वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड ने देशभर के व्यापारियों के साथ संवाद को मजबूत करने के लिए 100वीं वर्चुअल कॉन्फ्रेंस बैठक आयोजित की


एनटीडबल्यूबी की 100वीं बैठक सरकार और व्यापारियों के बीच संवाद और साझेदारी को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण पड़ाव

प्रविष्टि तिथि: 25 AUG 2026 8:30PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (एनटीडबल्यूबी) ने आज अपनी 100वीं वर्चुअल बैठक आयोजित की। यह बैठक देशभर के व्यापारी समुदाय के साथ नियमित जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पड़ाव है।

खुद्रा व्यापारियों के लिए एक समर्पित वर्चुअल प्लेटफॉर्म स्थापित करने का निर्णय 7 फरवरी 2024 को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड की दूसरी बैठक के दौरान लिया गया था, जिसमें यह प्रस्ताव रखा गया था कि खुदरा व्यापारियों के साथ नियमित संवाद को सुगम बनाने, सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी प्रसारित करने तथा व्यापारियों को अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज कराने के लिए एक सुलभ तंत्र प्रदान करने के उद्देश्य से एक समर्पित वर्चुअल प्लेटफॉर्म तैयार किया जाए।

इस पहल को औपचारिक रूप से 11 जुलाई 2024 को बोर्ड की तीसरी बैठक के दौरान शुरू किया गया था। इसके शुरू होने के बाद से, हर सोमवार को दोपहर 3:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिससे यह व्यापारियों के साथ लगातार बातचीत करने के लिए एक व्यवस्थित मंच बना है।

इस साप्ताहिक वीसी प्लेटफॉर्म ने खुदरा व्यापारियों के साथ नियमित संवाद, सरकारी योजनाओं व नीतिगत पहलों की जानकारी के प्रसार और शिकायतों व सुझावों को आसानी से प्रस्तुत करने में मदद की है, साथ ही इसके माध्यम से बार-बार सामने आने वाले मुद्दों की पहचान कर उन्हें उचित विचार और निवारण के लिए संबंधित मंत्रालयों और विभागों तक पहुंचाना संभव हो सका है।

100वीं संवाद बैठक व्यापारी समुदाय के साथ निरंतर और संस्थागत जुड़ाव के महत्व को दर्शाती है। इस मंच ने हजारों व्यापारियों को अपनी चिंताओं, सुझावों और अनुभवों को सीधे सरकार के साथ साझा करने का अवसर प्रदान किया है। आगे चलकर, यह पहल अपनी भागीदारी को और अधिक बढ़ाने, फीडबैक व अनुशंसा प्रणाली को मजबूत करने और इस मंच के माध्यम से उठाए गए मुद्दों के अधिक ठोस और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।

बैठक की अध्यक्षता एनटीडबल्यूबी के अध्यक्ष श्री सुनील जे. सिंघी ने की। यह 100वीं वीसी संवाद बैठक सरकार और व्यापारी समुदाय के बीच संवाद, सहयोग तथा साझेदारी को मजबूत करने के एनटीडबल्यूबी की कोशिशों में एक अहम पड़ाव है। यह बैठक भारत के आर्थिक इकोसिस्टम के एक अहम हिस्से के तौर पर व्यापारियों की अहमियत को फिर से रेखांकित करती है।

इस प्लेटफ़ॉर्म ने देश भर के छोटे, मंझोले और बड़े व्यापारियों को एक साझा मंच पर जोड़ा है और व्यापार जगत से जुड़ी सरकारी योजनाओं, नीतियों और सुधारों की जानकारी उन तक पहुँचाने में मदद की है। इसने व्यापारियों को अपनी शिकायतें और सुझाव रखने के लिए एक आसान और सुलभ तरीका भी दिया है, बार-बार होने वाली समस्याओं की पहचान करके उन्हें संबंधित मंत्रालयों और विभागों तक पहुँचाने में मदद की है और सरकार तथा व्यापारी समुदाय के बीच पारदर्शिता, भरोसा और सहयोग को मज़बूत किया है।

भारतीय अर्थव्यवस्था में व्यापारी अहम भूमिका निभाते हैं और उत्पादकों व उपभोक्ताओं के बीच एक ज़रूरी कड़ी का काम करते हैं। वे रोज़गार सृजित करने, स्थानीय बाज़ारों को बनाए रखने और देश भर में करोड़ों लोगों की आजीविका में मदद करते हैं। इसलिए, व्यापारियों के कल्याण और सशक्तिकरण का रोज़गार, परिवारों की आय, स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं और पूरे देश की आर्थिक मज़बूती पर सीधा असर पड़ता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/aug/image001_20260825203145_79b441.gif

***

पीके/केसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2303406) आगंतुक पटल : 48
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu