कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

16वीं ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक से पहले ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर का दौरा किया


16वीं ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक 12-13 जून को इंदौर में आयोजित की जाएगी

प्रविष्टि तिथि: 08 JUN 2026 9:33PM by PIB Delhi

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत 16वीं ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक से पहले, ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के प्रतिनिधियों ने 8 जून 2026 को इंदौर, मध्य प्रदेश का दौरा किया। इस दौरे का आयोजन इंदौर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और इंदौर नगर निगम द्वारा किया गया।

ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया और अन्य प्रतिभागी देशों के प्रतिनिधियों ने भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में व्यापक रूप से मान्यता प्राप्त इंदौर के प्रसिद्ध आतिथ्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवंत शहरी परिवेश का अनुभव किया। प्रतिनिधियों ने प्रसिद्ध '56 दुकान' फूड हब का भी दौरा किया, जहाँ उन्होंने विभिन्न प्रकार के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा और भारत की समृद्ध पाक कला परंपराओं व आतिथ्य संस्कृति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।

गौरतलब है कि 16वीं ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक 12-13 जून, 2026 को इंदौर में आयोजित की जाएगी, जो कृषि, खाद्य सुरक्षा और सतत विकास में सहयोग को मजबूत करने के लिए सदस्य और भागीदार देशों को एक साथ लाएगी। मंत्रियों की इस बैठक से पहले, वैश्विक कृषि के सामने आने वाली प्रमुख चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श करने के लिए 9-11 जून तक उप प्रतिनिधियों की बैठक होगी।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत, कृषि कार्य समूह (एडब्ल्यूजी) के चार सत्र पहले ही सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं, जिसने खाद्य सुरक्षा, सतत कृषि, नवाचार, क्लाइमेट रेजिलिएंस और मजबूत मजबूत खाद्य व्यवस्थाओं के विकास पर चर्चा को आगे बढ़ाया है। इन विचार-विमर्शों ने आगामी मंत्रिस्तरीय बैठक में सार्थक परिणामों के लिए एक मजबूत नींव रखी है।

इंदौर में होने वाली चर्चाओं में कृषि सहयोग, वैल्यू चेन्स, बाजार के अवसरों, नवाचार, ज्ञान के आदान-प्रदान, जलवायु-अनुकूल कृषि, रीजनरेटिव फार्मिंग, मृदा स्वास्थ्य और सतत संसाधन प्रबंधन सहित व्यापक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने और सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को प्राप्त करने में छोटे किसानों, महिलाओं और युवाओं की भूमिका को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता ने खाद्य पदार्थों की हानि और बर्बादी को कम करने, मत्स्य पालन व जलीय कृषि (एक्वाकल्चर) और उन्नत पशुधन प्रौद्योगिकियों पर तकनीकी संवादों को भी सुगम बनाया है, जिससे प्रतिभागी देशों को कृषि उत्पादकता और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए अनुभवों, सर्वोत्तम प्रथाओं तथा अभिनव समाधानों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिला है।

भारत 1 जनवरी से 31 दिसंबर, 2026 तक ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाल रहा है। 2012, 2016 और 2021 में अपनी पिछली अध्यक्षता के अनुभवों को आगे बढ़ाते हुए, भारत ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग, संवाद और साझा प्रगति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

आगामी कृषि मंत्रियों की बैठक से ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को और अधिक मजबूती मिलने तथा भविष्य के लिए अधिक मजबूत, सतत और समावेशी कृषि एवं खाद्य व्यवस्थाओं के निर्माण में योगदान मिलने की उम्मीद है।

****

पीके/केसी/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 2270674) आगंतुक पटल : 104
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu