युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में साइकिल राइड के साथ विश्व साइकिल दिवस 2026 में भाग लिया
युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने भी 7 जून को होने वाले मेगा फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल कार्यक्रम से पहले भारतीय खेल प्राधिकरण में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया
प्रविष्टि तिथि:
03 JUN 2026 7:04PM by National
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के लगभग 30 अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ साइकिल चलाई।
युवा कारक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। इस स्मृति सभा में शामिल प्रतिभागियों ने स्टेडियम का पूरा चक्कर लगाया, जिससे फिटनेस, सतत विकास और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व का संदेश प्रदान करने के लिए समर्थन मिला।
डॉ. मांडविया ने विश्व साइकिल दिवस के विशेष संदेश के माध्यम से नागरिकों को संबोधित करते हुए दोहराया कि साइकिल चलाना केवल एक मनोरंजन गतिविधि से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा, “साइकिल चलाना केवल एक व्यायाम या शौक नहीं है; यह एक स्वस्थ और सशक्त जीवनशैली का प्रतीक है। इसे दैनिक आदत बना लेना चाहिए क्योंकि यह हमें फिट रखता है, पर्यावरण की रक्षा करता है, प्रदूषण कम करता है और एक फिट, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देता है।”
विश्व साइकिल दिवस 3 जून को विश्व स्तर पर मनाया गया। इस वर्ष इस दिवस का विषय "हरित भविष्य के लिए साइकिल चलाना" था, जो कार्बन उत्सर्जन को कम करने, जलवायु परिवर्तन से निपटने और स्वस्थ, टिकाऊ गतिशीलता को बढ़ावा देने में साइकिल की भूमिका पर प्रकाश डालता है। यह अवसर डॉ. मांडविया द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट और तेजी से बढ़ते फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल अभियान के माध्यम से समर्थित दृष्टिकोण से पूरी तरह मेल खाता है।
माननीय केंद्रीय मंत्री महोदय ने यह भी कहा कि साइकिलों का अधिक उपयोग पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता कम करने में सहायता कर सकता है, साथ ही स्वच्छ वायु और स्वस्थ देशवासियों के लिए योगदान दे सकता है। माननीय केंद्रीय मंत्री महोदय ने कहा, "आज के वैश्विक चुनौतियों के युग में, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नागरिकों से पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता कम करने का बार-बार आग्रह किया है। इस संदर्भ में, साइकिल चलाना एक प्रभावी और सकारात्मक समाधान सिद्द हो सकता है।"
आज विश्व साइकिल दिवस पर जो उत्साह का माहौल बना है, वह इस रविवार को भी जारी रहेगा; इस अवसर को व्यापक रूप से मनाने के लिए देशभर में 'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' का एक विशेष राष्ट्रीय संस्करण आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई स्थानों पर साइकिल चालक, एथलीट, युवा स्वयंसेवक और फिटनेस के प्रति उत्साही लोग एक साथ इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। डॉ. मांडविया ने कहा, "इस रविवार को देशभर में आयोजित होने वाला 'संडेज़ ऑन साइकिल' का आगामी संस्करण विश्व साइकिल दिवस को समर्पित होगा। मैं सभी युवाओं से पूरे दिल से भाग लेने, 'फिट इंडिया ऐप' पर अपना पंजीकरण कराने और अपने दोस्तों तथा परिवार के सदस्यों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील करता हूं।"
इस बीच, भारत एक अन्य स्वदेशी फिटनेस विधा के सबसे बड़े वैश्विक आयोजनों में से एक की मेजबानी करने की तैयारी में भी जुटा है। विश्व योगासन खेल चैम्पियनशिप 2026 कल से अहमदाबाद के एका एरीना में शुरू होगी, जिसमें 4 से 8 जून तक 70 से अधिक देशों के 500 से अधिक एथलीट भाग लेंगे।
यह चैम्पियनशिप वैश्विक मंच पर फिटनेस को जीवनशैली के रूप में बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। संडेज़ ऑन साइकिल की तरह ही, योगासन भी शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देता है, जो फिट इंडिया अभियान के व्यापक उद्देश्यों को दर्शाता है। योगासन में बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भागीदारी खेल को व्यापक वैश्विक मान्यता दिलाने और ओलंपिक सहित भविष्य के बहु-खेल आयोजनों में शामिल होने के भारत के दीर्घकालिक लक्ष्य को भी मजबूत करती है।
***
पीके/केसी/एमकेएस/डीके
(रिलीज़ आईडी: 2268617)
आगंतुक पटल : 131