युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

फिट भारत, हिट भारत विषय पर देहरादून में विकसित भारत यंग प्रोफेशनल राउंड टेबल का सफल आयोजन किया गया

- कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत के स्वयंसेवकों, युवा पेशेवरों तथा शिक्षकों ने सहभागिता की

- विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026 पहल के अंतर्गत माय भारत, देहरादून एवं इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन

- कार्यक्रम में स्वास्थ्य, करियर, नेतृत्व, एडवेंचर गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चा एवं प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किए गए

प्रविष्टि तिथि: 10 JUL 2026 4:25PM by PIB Dehradun

शुक्रवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026 पहल के अंतर्गत माय भारत, देहरादून एवं इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून में "विकसित भारत यंग प्रोफेशनल राउंड टेबल" का सफल आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में माय भारत की प्रेजेंटर सुश्री मेघा शर्मा द्वारा "फिट भारत, हिट भारत" विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण दिया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत के स्वयंसेवकों, युवा पेशेवरों तथा शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर स्वस्थ जीवनशैली, नेतृत्व क्षमता, नवाचार, अनुशासन तथा विकसित भारत–2047 के लक्ष्य पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में पैनलिस्ट के रूप में डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अंजुम अग्रवाल, डॉ. ए. एस. सुरेश अय्यर, श्री यथार्थ गैरोला, ग्रुप कैप्टन आर. सी. त्रिपाठी तथा एडवोकेट रितु गुजराल उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि "फिट भारत" केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक रूप से सशक्त, अनुशासित एवं जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयंसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, करियर, नेतृत्व, एडवेंचर गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चा एवं प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से अपने प्रश्न पूछे तथा उपयोगी मार्गदर्शन प्राप्त किया।

अंत में मेरा युवा भारत (MY Bharat), देहरादून की उपनिदेशक श्रीमती मोनिका नांदल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को माय भारत विभाग एवं MY Bharat पोर्टल की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

यह कार्यक्रम युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तरदायित्व तथा विकसित भारत–2047 के संकल्प को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।


(रिलीज़ आईडी: 2283322) आगंतुक पटल : 34
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English