पर्यटन मंत्रालय
पर्यटन मंत्रालय और नेटफ्लिक्स ने कहानी कहने की कला के जरिए भारत के पर्यटन अनुभवों को दिखाने के लिए साझेदारी की है
सिनेमा मनोरंजन से कहीं अधिक है, यह संस्कृति, विरासत और पर्यटन को जोड़ने वाला एक सेतु है: श्री गजेंद्र सिंह
प्रविष्टि तिथि:
05 AUG 2026 10:44PM by PIB Delhi
पर्यटन मंत्रालय ने संस्कृति मंत्रालय और नेटफ्लिक्स के सहयोग से आज भारत में नेटफ्लिक्स के एक दशक के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध परिदृश्य और पर्यटन अनुभवों के साथ वैश्विक दर्शकों को जोड़ने में कहानी कहने की ताकत का गुणगान किया गया।

नई दिल्ली में स्थित नैशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (एनजीएमए) में आयोजित कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत और नेटफ्लिक्स के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री टेड सारंडोस ने अनौपचारिक बातचीत की। इस चर्चा में यह पता लगाया गया कि कैसे सच्ची कहानियां लोगों को यात्रा के लिए प्रेरित कर सकती हैं, गहरी सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा दे सकती हैं और देश के अद्वितीय स्थलों और परंपराओं को प्रदर्शित करके भारत की वैश्विक सॉफ्ट पावर को मजबूत कर सकती हैं।
इस सहयोग के तहत पर्यटन मंत्रालय ने अतुल्य भारत डिजिटल प्लैटफॉर्म के साथ 'ऐज सीन ऑन नेटफ्लिक्स' को जोड़ा है। इससे यात्रियों को भारत में उन जगहों के बारे में पता चल सकेगा जिन्हें नेटफ्लिक्स के लोकप्रिय शो और फिल्मों में दिखाया गया है। इस पहल से भारत के शानदार नजारों, जीवंत त्योहारों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध वन्यजीवों और प्रसिद्ध स्थलों का प्रचार किया जाएगा। साथ ही दर्शकों को अपने ऑन-स्क्रीन अनुभवों को असल जिंदगी की यात्राओं में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सिनेमा मनोरंजन से कहीं अधिक है, यह संस्कृति, विरासत और पर्यटन के लिए एक सेतु है। प्रत्येक भारतीय कहानी में भारत का अनुभव करने के लिए दुनिया में कहीं न कहीं किसी को प्रेरित करने की क्षमता है।
अतुल्य भारत पोर्टल पर 'ऐज सीन ऑन नेटफ्लिक्स' एकीकरण सहित नेटफ्लिक्स के साथ हमारी साझेदारी, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने और सच्ची कहानियों के ज़रिए उसकी वैश्विक सॉफ्ट पावर को मजबूत करने के हमारे साझा दृष्टिकोण को दर्शाती है।
हम सब मिलकर भारत की कहानियों को और आगे ले जाने और दुनिया को उन कहानियों से जुड़ी शानदार जगहों की यात्रा करने के लिए प्रेरित करने की उम्मीद करते हैं।
इस मौके पर पर्यटन मंत्रालय के सचिव श्री भुवनेश कुमार ने डेस्टिनेशन के आकर्षण को बढ़ाने और यात्रा से जुड़े फैसलों को प्रभावित करने में कहानी कहने के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार और क्रिएटिव इंडस्ट्री के बीच रणनीतिक साझेदारी, जिसे नए युग की प्रौद्योगिकियों और डिजिटल प्लैटफॉर्म का समर्थन हासिल है – उन तरीकों को बदल रही है जिनसे डेस्टिनेशन को खोजा और अनुभव किया जाता है। उन्होंने कहा कि सच्ची कहानियों में यात्रियों को प्रेरित करने, स्थायी पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय समाज के लिए सार्थक आर्थिक अवसर पैदा करने की क्षमता होती है।
इस कार्यक्रम में भारत के वन्यजीवों पर बनी एक फिल्म भी दिखाई गई, जिसे पर्यटन मंत्रालय और नेटफ्लिक्स ने मिलकर तैयार किया है। यह फिल्म देश की असाधारण जैव विविधता और वन्यजीव पर्यटन अनुभवों पर प्रकाश डालती है। संस्कृति मंत्रालय और नेटफ्लिक्स के सहयोग से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का गुणगान करने वाली एक अलग फिल्म भी दिखाई की गई।
यह सहयोग भारत को एक पसंदीदा वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के लिए कहानी कहने की व्यापक अपील का लाभ उठाने के लिए एक साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्क्रीन (पर्दे) पर कहानियों को प्रेरित करने वाले स्थानों, लोगों और परंपराओं के साथ दर्शकों को जोड़कर यह साझेदारी दुनिया के सामने देश की अद्वितीय सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता को प्रदर्शित करते हुए अनुभव-आधारित यात्रा को प्रोत्साहित करने का प्रयास करती है।
***
पीके/केसी/आरकेजे
(रिलीज़ आईडी: 2295304)
आगंतुक पटल : 85
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English