आयुष
वैश्विक मंच पर योग और पारंपरिक चिकित्सा में भारत की नेतृत्व भूमिका
प्रविष्टि तिथि:
28 JUL 2026 4:15PM by PIB Delhi
योग की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2014 में अपने सदस्य देशों के समर्थन से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) के रूप में मान्यता देना और विश्व भर में हर साल इसका मनाया जाना शामिल है। आयुष मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय आयोजनों, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों, अकादमिक सहयोग, अनुसंधान पहलों और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ सहयोग के माध्यम से योग को बढ़ावा दे रहा है, जिससे इसकी वैश्विक पहुंच और स्वीकृति बढ़ रही है। डब्ल्यूएचओ और आयुष मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से विकसित योग प्रशिक्षण पर डब्ल्यूएचओ की तकनीकी रिपोर्ट, योग प्रशिक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक स्थापित करती है, जिससे स्वास्थ्य सेवा में योग की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और वैश्विक एकीकरण में वृद्धि होती है।
मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) और मंगोलियाई योग महासंघ (एमवाईएफ) के बीच 2025 में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) में योग के क्षेत्र में अकादमिक सहयोग के स्थापना की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) और एसोसिएशन रियूनियोनैस डेस रिलेशंस एट क्रिएशन्स कल्चरल्स (एआरआरसीसी) के बीच 2026 में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन का उद्देश्य योग के क्षेत्र में सहयोग की सुदृढ़ता और आगे विकसित करना है।
आयुष मंत्रालय आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी सहित आयुष के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने हेतु केंद्रीय क्षेत्र योजना का कार्यान्वयन कर रहा है। इस योजना के अंतर्गत मंत्रालय भारतीय आयुष औषधि निर्माताओं/आयुष सेवा प्रदाताओं को आयुष उत्पादों और सेवाओं के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सहायता प्रदान करता है; आयुष चिकित्सा प्रणालियों के अंतर्राष्ट्रीय प्रचार, विकास और मान्यता को सुगम बनाता है; हितधारकों के बीच संवाद और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयुष के बाजार विकास को प्रोत्साहित करता है; विदेशों में आयुष अकादमिक चेयर की स्थापना और प्रशिक्षण कार्यशालाओं/संगोष्ठियों के आयोजन से शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देता है, ताकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयुष चिकित्सा प्रणालियों के बारे में जागरूकता और रुचि को बढ़ाया जा सके।
आयुष मंत्रालय ने योग और अन्य आयुष प्रणालियों के अंतर्राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार के लिए 27 देश-स्तरीय समझौता ज्ञापनों, 16 आयुष अध्यक्ष समझौता ज्ञापनों और 57 संस्थान-स्तरीय समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। मंत्रालय हर साल विदेशी नागरिकों को भारत के प्रमुख संस्थानों में आयुष पाठ्यक्रम करने के लिए 104 सीटों पर छात्रवृत्ति प्रदान करता है।
आयुष मंत्रालय के अधीन अनुसंधान परिषदों और राष्ट्रीय संस्थानों द्वारा आयुष-आधारित अनुसंधान, शिक्षा और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के लिए की गई पहलों का विवरण, साथ ही उन्नत अनुसंधान क्षमताओं, शिक्षा और कौशल विकास की बेहतर गुणवत्ता और व्यावसायिक अभ्यास, अनुसंधान और कल्याण सेवाओं के लिए बढ़े हुए अवसरों के माध्यम से आयुष पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के संदर्भ में प्राप्त परिणामों का विवरण अनुलग्नक में दिया गया है।
अनुलग्नक देखने के लिए यहाँ क्लिक करें।
यह जानकारी आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव ने राज्यसभा में लिखित उत्तर में दी।
***
पीके/केसी/पीएस/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2291311)
आगंतुक पटल : 24
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English