सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वार्षिक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनंतिम अनुमानों और चौथी तिमाही के जीडीपी अनुमानों की रिलीज तिथि में संशोधन

प्रविष्टि तिथि: 12 MAY 2026 6:04PM by PIB Delhi

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने वार्षिक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनंतिम अनुमानों (पीई) और चौथी तिमाही के जीडीपी के त्रैमासिक अनुमानों की प्रकाशन तिथि को मई के अंतिम कार्य दिवस से संशोधित करके 7 जून (या यदि 7 जून अवकाश का दिन है तो उससे पहले के कार्य दिवस) कर दिया है।

आंकड़ों की गुणवत्ता को और बढाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी सलाहकार समिति (एसीएनएएस) से उचित परामर्श के बाद प्रकाशन की तिथि में संशोधन किया गया है। प्रकाशन तिथि में संशोधन की आवश्यकता इसलिए हुई क्योंकि कुछ महत्वपूर्ण आंकड़े दो महीने तक की देरी से उपलब्ध होते हैं। विशेष रूप से, सूचीबद्ध कंपनियों द्वारा लेखापरीक्षित चौथी तिमाही और वार्षिक वित्तीय परिणाम दाखिल करने की वैधानिक समय-सीमा वित्तीय वर्ष की समाप्ति से 60 दिन है, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में कंपनियां 31 मई की समय-सीमा के करीब अपने वित्तीय विवरण प्रस्तुत करती हैं। इसके अलावा, केंद्र सरकार के खातों के संबंध में, मार्च माह के राजस्व व्यय, पूंजीगत व्यय, करों, सब्सिडी और ब्याज भुगतान से संबंधित प्रमुख राजकोषीय आंकड़े अंतिम रूप दिए जाने के बाद दो महीने की देरी से उपलब्ध होते हैं।

तदनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जीडीपी के अनंतिम अनुमानों (पीई) और वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के लिए जीडीपी के त्रैमासिक अनुमानों पर प्रेस नोट 5 जून, 2026 को जारी किया जाना निर्धारित है।

यह संशोधन राष्ट्रीय लेखा संकलन में इस्तेमाल किए जाने वाले आंकड़ों की गुणवत्ता, व्यापकता और मजबूती में सुधार लाने की दिशा में मंत्रालय के निरंतर प्रयासों का एक हिस्सा है और यह प्रचलित अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रणालियों के अनुरूप भी है।

***

पीके/केसी/एसकेएस/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2260383) आगंतुक पटल : 83
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu