रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आईएनएस सुदर्शिनी ने केप वर्डे के मिंडेलो में ठहराव सफलतापूर्वक संपन्न किया

प्रविष्टि तिथि: 10 MAY 2026 3:30PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना के नौकायन प्रशिक्षण जहाज, आईएनएस सुदर्शिनी ने अपनी चल रही यात्रा 'लोकायन 26' के तहत 08 मई 2026 को केप वर्डे के मिंडेलो में ठहराव सफलतापूर्वक संपन्न किया। चार दिनों के ठहराव के दौरान पेशेवर बातचीत, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक कार्यक्रम हुए, जिससे दोनों देशों के बीच समुद्री संबंध और भी प्रगाढ़ हुए।

इस ठहराव के दौरान, आईएनएस सुदर्शिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने कोस्ट गार्ड कमांड में काबो वर्डे कोस्ट गार्ड के कमांडर, कैपिताओ-दे-नेवियो काहबी यासिन फोंसेका परेरा बतिस्ता से मुलाकात की। चर्चा समुद्री सुरक्षा में साझा हितों और सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर केंद्रित रही। प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियां इस यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण रहीं, जिसके तहत भारतीय नौसेना ने काबो वर्डे के गश्ती पोत 'गार्डियाओ' पर डैमेज कंट्रोल और सीमैनशिप का अभ्यास किया। काबो वर्डे सेना का एक प्रतिनिधिमंडल भी आईएनएस सुदर्शिनी पर सवार हुआ, जहां उन्हें जहाज़ का निर्देशित दौरा कराया गया। साथ ही जहाज की सेल ट्रेनिंग क्षमताओं की जानकारी दी गई।

दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को दर्शाते हुए, एक संयुक्त योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें काबो वर्डे कोस्ट गार्ड के कर्मियों और भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने भाग लिया। जहाज पर आयोजित एक स्वागत समारोह में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, सरकारी गणमान्य व्यक्ति और राजनयिक समुदाय के सदस्य एक साथ आए, जिससे सद्भावना और सौहार्द की भावना को बढ़ावा मिला।

मिंडेलो बंदरगाह में ठहराव भारतीय नौसेना की ब्रिज ऑफ़ फ्रेंडशिप पहल के तहत एक अहम पड़ाव है, जो समुद्री पहुंच और मित्र देशों के साथ स्थायी साझेदारी के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है।

आईएनएस सुदर्शिनी अब अपनी तैनाती के अगले चरण के लिए एंटीगुआ की ओर रवाना हो गया है — यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण ट्रांस-अटलांटिक मार्ग है, जो इस यात्रा का सबसे लंबा चरण होगा

***

पीके/केसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2259666) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu