इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भिलाई इस्पात संयंत्र में कर्मचारियों के बीच सुरक्षा जागरूकता सुदृढ़ करने हेतु लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन (एलजीआई) कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित

प्रविष्टि तिथि: 21 JUL 2026 6:43PM by PIB Raipur

भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में औद्योगिक सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर लगातार लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन (एलजीआई) कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई), सेफ्टी सर्किल, फायर सेफ्टी तथा पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन- पेसो) से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देकर सुरक्षित कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 15 जुलाई 2026 को मानव संसाधन विकास केंद्र में "सेफ्टी सर्किल" विषय पर लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों की पहचान, कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी, सुरक्षित कार्य व्यवहार को बढ़ावा देने तथा व्यावसायिक सुरक्षा में सतत सुधार के लिए सेफ्टी सर्किल की अवधारणा और उसके महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। महाप्रबंधक (सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग) पुष्पा एम्ब्रोस तथा इंस्ट्रुमेंटेशन विभाग के विजेंद्र सिंह ने प्रस्तुतियों और संवादात्मक सत्र के माध्यम से प्रभावी सुरक्षा उपायों की जानकारी साझा की।

इसके बाद 18 जुलाई 2026 को अधिकारियों के लिए "पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई)" विषय पर लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 17 अधिकारियों ने सहभागिता की। सहायक प्रबंधक (एसएमएस-2) सुमित कुमार ने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के सही चयन, उनके प्रभावी उपयोग तथा नियमित रखरखाव के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।

इससे पूर्व 30 जून 2026 को गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए "फायर सेफ्टी" विषय पर लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें 31 कर्मचारियों ने भाग लिया। अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय धवस तथा फायर ऑफिसर अभिषेक कुमार ने अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षित कार्य पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी देते हुए अग्नि जोखिमों को न्यूनतम करने के उपायों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

इसी श्रृंखला के अंतर्गत 21 जुलाई 2026 को अधिकारियों के लिए "पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन- पेसो)" विषय पर लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ए. नागेंद्र ने पेट्रोलियम उत्पादों एवं विस्फोटकों के सुरक्षित भंडारण, संचालन और उपयोग से संबंधित वैधानिक प्रावधानों, नियामकीय मानकों तथा औद्योगिक सुरक्षा की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों की विस्तृत जानकारी दी।

 

भिलाई इस्पात संयंत्र में इस प्रकार के लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिकारियों और कर्मचारियों को औद्योगिक सुरक्षा के विभिन्न आयामों से निरंतर अवगत कराया जा सके तथा संयंत्र में सुरक्षित, जागरूक और उत्तरदायी कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

 

*****

 

एसके/बीकेटी


(रिलीज़ आईडी: 2287297) आगंतुक पटल : 12
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English