सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सेवा उत्पादन सूचकांक पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न–परीक्षण सूचकांक- आधार वर्ष 2024-25

प्रविष्टि तिथि: 24 JUN 2026 2:29PM by PIB Delhi

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) जुलाई 2026 में सेवा उत्पादन सूचकांक (आईएसपी) जारी करने की तैयारी कर रहा है, जो सेवा क्षेत्र की वृद्धि में अल्पकालिक परिवर्तनों को मापने के लिए एक नया व्यापक संकेतक होगा। औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक वृद्धि को मापने वाले आईआईपी के समकक्ष, आईएसपी औपचारिक सेवा क्षेत्र को भी कवर करेगा और इसे मासिक आधार पर जारी किया जाएगा।

एमओएसपीआई को आईएसपी संकलन के लिए वैचारिक और कार्यप्रणालीगत ढांचे को अंतिम रूप देने में सहायता करने हेतु मई 2025 में नीति आयोग की विशिष्ट फेलो सुश्री देबजानी घोष की अध्यक्षता में आईएसपी संकलन पर एक तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) का गठन किया गया। शिक्षा जगत और उद्योग संघों के प्रतिनिधियों के अलावा, टीएसी – आईएसपी में सेवा क्षेत्र के मंत्रालयों/विभागों के सदस्य भी शामिल हैं।

टीएसी में हुई चर्चाओं के आधार पर एमओएसपीआई ने 27 अप्रैल, 2026 को आईएसपी के संकलन के लिए विस्तृत कार्यप्रणाली और रूपरेखा युक्त एक दृष्टिकोण पत्र जारी किया, जिसे विभिन्न हितधारकों की टिप्पणियों और सुझावों को आमंत्रित करने के लिए सार्वजनिक डोमेन में रखा गया था।

टीएसी-आईएसपी की रिपोर्ट जुलाई 2026 के पहले पखवाड़े में जारी की जाएगी, जिसमें अन्य बातों के अलावा अंतर्राष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप आईएसपी के संकलन के लिए दायरे और कवरेज, वैचारिक और कार्यप्रणालीगत ढांचा शामिल होगा।

एमओएसपीआई ने प्रायोगिक आधार पर उप-क्षेत्रीय सूचकांकों के साथ एक समग्र आईएसपी जारी करने की योजना बनाई है। आईएसपी के क्षेत्रीय कवरेज में थोक और खुदरा व्यापार, परिवहन, बैंकिंग, बीमा, दूरसंचार, होटल और रेस्तरां, रियल एस्टेट, पेशेवर, वैज्ञानिक और तकनीकी सेवाएं, कला, मनोरंजन आदि जैसे उप-क्षेत्र शामिल हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं नामक दो उप-क्षेत्रों को निगमित सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसआईएसएसई) के परिणाम जारी होने के बाद आईएसपी ढांचे में शामिल करने का प्रस्ताव है।

आईएसपी के लिए आधार वर्ष 2024-25 चुना गया है। वर्ष 2025-26 और अप्रैल 2026 के लिए परीक्षण मासिक सूचकांक 14 जुलाई, 2026 को जारी किए जाने हैं। इसके बाद परीक्षण मासिक सूचकांक लगभग 60 दिनों के अंतराल पर प्रत्येक माह की 29 तारीख (या अवकाश की स्थिति में अगले कार्य दिवस) को नियमित रूप से जारी किए जाएंगे।

आईएसपी श्रृंखला के संकलन की कार्यप्रणाली और अवधारणात्मक ढांचे को समझने में उपयोगकर्ताओं और अन्य हितधारकों की सहायता के लिए एमओएसपीआई इस प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (एफएक्यूएस) की एक पुस्तिका जारी कर रहा है।

***

सेवाओं के उत्पादन सूचकांक पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

  1. सेवा उत्पादन सूचकांक (आईएसपी) क्या है?

सेवा उत्पादन सूचकांक (आईएसपी) एक अल्पकालिक सूचक है जिसे एक निर्दिष्ट आधार अवधि के सापेक्ष सेवा क्षेत्र द्वारा उत्पादित मात्रा में समय के साथ होने वाले परिवर्तनों को मापने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह समय के साथ सेवा-उत्पादक उद्योगों के वास्तविक उत्पादन में होने वाले परिवर्तनों को मापता है।

  1. भारतीय अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र का क्या योगदान है और आईएसपी की आवश्यकता क्यों है?

सेवा क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था में एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभरा है, जो 2013-14 से सकल मूल्य वर्धित में 50 प्रतिशत से अधिक का योगदान दे रहा है। इसके बढ़ते महत्व और क्षमता को देखते हुए और वैश्विक प्रथाओं के अनुरूप भारत को सेवा क्षेत्र की वृद्धि को मापने के लिए एक अल्पकालिक संकेतक की आवश्यकता है ताकि योजनाकार और नीति निर्माता उचित उपाय कर सकें और इसकी विकास दिशा का मार्गदर्शन कर सकें।

3. आईएसपी के उद्देश्य क्या हैं?

आईएसपी को संकलित करने के दो मुख्य उद्देश्य हैं

  • आर्थिक रुझान जो अर्थव्यवस्था की अल्पकालिक गतिविधियों पर आधारित आईआईपी के पूरक होंगे और
  • सेवा क्षेत्र के प्रदर्शन पर उच्च आवृत्ति वाली जानकारी, विश्लेषणात्मक और नीतिगत ढांचे का समर्थन करने के लिए मौजूदा सांख्यिकीय ढांचे को मजबूत करने हेतु उपयोगी होगी।
  1. आईएसपी के क्या फायदे हैं?

आईएसपी सेवा उद्योगों के प्रदर्शन पर समयोचित जानकारी प्रदान करेगा जिससे आर्थिक गतिविधियों की निगरानी मजबूत होगी और साक्ष्य-आधारित नीतिगत निर्णयों को समर्थन मिलेगा। इसके अतिरिक्त आईएसपी सेवा क्षेत्र की वृद्धि के उच्च-आवृत्ति संकेतक के रूप में कार्य करेगा और बेहतर आर्थिक पूर्वानुमान और व्यापार चक्र विश्लेषण को सक्षम बनाने के लिए समय-श्रृंखला डेटा प्रदान करेगा। आईएसपी के मुख्य उपयोगकर्ता राष्ट्रीय लेखा विभाग, आर्थिक मंत्रालय/विभाग, संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ और शोधकर्ता होंगे।

  1. वे कौन सी प्रमुख चुनौतियां थीं जिनके कारण भारत पहले आईएसपी संकलित करने में सक्षम नहीं हो पाया था?

आईएसपी के संकलन के लिए सेवा क्षेत्र के उत्पादन के उच्च आवृत्ति, विश्वसनीय और प्रतिनिधि संकेतकों की आवश्यकता होती है। विनिर्माण के विपरीत, जहां उत्पादन को अक्सर उत्पादित वस्तुओं की भौतिक मात्रा के माध्यम से मापा जा सकता है, सेवाएं काफी हद तक अमूर्त होती हैं और कई सेवा गतिविधियों के उत्पादन के प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन योग्य माप नहीं होते हैं। ऐतिहासिक रूप से भारत में आईएसपी के संकलन को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, जिनमें शामिल हैं

  1. सेवा-उत्पादन उद्योगों को कवर करने वाले प्रशासनिक डेटासेट की सीमित उपलब्धता
  2. सेवा गतिविधियों की विषम प्रकृति के कारण क्षेत्र-विशिष्ट उत्पादन संकेतकों की आवश्यकता होती है
  3. मात्रा निर्धारण के लिए उपयुक्त सेवा क्षेत्र मूल्य सूचकांकों की अनुपलब्धता

परिणामस्वरूप, एक व्यापक उच्च-आवृत्ति आईएसपी का संकलन संभव नहीं था।

  1. किन घटनाक्रमों के कारण अब आईएसपी का संकलन संभव हो पाया है?

पिछले एक दशक में भारत के सांख्यिकीय और प्रशासनिक डेटा तंत्र में महत्वपूर्ण सुधार हुए हैं, जिससे आईएसपी का संकलन संभव हो पाया है। इन विकासों में मुख्य रूप से सेवा-उत्पादक इकाइयों की बाहरी आपूर्ति पर उच्च-आवृत्ति जीएसटी डेटा की उपलब्धता शामिल है निगमित सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसआईएसएसई) के प्रारंभ होने से स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे उप-क्षेत्रों के आईएसपी संकलन के लिए आवधिक डेटा उपलब्ध होगा, जिन्हें जीएसटी डेटा के माध्यम से कवर करना संभव नहीं है।

  1. प्रायोगिक/परीक्षण सूचकांक क्यों जारी किए जा रहे हैं और नियमित सूचकांक कब जारी किए जाएंगे?

एमओएसपीआई आईएसपी के लिए तीन मुख्य डेटा स्रोतों का उपयोग करेगा, जिनमें प्रशासनिक डेटा, जीएसटी और एएसआईएसएसई शामिल हैं। चूंकि इनमें से कुछ स्रोत अभी भी विकसित हो रहे हैं और  जीएसटी डेटा का उपयोग सांख्यिकीय अनुप्रयोगों में पहली बार किया जाएगा, इसलिए कुछ समय के लिए प्रायोगिक आईएसपी सूचकांक जारी किए जाएंगे ताकि उनकी स्थिरता और विश्वसनीयता का अवलोकन किया जा सके। इसके बाद नियमित संकलन और प्रसार किया जाएगा।

  1. आईएसपी के लिए प्रस्तावित प्रमुख डेटा स्रोत कौन-कौन से हैं?

तीन प्रमुख डेटा स्रोत निम्नलिखित हैं

हवाई परिवहन, रेल परिवहन, बैंकिंग और बीमा के आईएसपी के लिए प्रशासनिक/द्वितीयक डेटा

थोक व्यापार, खुदरा व्यापार, मरम्मत और रखरखाव, आवास और भोजन, सड़क परिवहन, जल परिवहन, भंडारण और परिवहन संबंधी सहायक गतिविधियां, डाक और कूरियर, दूरसंचार, सूचना और प्रसारण, अचल संपत्ति, सूचना और कंप्यूटर संबंधी सेवाएं, व्यावसायिक, वैज्ञानिक और तकनीकी सेवाएं जिनमें अनुसंधान एवं विकास शामिल हैं, प्रशासनिक और सहायक सेवाएं और कला, मनोरंजन और अवकाश आदि के लिए जीएसटी डेटा

निगमित सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसआईएसएसई) के स्वास्थ्य और शिक्षा (सरकारी क्षेत्र को छोड़कर) क्षेत्रों के आंकड़े।

  1. क्या आईएसपी अनौपचारिक सेवा क्षेत्र को कवर करेगा?

नहीं। आईएसपी मुख्य रूप से औपचारिक क्षेत्र को प्रतिबिंबित करेगा क्योंकि इसे जीएसटी के तहत पंजीकृत उद्यमों की बाहरी आपूर्ति का उपयोग करके संकलित किया जाता है।

  1. क्या संपूर्ण सेवा क्षेत्र आईएसपी के अंतर्गत आता है?

आईएसपी में शामिल न होने वाली कुछ सेवाएं वे हैं जो या तो मुख्य सरकारी गतिविधियों से संबंधित हैं या गैर-बाजार गतिविधियों और अनौपचारिक क्षेत्र द्वारा संचालित हैं। बहिष्कृत सेवा उप-क्षेत्र इस प्रकार हैं

  1. लोक प्रशासन और रक्षा
  2. बैंकिंग और बीमा को छोड़कर वित्तीय सेवाएं (जैसे केंद्रीय बैंक की गतिविधियां, मुद्रा बाजार कोष)
  3. आवास के बिना सामाजिक कार्य गतिविधियां
  4. सदस्यता संगठनों की सेवाएं
  5. व्यक्तिगत सेवाएं
  6. रोजगार प्राप्त व्यक्तियों वाले निजी घरों की गतिविधियां
  7. बाह्य क्षेत्रीय संगठनों की गतिविधियां
  8. सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं
  9. जुआ और सट्टेबाजी की गतिविधियां
  1. स्वास्थ्य और शिक्षा उप-क्षेत्र, जिन्हें जीएसटी से छूट प्राप्त है, आईएसपी में कैसे शामिल किए जाएंगे?

स्वास्थ्य और शिक्षा उप-क्षेत्रों के सूचकांक (सरकारी योगदान को छोड़कर) एएसआईएसएसई सर्वेक्षणों से प्राप्त अनुमानों के आधार पर संकलित किए जाने की योजना है।

  1. अखिल भारतीय आईएसपी की रिलीज की आवृत्ति क्या होगी?

आईएसपी को लगभग 60 दिनों के अंतराल के साथ मासिक रूप से जारी किया जाएगा।

  1. मात्रा-आधारित संकेतक क्या हैं?

मात्रा आधारित संकेतक सीधे भौतिक मात्राओं के रूप में उत्पादन को मापते हैं, जैसे कि हवाई परिवहन के मामले में यात्री-किलोमीटर यात्रा। आईएसपी में केवल दो उप-क्षेत्रों अर्थात् हवाई परिवहन और रेलवे के सूचकांक ही मात्रा उत्पादन पर आधारित हैं।

  1. मूल्य-आधारित संकेतक क्या हैं?

वे संकेतक जिनमें उत्पादन को मूल्य के संदर्भ में मापा जाता है, जैसे कि राजस्व, बिक्री या बाहरी आपूर्ति, मूल्य-आधारित संकेतक कहलाते हैं।

  1. सेवा उत्पादन को मापने के लिए पसंदीदा संकेतक वैरिएबल कौन से हैं?

अंतर्राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों और टीएसी में हुई चर्चाओं को ध्यान में रखते हुए और भारतीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक क्षेत्र/उप-क्षेत्र के लिए पसंदीदा और वैकल्पिक संकेतकों की पहचान की गई। सामान्यत, पसंदीदा संकेतक उपयुक्त मूल्य सूचकांक (जहां उपलब्ध हो) द्वारा अवमूल्यन किया गया कारोबार होता है।

  1. टर्नओवर को उपयुक्त उत्पादन संकेतक क्यों माना जाता है?

यह देखते हुए कि सेवाओं का उपभोग उनके उत्पादन के तुरंत बाद हो जाता है और आम तौर पर उनमें इन्वेंट्री संचय शामिल नहीं होता है इसलिए, टर्नओवर उत्पादन को काफी हद तक प्रतिबिंबित करता है।

  1. सेवा लेखा संहिता (एसएसी) क्या हैं?

सेवा लेखा संहिता (एसएसी) भारतीय वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली के अंतर्गत वर्गीकरण योजना है। यह संयुक्त राष्ट्र केंद्रीय उत्पाद वर्गीकरण (सीपीसी) का संशोधित संस्करण है, जिसे केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) द्वारा भारतीय संदर्भ के अनुरूप संशोधित किया गया है। एसएसी का उपयोग कराधान, बिलिंग और जीएसटी रिटर्न दाखिल करने के प्रयोजनों हेतु विभिन्न प्रकार की सेवाओं को वर्गीकृत करने के लिए किया जाता है। एसएसी, जीएसटी के तहत होने वाली बाहरी आपूर्तियों को सेवा उद्योगों के राष्ट्रीय औद्योगिक वर्गीकरण (एनआईसी) कोडों से जोड़ने में सुविधा प्रदान करती है।

  1. जीएसटी डेटा को उत्पादन मापों में कैसे परिवर्तित किया जाता है?

 जीएसटीआर 1 रिटर्न से प्राप्त बिक्री (बाहरी आपूर्ति) के -वार कर योग्य मूल्य पर एकत्रित डेटा को मूल्य के संदर्भ में आउटपुट चर माना जा सकता है। जीएसटीएन ने मासिक  जीएसटीरिटर्न से प्राप्त विभिन्न सेवा गतिविधियों के लिए 'बाहरी आपूर्ति' पर उत्पाद/सेवा-वार (एसएसी कोड) डेटा उपलब्ध कराया है। एमओएसपीआई के पास इस उद्देश्य के लिए व्यक्तिगत इकाई स्तर के डेटा तक पहुंच नहीं है और न ही उसे इसकी आवश्यकता है।

सेवाओं का उत्पादन सीधे तौर पर उनकी बिक्री/उपभोग में परिणत होता है। अतः, बाहरी आपूर्तियों के जीएसटी आंकड़ों का उपयोग मूलतः सेवाओं के उत्पादन को दर्शाता है। किसी विशिष्ट एनआईसी कोड से संबंधित एसएसी की बाहरी आपूर्तियों को एकत्रित किया जाता है और फिर वास्तविक उत्पादन माप प्राप्त करने के लिए उन्हें अपस्फीतिबद्ध किया जाता है।

  1. डिफ्लेटर क्या होता है?

आईएसपी सेवाओं के उत्पादन की मात्रा में अल्पकालिक परिवर्तनों पर नज़र रखता है । चूंकि प्राथमिक सेवा डेटा आमतौर पर मूल्य के रूप में (नाममात्र मूल्य) एकत्र किया जाता है, इसलिए इसमें कीमतों और मूल्यवर्धन दोनों के प्रभाव शामिल होते हैं। अतः नाममात्र सेवा राजस्व से कीमतों में परिवर्तन के प्रभावों को हटाने के लिए मूल्य अपस्फीतिकारक की आवश्यकता होती है। यह "मूल्य-आधारित" (नाममात्र) डेटा को "मात्रा-आधारित" (वास्तविक) डेटा में परिवर्तित करता है, जिससे समय के साथ सेवा उत्पादन में वास्तविक परिवर्तनों का मापन संभव हो पाता है।

  1. आईएसपी में कौन से डिफ्लेटर इस्तेमाल किए जाते हैं?

निम्नलिखित डिफ्लेटर का उपयोग किया जाता है,

  • थोक व्यापार के लिए डब्ल्यूपीआई,
  • जहां भी उपलब्ध हो, सेक्टर-विशिष्ट सीपीआई,
  •  सीपीआई जनरल फॉर बैंकिंग एंड इंश्योरेंस
  •  सीपीआई (गैर-खाद्य), अन्यत्र,
  1. आईएसपी के लिए डिफ्लेटर पर अंतरराष्ट्रीय दिशा-निर्देश क्या हैं?

अंतर्राष्ट्रीय प्रथा के अनुसार सेवा उत्पादक मूल्य सूचकांक (एसपीपीआई) को आईएसपी के लिए अपस्फीतिकारक के रूप में प्राथमिकता दी जाती है एसपीपीआई की अनुपलब्धता के मामले में सीपीआई की सिफारिश की जाती है।

  1. आईएसपी के लिए एसपीपीआई का उपयोग क्यों नहीं किया गया है?

एसपीपीआई का डेटा केवल सीमित सेवाओं के लिए उपलब्ध है। आईएसपी के अंतर्गत आने वाले उप-क्षेत्रों के संबंध में एसपीपीआई केवल पांच उप-क्षेत्रों, अर्थात् हवाई परिवहन, रेलवे, दूरसंचार, बैंकिंग और बीमा के लिए उपलब्ध है। हवाई परिवहन और रेलवे के मामले में, चूंकि आईएसपी का उत्पादन संकेतक मात्रा के संदर्भ में है इसलिए किसी अपस्फीतिकारक की आवश्यकता नहीं है।

इसके अलावा चूंकि एसपीपीआई तिमाही आधार पर और 60 दिनों के अंतराल के साथ उपलब्ध हैं इसलिए मासिक आईएसपी में इनका उपयोग व्यावहारिक नहीं हो सकता है। अतः, दूरसंचार उप-क्षेत्र के लिए सीपीआई (संचार) को अपस्फीति कारक के रूप में उपयोग किया जाएगा। वित्तीय उप-क्षेत्रों (बैंकिंग और बीमा) के मामले में जीडीपी के आधार वर्ष संशोधन (आधार वर्ष 2022-23) के लिए कार्यप्रणाली में सुधार संबंधी उप-समिति की रिपोर्ट के अनुसार उप-क्षेत्रों के लिए सामान्य सीपीआई को अपस्फीति कारक के रूप में उपयोग किया जाएगा।

  1.  सीपीआई को एक स्वीकार्य संकेतक क्यों माना जाता है?

कई सेवाओं के मामले में उत्पादक और उपभोक्ता मूल्य लगभग समान रूप से बदलते हैं क्योंकि सेवाओं का उपभोग उत्पादन के तुरंत बाद हो जाता है। एसपीपीआई की अनुपस्थिति में  सीपीआई का उपयोग स्वीकार्य है क्योंकि सेवाओं का उपभोग उनके उत्पादन के तुरंत बाद हो जाता है। इस प्रकार एसपीपीआई और सीपीआई में अंतर केवल एक स्तर (उपभोक्ता स्तर) पर कर मार्जिन के कारण होता है। यदि कर स्थिर माने जाएं तो दोनों के बीच कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं हो सकता है।

  1. एसपीपीआई और उप-क्षेत्र विशिष्ट सीपीआई दोनों की अनुपस्थिति में, सीपीआई (गैर-खाद्य) को सामान्य अपस्फीतिकारक के रूप में उपयोग करने का प्रस्ताव क्यों दिया गया है?

इस प्रस्ताव का यह अर्थ है कि सेवाओं की मुद्रास्फीति गैर-खाद्य वस्तुओं (जो आम तौर पर खाद्य वस्तुओं की तुलना में अधिक स्थिर होती हैं) की मुद्रास्फीति के साथ-साथ चलती है, निम्नलिखित को ध्यान में रखते हुए:

  1. कुल उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के भार में गैर-खाद्य वस्तुओं का हिस्सा लगभग 63 प्रतिशत है। गैर-खाद्य वस्तुओं में सेवाओं की वस्तुएं भी शामिल हैं, जिनका भार कुल उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के भार में लगभग 28 प्रतिशत और गैर-खाद्य वस्तुओं के भार में लगभग 44.44 प्रतिशत है।
  2. गैर-खाद्य वस्तुओं की श्रेणी में एक और महत्वपूर्ण विभाजन "आवास, जल, बिजली, गैस और अन्य ईंधन" है, जो समग्र सीपीआई के कुल भार का लगभग 17.67 प्रतिशत और गैर-खाद्य श्रेणी में 28 प्रतिशत भार रखता है। 'आवास, जल, बिजली, गैस और अन्य ईंधन' सेवाओं में मुद्रास्फीति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ये व्यवसायों के परिचालन व्यय और उत्पादक कीमतों को सीधे बढ़ाकर या कर्मचारियों के जीवन यापन की लागत को बढ़ाकर, जिससे उच्च वेतन की मांग और बदले में उच्च उत्पादक कीमतें उत्पन्न होती हैं, प्रमुख लागत-प्रेरक कारकों के रूप में कार्य करते हैं।
  3. गैर-खाद्य श्रेणी में लागत बढ़ाने वाले अन्य महत्वपूर्ण कारकों में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी शामिल हैं, जो सीपीआई के परिवहन प्रभाग के अंतर्गत आते हैं और कुल सीपीआई के भार का लगभग 4.85 प्रतिशत और गैर-खाद्य श्रेणी में 7.7 प्रतिशत भार रखते हैं।
  4. इस प्रकार गैर-खाद्य मुद्रास्फीति का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा या तो सीधे सेवाओं या उसके लागत-प्रेरक कारकों के कारण होता है।
  1. आईएसपी के लिए प्रस्तावित आधार वर्ष क्या है?

परीक्षण के लिए प्रस्तावित आईएसपी का आधार वर्ष 2024-25 है, जो हालिया और सामान्य वर्ष दोनों मानदंडों को पूरा करता है। आधार वर्ष का चुनाव इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए किया गया है कि अधिकांश उप-क्षेत्रों के लिए सीपीआई आधारित अपस्फीतिकारों का उपयोग प्रस्तावित है। चूंकि सीपीआई की नई श्रृंखला का आधार 2024 है इसलिए यह महसूस किया गया कि 2024-25 आधार वर्ष के लिए अधिक उपयुक्त विकल्प हो सकता है।

  1. आईएसपी में भार कैसे निर्धारित किए जाते हैं?

भार राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी से उपलब्ध सकल मूल्य वर्धित (जीवीए) में क्षेत्रीय योगदान पर आधारित हैं।

  1. जीवीए-आधारित भार का उपयोग क्यों किया जाता है?

वे प्रत्येक सेवा उद्योग के सापेक्ष आर्थिक महत्व को दर्शाते हैं।

  1. प्रस्तावित संकलन सूत्र क्या है?

आईएसपी को एक निश्चित भार वाले लास्पेयर वॉल्यूम इंडेक्स का उपयोग करके संकलित करने का प्रस्ताव है।

पीडीएफ देखने के लिए यहां क्लिक करें

***

पीके/केसी/पीसी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2277483) आगंतुक पटल : 238
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati