वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
डीजीएफटी, 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' फीचर के माध्यम से डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स को वैश्विक व्यापार पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ता है
स्टार्टअप्स को आधिकारिक खरीदार खोज प्लेटफ़ॉर्म पर समर्पित “स्टार्टअप बैज” मिलेगा
प्रविष्टि तिथि:
07 AUG 2026 6:45PM by PIB Delhi
नवाचार-आधारित निर्यात को बढ़ावा देने और भारत के वैश्विक व्यापार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, वाणिज्य विभाग के विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने 'ट्रेड कनेक्ट ई-प्लेटफ़ॉर्म' पर 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' सर्विस के लिए पात्रता के नियमों का दायरा बढ़ाया है ताकि इसमें डीपीआईआईटी-मान्यता योग्य स्टार्टअप्स को भी शामिल किया जा सके।
आज जारी किए गए 06 अगस्त, 2026 के ट्रेड नोटिस नंबर 16 के माध्यम से सूचित इस निर्णय का उद्देश्य भारत के बढ़ते स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा पहचान दिलाना है ताकि नवोन्मेषी निर्यातक अपने उत्पादों एवं क्षमताओं को सरकार के आधिकारिक डिजिटल खरीदार खोज प्लेटफ़ॉर्म पर दिखा सकें।
वाणिज्य विभाग द्वारा शुरू किया गया 'ट्रेड कनेक्ट' एक वन-स्टॉप डिजिटल इंटरफ़ेस है, जो भारतीय नियातकों को व्यापार से जुड़ी सेवाओं एवं संस्थागत सहायता से जोड़ता है। इसकी प्रमुख विशेषताओं में से एक 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' है जो योग्य निर्यातकों को समर्पित डिजिटल माइक्रोसाइट बनाने की सुविधा प्रदान करता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय खरीदार भरोसेमंद भारतीय निर्यातकों को ढूंढ सकते हैं और सीधे उनसे जुड़ सकते हैं।
संशोधित संरचना के अंतर्गत, 06 अगस्त, 2026 से प्रभावी, 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' के अंतर्गत मौजूदा पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप प्लेटफ़ॉर्म पर अपनी माइक्रोसाइट बना सकेंगे और उनकी पहचान एक विशिष्ट स्टार्टअप बैज के माध्यम से की जाएगी, जिससे वे विदेशी खरीदारों द्वारा आसानी से खोजे जा सकेंगे।
इसके अलावा, शुरुआती दौर के निर्यातकों को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष ऑनबोर्डिंग सुविधा भी शुरू की गई है। डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स जिनके पास एक सक्रिय आयात-निर्यात कोड (आईईसी) है और जो अस्वीकृत इकाई सूची (डीईएल) में नहीं है, वे भी 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' पर अपनी प्रोफ़ाइल बनाने के पात्र होंगे, भले ही वे वर्तमान में मानक निर्यात प्रदर्शन मानदंडों को पूरा नहीं करते हों। उनकी ऑनबोर्डिंग डीजीएफटी आईईसी डेटाबेस के माध्यम से सत्यापन के आधार पर होगी।
इस पहल से नवाचार आधारित कंपनियों को सरकारी प्लेटफॉर्म पर बेहतर पहचान मिलेगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। साथ ही, इससे निर्यात में विविधता लाने, तकनीकी-आधारित उत्पादों एवं सेवाओं को बढ़ावा देने और नवाचार और उद्यमिता के वैश्विक केंद्र के रूप में भारत की पहचान को और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ट्रेड कनेक्ट पर पहले से पंजीकृत वे स्टार्टअप उपयोगकर्ता जिनके अकाउंट्स योग्य आईईसी से जुड़े हैं, उन्हें अपने डैशबोर्ड से 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' माइक्रोसाइट बनाने का विकल्प अपने-आप मिल जाएगा। आसानी से पंजीकरण एवं प्रोफ़ाइल बनाने में मदद के लिए एक विस्तृत उपयोगकर्ता यूज़र गाइड भी जारी की गई है।
संशोधित रूपरेखा 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' के पहले के विस्तार पर आधारित है, जिसके तहत सभी वैध आईईसी धारक जो निर्धारित निर्यात प्राप्ति मानदंड को पूरा करते हैं, प्लेटफ़ॉर्म में शामिल होने के पात्र बने। इस पहल को भारत के स्टार्टअप पारिस्थितिक तंत्र तक बढ़ाकर, सरकार नवाचारी उद्यमों के लिए वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने के नए अवसर उत्पन्न करना चाहती है और साथ ही भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धा को भी मजबूत करना चाहती है।
ट्रेड कनेक्ट ई-प्लेटफ़ॉर्म के बारे में
ट्रेड कनेक्ट भारत सरकार का एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है, जिसे निर्यातकों को व्यापार संबंधी जानकारी, सेवाएं, बाजार संबंधी एवं संस्थागत सहायता एक ही इंटरफ़ेस के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया है। इसकी प्रमुख 'सोर्स फ्रॉम इंडिया' फीचर एक आधिकारिक डिजिटल मार्केटप्लेस के रूप में कार्य करती है, जहां अंतरराष्ट्रीय खरीदार प्रमाणित भारतीय निर्यातकों की पहचान कर सकते हैं, उनके उत्पादों एवं व्यापार प्रमाणपत्रों को देख सकते हैं और सीधे व्यापारिक संबंध स्थापित कर सकते हैं।
अधिसूचना का लिंक
***
पीके/केसी/एके
(रिलीज़ आईडी: 2296340)
आगंतुक पटल : 54