वित्त मंत्रालय
देशभर के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्तों एवं प्रधान आयकर महानिदेशकों के दो दिवसीय सम्मेलन का जयपुर में आज से हुआ शुभारंभ
प्रविष्टि तिथि:
17 AUG 2026 5:18PM by PIB Jaipur
आयकर विभाग द्वारा प्रधान मुख्य आयकर आयुक्तों एवं प्रधान आयकर महानिदेशकों का दो दिवसीय सम्मेलन आज से जयपुर में शुरू हुआ। 17 एवं 18 अगस्त को आयोजित किए जा रहे इस सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT), नई दिल्ली के अध्यक्ष श्री रवि अग्रवाल ने किया।
सम्मेलन का उद्देश्य आयकर विभाग से संबंधित वर्तमान एवं भविष्य के महत्वपूर्ण विषयों पर देशभर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक एवं सार्थक विचार-विमर्श करना तथा विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझावों एवं कार्ययोजनाओं पर चर्चा करना है।
सम्मेलन के प्रथम दिवस आयकर विभाग से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक एवं कार्यगत विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान ई-मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली, सेवा संबंधी मामले, आरक्षण नीति, करदाता सेवाएं, प्रणाली निदेशालय, क्षमता निर्माण, आधारभूत संरचना तथा व्यय बजट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
आज हुए व्यापक विचार-विमर्श से आयकर विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक सक्षम, उत्तरदायी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए प्रभावी रणनीतियों एवं कार्ययोजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के सदस्य श्री पंकज कुमार मिश्रा, श्री संजय बहादुर, श्री प्रसेनजीत सिंह एवं सुश्री जी.अपर्णा राव, सुश्री पल्लवी अग्रवाल तथा श्री सुनील कुमार सिंह सहित आयकर विभाग के देशभर के विभिन्न प्रभारों में पदस्थ प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, प्रधान मुख्य आयकर निदेशक, आयकर आयुक्त (प्रशासन) एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। श्री सुमीत कुमार, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, राजस्थान भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।



(रिलीज़ आईडी: 2300522)
आगंतुक पटल : 93
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English