राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
azadi ka amrit mahotsav

भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा के रेवाड़ी जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रासायनिक कारखाने में हुए विस्फोट के कारण तीन श्रमिकों की मृत्यु और अन्य के घायल होने की घटना पर छपी ख़बरों का स्वतः संज्ञान लिया है


मामले में दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए हरियाणा के मुख्य सचिव तथा रेवाड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किए

रिपोर्ट में घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति तथा मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रदान किए गए मुआवजे, यदि कोई हो, का विवरण शामिल किए जाने की अपेक्षा की गई है

प्रविष्टि तिथि: 26 MAY 2026 8:29PM by PIB Delhi

भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मीडिया में प्रकाशित उन समाचारों पर स्वतः संज्ञान लिया है, जिनके अनुसार 19 मई 2026 को हरियाणा के रेवाड़ी जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रासायनिक कारखाने में हुए विस्फोट में छह व्यक्ति घायल हो गए। बताया गया है कि कारखाने के चिलिंग प्लांट में मरम्मत कार्य चल रहा था, तभी विस्फोट के कारण आग लग गई। उपचार के दौरान 20 मई 2026 को एक श्रमिक की अस्पताल में मृत्यु हो गई। दो अन्य श्रमिकों के कंकाल अवशेष कारखाने से बरामद किए गए।

आयोग ने अवलोकन किया है कि समाचार रिपोर्ट की सामग्री, यदि सत्य है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला उठाती है। इसलिए, आयोग ने हरियाणा के मुख्य सचिव तथा रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर मामले में दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट में घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति तथा मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रदान किए गए मुआवजे, यदि कोई हो, का विवरण शामिल किए जाने की अपेक्षा की गई है।

पिछले पाँच दिनों के दौरान प्रकाशित हुईं मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उक्त कारखाने में घरेलू तथा विदेशी बाजारों के लिए रासायनिक उत्पाद, औद्योगिक स्याही और एल्युमिनियम फॉयल का निर्माण किया जाता है। कई विस्फोटों के बाद कारखाने के लगभग 300 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

***

पीके/केसी/पीके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2265642) आगंतुक पटल : 221
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil