युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
माननीय सदस्य नीति आयोग डॉ. जोरम अनिया ने किया SAI भोपाल का दौरा: एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं SAI CRC भोपाल की एथलीट पूजा ओल्ला को दी शुभकामनाएं
माननीय सदस्य ने एशियन गेम्स 2026 में शामिल होने जा रहे MP शूटिंग अकादमी के निशानेबाज श्री ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर एवं सुश्री आशी चौकसे से भी की मुलाकात
SAI CRC भोपाल में शिक्षक दिवस थीम पर हुए ‘संडे ऑन साइकिल’ के विशेष संस्करण को हरी झंडी दिखाकर माननीय मुख्य अतिथि ने किया रवाना
प्रविष्टि तिथि:
06 SEP 2026 10:38PM by PIB Bhopal
भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र SAI CRC भोपाल में रविवार को शिक्षक दिवस की थीम पर ‘संडे ऑन साइकिल’ का विशेष संस्करण आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नीति आयोग की माननीय सदस्य डॉ. जोरम अनिया रहीं। इस दौरान उन्होंने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, पौधरोपण किया और खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई। इसके बाद माननीय अतिथि ने कोच एवं खिलाड़ियों के साथ विशेष संवाद किया। इसके बाद मुख्य अतिथि नीति आयोग माननीय सदस्य डॉ. जोरम अनिया ने SAI भोपाल और राज्य की खेल परियोजनाओं का दौरा किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में SAI CRC भोपाल की सहायक निदेशक सुश्री अंशिका जैन ने माननीय मुख्य अतिथि डॉ. जोरम अनिया का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया। माननीय सदस्य, नीति आयोग डॉ. जोरम अनिया ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रतिभागियों ने 4 किमी तक चलाई साइकिल
इसके बाद संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। माननीय सदस्य ने सभी प्रतिभागियों के साथ फिट इंडिया प्लेज लेकर स्वस्थ, फिट और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने करीब 4 किलोमीटर की दूरी तय की।
पौधरोपण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा रहा। मुख्य अतिथि डॉ. जोरम अनिया ने SAI CRC भोपाल परिसर में पौधरोपण किया।
कोच और खिलाड़ियों से सीधे लिए खेल नीतियों पर सुझाव
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जोरम अनिया ने SAI CRC भोपाल के कोच और खिलाड़ियों के साथ विशेष संवाद किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय खेल व्यवस्था और खेल नीतियों को और बेहतर बनाने के लिए खिलाड़ियों एवं कोचों से सीधे सुझाव लिए। संवाद के दौरान खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव, चुनौतियां और खेल सुविधाओं से जुड़े विभिन्न सुझाव साझा किए। यह संवाद खिलाड़ियों की आवाज को नीति निर्माण तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

पूजा ओल्ला को सौंपी खेल भावना की मशाल
इस अवसर पर एशियन गेम्स 2026 के लिए क्वालिफाई कर चुकीं खिलाड़ी पूजा ओल्ला को मुख्य अतिथि ने सम्मानित करते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. जोरम अनिया ने पूजा ओल्ला को खेल भावना, संघर्ष और उत्कृष्टता के प्रतीक के रूप में मशाल सौंपी। यह क्षण भारतीय खेलों की नई पीढ़ी और देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के संकल्प का प्रतीक बना।
SAI और खेल परियोजनाओं का किया दौरा
कार्यक्रम के बाद माननीय सदस्य ने SAI CRC भोपाल की विभिन्न खेल सुविधाओं का दौरा किया। माननीय सदस्य, नीति आयोग डॉ. जोरम अनिया ने अपने दौरे के दौरान SAI CRC भोपाल में उपलब्ध अत्याधुनिक स्पोर्ट्स साइंस फैसिलिटी और विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना का अवलोकन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रदर्शन में सुधार और वैज्ञानिक तरीके से खेल प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग सुविधाओं के साथ-साथ मध्य प्रदेश इंटरनेशनल स्पोर्ट्स सिटी नाथु बरखेड़ा का भी दौरा किया।

MP शूटिंग अकादमी का किया दौरा
मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के दौरे के दौरान माननीय सदस्य, नीति आयोग डॉ. जोरम अनिया ने आगामी एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे मध्य प्रदेश के प्रतिभाशाली निशानेबाजों श्री ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और सुश्री आशी चौकसे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी तैयारियों के बारे में जानकारी ली और आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। माननीय सदस्य ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में SAI CRC भोपाल के सहायक निदेशक श्री रजत शर्मा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कोचों, अधिकारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
***
(रिलीज़ आईडी: 2307270)
आगंतुक पटल : 11
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English