रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा राज्य मंत्री की अध्यक्षता में रक्षा स्वदेशीकरण पर भारतीय वायुसेना और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स का संयुक्त सेमिनार-संकल्प आयोजित

प्रविष्टि तिथि: 30 JUL 2026 5:09PM by PIB Delhi

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आज नई दिल्ली में भारतीय वायु सेना और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स द्वारा संयुक्त रूप से स्वदेशीकरण पर आयोजित  सेमिनार-संकल्प की अध्यक्षता की। संकल्प-आत्मनिर्भरता, आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी विकास और ज्ञान आधारित साझेदारी को दर्शाता है।

रक्षा राज्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशीकरण का उद्देश्य सुदृढ़ रक्षा प्रणाली स्थापित  करना है। इसमें नवाचार को प्राथमिकता देकर विचारों को मूर्तरूप देना और उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करना है, जिससे हमारी रक्षा क्षमता और मजबूत हो। श्री सेठ ने संकल्प जैसे आयोजन की सराहना करते हुए, विश्वास व्यक्त किया कि यह मंच विभिन्न हितधारकों को स्वदेशी रखरखाव, मरम्मत और नवीनीकरण, उपकरणों निर्माण, प्रमाणन, प्रौद्योगिकी अपनाने और भविष्य की एयरोस्पेस आवश्यकताओं पर चर्चा और विचारों के आदान-प्रदान के अवसर प्रदान करेगा।

रक्षा राज्य मंत्री ने वायुसेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, एसआईडीएम के अध्यक्ष श्री अरुण टी. रामचंदानी, भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत के दिग्गजों की उपस्थिति में संकल्प 2026: प्रोब्लम स्टेटमेंट्स ऑफ इंडियन एयरफोर्स नामक पुस्तक का विमोचन किया। भारतीय वायु सेना के एयर ऑफिसर-इन-चार्ज मेंटेनेंस - एयर मार्शल संजय घुरातिया ने आरंभिक संबोधन प्रस्तुत किया।

इस आयोजन में भारतीय वायु सेना की स्वदेशीकरण प्राथमिकताओं, रखरखाव आवश्यकताओं और तकनीकी प्रगति पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में रक्षा मंत्रालय, रक्षा बलों, सैन्य वायुयोग्यता एवं प्रमाणन केंद्र, वैमानिकी गुणवत्ता आश्वासन महानिदेशक, सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स, तथा उद्योग और शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उद्योग भागीदारों ने एयरोस्पेस क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताएं प्रदर्शित की। भारतीय वायु सेना के प्रतिनिधियों, उद्योग प्रतिभागियों, सीईएमआईएलएसी और डीजीएक्यूए के बीच केंद्रित व्यावसायिक वार्ताओं के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति सभी हितधारकों की साझा प्रतिबद्धता रेखांकित हुई।

***

पीके/केसी/एकेवी/एमपी 


(रिलीज़ आईडी: 2292009) आगंतुक पटल : 43
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu