पंचायती राज मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पंचायती राज संस्थानों ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए


केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने बिहार के पटना में तथा केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने उत्तर प्रदेश के आगरा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 कार्यक्रमों में भाग लिया

प्रविष्टि तिथि: 21 JUN 2026 2:23PM by PIB Delhi

पंचायती राज मंत्रालय ने इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग" के अनुरूप देशभर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई-2026) का आयोजन किया। पंचायती राज तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बिहार के पटना स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित आईडीवाई-2026 कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों के साथ योग किया तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन का संदेश देश के हर कोने तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।पंचायती राज तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और योगाभ्यास किया।

नई दिल्ली में पंचायती राज मंत्रालय ने सीएसओआई लॉन्स में एक योग सत्र का आयोजन किया, जिसमें मंत्रालय के सचिव श्री विवेक भारद्वाज सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर श्री भारद्वाज ने कहा कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशभर के ग्राम प्रधानों को लिखे गए पत्र के अनुरूप, जिसमें उन्होंने सामुदायिक भागीदारी का नेतृत्व करने का आह्वान किया था, देशभर के पंचायती राज संस्थानों (पीआरआई) और ग्रामीण स्थानीय निकायों (आरएलबी) ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में सक्रिय भागीदारी की। इन संस्थाओं ने योग की भावना को गांव-गांव और जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

******

पीके/केसी/एके


(रिलीज़ आईडी: 2276146) आगंतुक पटल : 60
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu