उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा सागर में एम.एस.एम.ई. बैठक का आयोजन,

गुणवत्ता एवं बीआईएस प्रमाणन पर दिया गया विशेष बल

प्रविष्टि तिथि: 22 JUL 2026 5:02PM by PIB Bhopal

भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र (डीटीआईसी), सागर के सहयोग से 22 जुलाई 2026 को कलेक्ट्रेट, सागर के सभा कक्ष में एम.एस.एम.ई. बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फर्नीचर, रसायन, उर्वरक, प्लास्टिक तथा अन्य संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े लगभग 100 एमएसएमई प्रतिनिधियों, उद्यमियों, निर्माताओं, उद्योग संघों एवं अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के बीच भारतीय मानकों, बीआईएस उत्पाद प्रमाणन तथा बीआईएस लाइसेंस प्राप्त करने के लाभों के संबंध में जागरूकता बढ़ाना था। यह कार्यक्रम हितधारकों के लिए मानकीकरण की भूमिका, उत्पाद गुणवत्ता में सुधार, उपभोक्ता विश्वास को सुदृढ़ करने तथा उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के विषय में जानकारी साझा करने का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।

तकनीकी सत्र के दौरान श्री मोहम्मद तौसीफ, वैज्ञानिक-ई एवं निदेशक, बीआईएस भोपाल शाखा कार्यालय ने भारतीय मानक ब्यूरो की विभिन्न गतिविधियों एवं पहलों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बीआईएस उत्पाद प्रमाणन योजना, बीआईएस लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन की चरणबद्ध प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की। साथ ही, उन्होंने एमएसएमई के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं रियायतों, जैसे मार्किंग शुल्क में छूट, सरलीकृत प्रमाणन प्रक्रिया तथा बीआईएस द्वारा प्रदान किए जाने वाले हैंडहोल्डिंग सहयोग के बारे में भी विस्तार से बताया, जिससे अधिकाधिक एमएसएमई गुणवत्ता प्रमाणन से जुड़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (QCOs), बीआईएस प्रमाणन प्रक्रिया, परीक्षण आवश्यकताओं, भारतीय मानकों के अनुपालन तथा लाइसेंसिंग प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। श्री मोहम्मद तौसीफ ने सभी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उद्योगों से भारतीय मानकों को अपनाकर उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने, उपभोक्ता विश्वास सुदृढ़ करने तथा नए बाजार अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के समापन पर श्री मोहम्मद तौसीफ ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सागर द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए श्रीमती मंदाकिनी केवालिया, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सागर को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

यह कार्यक्रम एमएसएमई क्षेत्र में गुणवत्ता संस्कृति को बढ़ावा देने, भारतीय मानकों को अपनाने तथा बीआईएस प्रमाणन के माध्यम से आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी एवं गुणवत्तापूर्ण औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में भारतीय मानक ब्यूरो की प्रतिबद्धता का परिचायक रहा।

***


(रिलीज़ आईडी: 2287763) आगंतुक पटल : 13
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English