारत व श्रीलंका के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों पर चर्चा करते हुए लोगों के बीच व्यापक संपर्क को दोनों देशों के बीच स्थायी एवं मजबूत जुड़ाव का महत्वपूर्ण आधार बताया।

रक्षा मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि साझा विरासत वाले लोकतांत्रिक मित्र राष्ट्र होने के नाते भारत और श्रीलंका को क्षेत्र में शांति एवं समृद्धि तथा अपने नागरिकों के कल्याण के लिए सहयोगी विकास के दृष्टिकोण पर मिलकर आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख स्तंभों में से एक के रूप में क्षमता निर्माण के महत्व को रेखांकित किया। श्री सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यह यात्रा भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक एवं बहुआयामी साझेदारी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

श्री राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या न केवल श्रीलंका, बल्कि भारत में भी महिलाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। रक्षा मंत्री ने उन्हें महिला सशक्तिकरण और ‘नारी शक्ति’ का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारत, श्रीलंका की अधिक से अधिक महिलाओं को भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) की छात्रवृत्तियों तथा भारत सरकार की अन्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहता है, ताकि शासन व नेतृत्व में उनकी भागीदारी को और बढ़ावा मिल सके। रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत और श्रीलंका, दोनों देशों में कई सशक्त महिला नेताओं ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

***

पीके/केसी/एनके /डीए


(रिलीज़ आईडी: 2308536) आगंतुक पटल : 72
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu