पर्यटन मंत्रालय
पर्यटन मंत्रालय ने देश भर में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया; पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने महाराष्ट्र के कर्जत में योग सत्र में भाग लिया
“योग हमें शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखकर समाज और राष्ट्र की पूरी क्षमता से सेवा करने में सक्षम बनाता है”: श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री
“योग भारत का विश्व को दिया गया एक अनमोल उपहार है जो स्वस्थ जीवन और मजबूत समुदायों को प्रेरित करता है”: श्री भुवनेश कुमार, सचिव, पर्यटन मंत्रालय
प्रविष्टि तिथि:
21 JUN 2026 3:59PM by PIB Delhi
पर्यटन मंत्रालय ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 को राष्ट्रव्यापी समारोहों के साथ मनाया। पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में कल्याण, समग्र स्वास्थ्य और स्वस्थ्य जीवन को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने महाराष्ट्र के कर्जत स्थित शांतिक्षेत्र आश्रम में एक योग सत्र में भाग लिया जहां उन्होंने व्यक्तिगत कल्याण और राष्ट्र निर्माण में योग की परिवर्तनकारी भूमिका पर प्रकाश डाला।

देशव्यापी समारोहों के हिस्से के रूप में पर्यटन मंत्रालय ने भारतीय पर्यटन विकास निगम (आईटीडीसी) और सार्वजनिक उद्यमों के स्थायी सम्मेलन (एससीओपीई) के सहयोग से नई दिल्ली के अशोक होटल में एक विशेष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया । इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय, सार्वजनिक उद्यम विभाग, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) और अन्य हितधारकों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा संचालित योग सत्र में 10 से अधिक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों के 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस वर्ष का विषय, "स्वस्थ आयु के लिए योग," शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक लचीलापन और स्वस्थ दीर्घायु को बढ़ावा देने के लिए योग को रोजमर्रा की जिंदगी में एकीकृत करने के महत्व पर जोर देता है।

पर्यटन मंत्रालय के सचिव श्री भुवनेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि योग भारत का विश्व को दिया गया एक शाश्वत उपहार है, जो मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य को बढ़ावा देता है। 'स्वस्थ आयु के लिए योग' विषय स्वस्थ और अधिक संतुष्टिदायक जीवन को बढ़ावा देने वाली स्वास्थ्य संबंधी प्रथाओं को अपनाने के महत्व को रेखांकित करता है। यह देखकर खुशी होती है कि सार्वजनिक क्षेत्र के संगठन इस आंदोलन को अपनाकर और स्वस्थ समुदायों को प्रेरित करने के लिए एक साथ आ रहे हैं।

भारतीय पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक सुश्री मुग्धा सिन्हा ने स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के प्रति भारतीय पर्यटन विकास निगम की प्रतिबद्धता पर कहा कि इस वर्ष लगातार दूसरे वर्ष सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) को स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के लिए एकजुट करने का प्रयास किया जा रहा है। योग समग्र स्वास्थ्य और स्वस्थ आयु के लिए एक शक्तिशाली साधन है। इस आयोजन के माध्यम से हम कर्मचारियों और हितधारकों के बीच स्वास्थ्य, लचीलापन और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से हम उत्साहित हैं।

पर्यटन और आतिथ्य शिक्षा क्षेत्र में उत्सवों का विस्तार करते हुए पर्यटन मंत्रालय के अधीन होटल प्रबंधन संस्थानों (आईएचएम) ने देश भर में योग सत्र और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जिनमें छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन पहलों के माध्यम से संस्थानों ने युवा आतिथ्य पेशेवरों को व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन दोनों में स्वास्थ्य को अभिन्न अंग के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।







***
पीके/केसी/एचएन/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2276256)
आगंतुक पटल : 61