कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने देश भर में उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ मनाया
प्रविष्टि तिथि:
03 AUG 2026 5:46PM by PIB Delhi
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) ने 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 के दौरान ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस कार्यक्रम के जरिए मंत्रालय ने ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के विजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया और अपने सभी कार्यालयों, संबद्ध एवं अधीनस्थ कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और फील्ड संस्थानों में स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्यावरण की स्थिरता को बढ़ावा दिया।
‘स्वच्छता पखवाड़ा’ का आयोजन जलशक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया। इस पखवाड़े के दौरान, मंत्रालय और उससे जुड़े संगठनों में अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं एवं हितधारकों के बीच जागरूकता बढ़ाने और उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस कार्यक्रम की शुरुआत कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की सचिव सुश्री देबश्री मुखर्जी द्वारा दिलाई गई ‘स्वच्छता शपथ’ से हुई। इस शपथ में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थलों व उसके इर्द-गिर्द स्वच्छता बनाए रखने और साफ-सफाई से जुड़ी अच्छी आदतों को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


जागरूकता से संबंधित पहल के तहत, मंत्रालय ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के विषय पर पोस्टर बनाने और स्लोगन लिखने की प्रतियोगिताओं सहित कर्मचारियों की भागीदारी वाली विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं। साथ ही, “एकल उपयोग वाले प्लास्टिक पर रोक” विषय पर एक कार्यशाला भी आयोजित की गई। इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को टिकाऊ विकल्पों और अपशिष्ट प्रबंधन के जिम्मेदार तरीकों के बारे में जागरूक करना था।
इसके अलावा, कौशल भवन में वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने, हरियाली बढ़ाने और सतत विकास के संदेश को मजबूत करने हेतु सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने देशी प्रजाति के पौधे लगाए। यह पहल एक स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस अवसर पर अपने संबोधनों में, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात पर बल दिया कि साफ-सफाई एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सुरक्षित, स्वस्थ एवं उत्पादक कार्यस्थल बनाने का एक जरूरी हिस्सा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को साफ-सफाई को जीवन का हिस्सा बनाने और ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के बाद भी स्वच्छता के सिद्धांतों का पालन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
एमएसडीई के संबद्ध कार्यालयों, अधीनस्थ कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों ने स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर वृक्षारोपण अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, सामुदायिक संपर्क से जुड़ी गतिविधियां, स्वच्छता अभियान और व्यवहार परिवर्तन से संबंधित पहल आयोजित करके इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।
मंत्रालय ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े पैमाने पर डिजिटल संपर्क अभियान भी चलाया। इसके तहत स्वच्छता, टिकाऊ तौर-तरीकों और ‘स्वच्छ भारत मिशन’ में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देने वाले संदेशों का प्रसार किया गया।
मंत्रालय ने ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ के तहत विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने और उन्हें सफलतापूर्वक कार्यान्वित करने के लिए सभी संबद्ध एवं अधीनस्थ कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और फील्ड संस्थानों की सराहना की। इस पखवाड़े के दौरान प्रदर्शित किए गए सामूहिक प्रयास एक स्वच्छ, हरित और अधिक टिकाऊ भारत बनाने के प्रति एमएसडीई की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
***
पीके/केसी/आर /डीए
(रिलीज़ आईडी: 2293984)
आगंतुक पटल : 87