सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राजनांदगांव में नशामुक्ति का संदेश, युवाओं ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत शासकीय दिग्विजय स्वशासी महाविद्यालय में चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम

प्रविष्टि तिथि: 24 AUG 2026 5:44PM by PIB Raipur

 केंद्रीय संचार ब्यूरो रायपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा शासकीय दिग्विजय स्वशासी  महाविद्यालय, राजनांदगांव में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं रचनात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य सुश्री सुचित्रा गुप्ता ने 
किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता है, जिसे राष्ट्र निर्माण और देश के विकास में लगाना चाहिए। नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी पीड़ा और नुकसान का कारण बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शहीद भगत सिंह और वीर नारायण सिंह जैसे महान व्यक्तित्वों को अपना आदर्श बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश आज नई चुनौतियों का सामना कर रहा है और ऐसे समय में युवाओं की ऊर्जा को नशे की लत में नष्ट नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। साथ ही, महाविद्यालय के एनएसएस समन्वयक को विद्यार्थियों के परामर्श एवं जागरूकता के लिए महाविद्यालय में नशा विरोधी क्लब गठित करने के निर्देश दिए।

युवाओं से जोश के साथ होश का संतुलन बनाने की अपील

कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय बिलाईगढ़ के प्राचार्य डॉ. उमाकांत मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में जोश के साथ होश का संतुलन आवश्यक है। युवाओं को अपनी सकारात्मक ऊर्जा को सही दिशा देकर राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहते हुए अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

ध्यान एवं आत्म-नियंत्रण से नशे पर विजय का संदेश

ब्रह्माकुमारी केंद्र के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के लिए ध्यान सत्र आयोजित किया। उन्होंने आत्म-नियंत्रण, सकारात्मक सोच और मानसिक एकाग्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने के लिए मन और विचारों पर नियंत्रण आवश्यक है। ध्यान एवं आत्म-अनुशासन के माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा दे सकते हैं।

चित्र प्रदर्शनी से दिया नशामुक्ति का संदेश

चित्र प्रदर्शनी में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को चित्रों और सूचना सामग्री के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर नशे से होने वाले नुकसान और नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के विद्यार्थियों ने नशामुक्ति पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर प्रभावी संदेश दिया। इसके अलावा नशामुक्ति विषय पर प्रश्नमंच, रंगोली एवं चित्रकला 
प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एस. आर. 
कनोजे, सामाजिक कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ब्रह्माकुमारी केंद्र के प्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर आत्म-अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली एवं सकारात्मक सोच अपनाने तथा अपनी ऊर्जा का 
उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का संदेश दिया गया। 

केंद्रीय संचार ब्यूरो रायपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

******

आरडीजे/केके/आरएस


(रिलीज़ आईडी: 2302793) आगंतुक पटल : 17
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English