विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
सीएसआईआर-सीआरआरआई ने शहरी सड़क निगरानी के लिए स्वदेशी नेटवर्क सर्वेक्षण वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया; दिल्ली एनसीआर में सीएक्यूएम-समर्थित मानक रूपरेखा परियोजना के लिए क्षेत्र सर्वेक्षण की शुरुआत की
प्रविष्टि तिथि:
03 AUG 2026 6:20PM by PIB Delhi
सीएसआईआर–केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीआरआरआई), नई दिल्ली ने आज सतत शहरी सड़क अवसंरचना को आगे बढ़ाने में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। सीएसआईआर-सीआरआरआई के निदेशक डॉ. सीएच रवि शेखर ने नए खरीदे गए स्वदेशी नेटवर्क सर्वेक्षण वाहन (एनएसवी) को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर 'दिल्ली एनसीआर में शहरी सड़कों पर पक्की सतह और हरियाली के लिए मानक रूपरेखा का क्रियान्वयन' परियोजना के तहत क्षेत्र सर्वेक्षण की भी शुरुआत हुई।
सीएसआईआर–सीआरआरआई मुख्य भवन में झंडी दिखाने का समारोह आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. सीएच रवि शेखर, निदेशक, सीएसआईआर-सीआरआरआई; डॉ. थाल्लाडा भास्कर, निदेशक, सीएसआईआर-एएमपीआरआई, भोपाल और संस्थान के विभाग प्रमुख, वरिष्ठ वैज्ञानिक, अधिकारी, इंजीनियर और कर्मचारी शामिल हुए। हाल ही में शामिल किए गए नेटवर्क सर्वेक्षण वाहन को दिल्ली एनसीआर के शहरी मार्गों के व्यापक स्थिति आकलन के लिए तैनात किया जाएगा, जो सड़क परिसंपत्ति प्रबंधन और सतत शहरी अवसंरचना योजना के लिए वैज्ञानिक, सटीक और डेटा-संचालित इनपुट प्रदान करेगा।
इस अवसर पर डॉ. सी रवि शेखर, निदेशक, सीएसआईआर–सीआरआरआई ने कहा कि स्वदेशी नेटवर्क सर्वेक्षण वाहन की तैनाती स्मार्ट और अधिक सतत सड़क अवसंरचना के लिए उन्नत तकनीकों को विकसित और तैनात करने के लिए सीएसआईआर–सीआरआरआई की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा सड़क स्थितियों का वैज्ञानिक आकलन टिकाऊ सतह की योजना बनाने, आवागमन में सुधार करने, रखरखाव लागत कम करने और पर्यावरण अनुकूल शहरी विकास को समर्थन देने के लिए आवश्यक है।
क्षेत्र सर्वेक्षण 'दिल्ली एनसीआर में शहरी सड़कों पर पक्की सतह और हरियाली के लिए मानक रूपरेखा का क्रियान्वयन' परियोजना का एक महत्वपूर्ण घटक है, जिसे लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी), दिल्ली सरकार के सहयोग से सीएसआईआर–सीआरआरआई द्वारा एक समझौता ज्ञापन (एमओए) के तहत लागू किया जा रहा है। यह परियोजना शहरी सड़क अवसंरचना को बेहतर बनाने और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में धूल प्रदूषण को कम करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की रूपरेखा के अनुसार की जा रही है। यह पहल एनसीआर राज्यों में सीएक्यूएम रूपरेखा को लागू करने के बड़े प्रयास का हिस्सा है। परियोजना के तहत, सीएसआईआर–सीआरआरआई और एसपीए नई दिल्ली साथ मिलकर चार प्रमुख कार्यों से जुड़ी गतिविधियों को पूरा करेंगे: जगह के मानकों और सड़क चौराहों का विकास, सड़क के किनारे (राइट-ऑफ-वे) हरित उपायों के माध्यम से सड़क की धूल को कम करना, रखरखाव के बेहतर तरीकों के लिए 'सड़क परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली' (आरएएमएस) लागू करना और सड़क निर्माण के लिए अभिनव तकनीकों को बढ़ावा देना।
नेटवर्क सर्वेक्षण वाहन में उच्च गति लेज़र जानकारी, यूएचडी इमेजिंग सिस्टम, जीपीएस/जीएनएसएस अवस्थिति, स्वचालित सतह टूट-फूट मानचित्रण और एआई-सक्षम डेटा विश्लेषण जैसी अत्याधुनिक तकनीकें शामिल हैं। ये क्षमताएं ट्रैफ़िक रुकावट को न्यूनतम रखते हुए तथा बिना संपर्क स्थापित किये सड़क की हालत, सड़क का खुरदरापन, सतह की समस्याएं, जल-निकासी, सड़क किनारा और सड़क के किनारे की परिसंपत्तियों का तेजी से मूल्यांकन करने में मदद करती हैं।
सर्वेक्षण से प्राप्त डेटा रखरखाव के कामों को वैज्ञानिक तरीके से प्राथमिकता देने, मानक सतह डिज़ाइन, बेहतर जल-निकासी योजना, बेहतर सड़क सुरक्षा और सड़क की स्थिति की प्रभावी निगरानी में मदद करेगा। इस परियोजना से दिल्ली एनसीआर में उड़ने वाली धूल के उत्सर्जन को कम करने, सड़क गुणवत्ता में सुधार करने और स्थायी शहरी आवागमन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।
इस कार्यक्रम का समापन नेटवर्क सर्वेक्षण वाहन को औपचारिक रूप से झंडी दिखाकर रवाना करने और क्षेत्र सर्वेक्षण अभियान की शुरुआत के साथ हुआ, जिससे राष्ट्रीय अवसंरचना विकास के लिए नवीन वैज्ञानिक समाधान पेश करने में सीएसआईआर-सीआरआरआई के नेतृत्व की फिर से पुष्टि हुई।



*****
पीके / केसी / जेके
(रिलीज़ आईडी: 2294048)
आगंतुक पटल : 61