सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
अनुसूचित जाति-बहुल गांवों में स्मार्ट कक्षाओं के माध्यम से शिक्षा में बदलाव: कठुआ, जम्मू और कश्मीर में एक डिजिटल शिक्षण पहल
प्रविष्टि तिथि:
13 AUG 2026 8:02PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम- एजेएवाई) के तहत, जम्मू- कश्मीर में जिला कठुआ ने अनुसूचित जाति-बहुल गांवों में स्थित सरकारी स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना करके ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में डिजिटल विभाजन को पाटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
वर्ष 2022-23 के दौरान, अनुसूचित जाति- बहुल गांवों के विभिन्न सरकारी स्कूलों में पीएम- एजेएवाई घटक के तहत कुल 7 स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की गईं। उल्लेखनीय रूप से, इनमें अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित चक चब्बा और चक नथाल गांव तथा बानी की सबसे दूरस्थ उप-मंडल में स्थित गांव संधी शामिल थे। प्रत्येक स्मार्ट कक्षा में इंटरैक्टिव टच पैनल की स्थापना, छात्रो के लिए फर्नीचर की खरीद तथा बच्चों के अनुकूल दीवार चित्रकारी और विद्युतीकरण जैसे आवश्यक सिविल कार्यों का निष्पादन शामिल था।
इस सफलता को आगे बढ़ाते हुए, इसी घटक के अंतर्गत 2023-24 के दौरान 4 अतिरिक्त स्मार्ट कक्षाएँ स्थापित की गईं। इसके अलावा, 2025-26 में 3 और स्मार्ट कक्षाएँ जोड़ी गईं, जिससे जिले में डिजिटल शिक्षा की पहुँच का और विस्तार हुआ।
स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना ने ग्रामीण और दूर-दराज़ के क्षेत्रों में छात्रों के समग्र सीखने के अनुभव को महत्वपूर्ण रूप से बेहतर बनाया है। आधुनिक शिक्षण उपकरणों, ऑडियो-विजुअल सामग्री और इंटरैक्टिव लर्निंग तक पहुँच—जो कभी महंगे निजी स्कूलों तक ही सीमित थी—अब बाहरी दुनिया से सीमित संपर्क वाले दूरस्थ गाँवों के सरकारी स्कूलों तक पहुँच गई है। कई छात्रों के लिए, आधुनिक डिजिटल शिक्षा, जो कभी एक दूर का सपना थी, अब एक वास्तविकता बन गई है, जिससे कक्षा में सहभागिता, अवधारणा की स्पष्टता और शैक्षणिक परिणामों में सुधार हुआ है।
***
पीके/केसी/जेएस
(रिलीज़ आईडी: 2299216)
आगंतुक पटल : 113