नागरिक उड्डयन मंत्रालय
भारत विमान पट्टा एवं वित्तपोषण सम्मेलन 2.0
प्रविष्टि तिथि:
08 MAY 2026 6:54PM by PIB Delhi
नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के साथ मिलकर शुक्रवार,08 मई 2026 को गुजरात के गांधीनगर स्थित गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में भारत विमान पट्टा एवं वित्तपोषण सम्मेलन 2.02.0 (आईएएलएफएस 2.0) के दूसरे संस्करण का आयोजन सफलतापूर्वक किया। इस शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राम मोहन नायडू ने की और गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इसके पहला संस्करण 2025 में हुआ था जिसकी सफलता को आगे बढ़ाते हुए आईएएलएफएस 2.0 ने नीति, वित्तपोषण एवं विमानन उद्योग के विशेषज्ञों को एक साथ लाकर विमान पट्टे एवं विमानन वित्तपोषण में गिफ्ट आईएफएससी की भूमिका को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया, जिसमें गिफ्ट आईएफएससी को एक उभरते वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने वैश्विक वित्तीय और फिनटेक हब के रूप में गिफ्ट सिटी को मजबूत करने के लिए गुजरात की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने नए हवाई अड्डे विकास परियोजनाओं सहित गुजरात के बढ़ते विमानन अवसंरचना का भी उल्लेख किया और वैश्विक हितधारकों को राज्य के विमानन विकास में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने अपने विशिष्ट अतिथि संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक के रूप में बल्कि एक उभरते हुए वैश्विक विमान पट्टा एवं विमानन वित्तपोषण के क्षेत्र में भी अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उन्होंने आने वाले वर्षों में विमान श्रेणियों में भारत के वाणिज्यिक बेड़े में महत्वपूर्ण विस्तार होने का अनुमान लगाया और इस विकास को समर्थन देने के लिए एक मजबूत घरेलू वित्तपोषण एवं पट्टा पारिस्थितिकी तंत्र की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।

पट्टा क्षेत्र में मौजूद अवसरों की विशालता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “भारत के वाणिज्यिक विमान बेड़े के 2027 तक 1,100 विमानों तक पहुंचने और 2035 तक 2,250 से अधिक विमानों तक विस्तार होने की उम्मीद है। भारतीय विमानन कंपनियों के पास वर्तमान में 1,640 विमानों की डिलीवरी लंबित है। इसका मतलब है कि आने वाले दशक में भारत की पट्टा पारिस्थितिकी तंत्र के लिए 50 अरब अमेरिकी डॉलर का अवसर मौजूद है।”
श्री राम मोहन नायडू ने पहले भारत विमान पट्टा एवं वित्तपोषण सम्मेलन के बाद पूरी की गई प्रमुख प्रतिबद्धताओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विमान वस्तुओं में हितों के संरक्षण (पीआईएओ) अधिनियम, 2025 के अधिनियमन का उल्लेख किया और इसे एक ऐतिहासिक सुधार करार दिया जो भारतीय कानूनी संरचना को केपटाउन सम्मेलन के अनुरूप बनाता है। उन्होंने कहा, “कई वर्षों से, पट्टा देने वाली कंपनियों को अपने इडेरा अधिकारों का प्रयोग करने में बहुत देरी का सामना करना पड़ रहा था जिससे भारतीय एयरलाइनों की लागत बढ़ रही थी और अंततः यात्रियों पर हवाई किराए में वृद्धि के रूप में इसका प्रभाव पड़ रहा था। अब इस कमी को दूर किया गया है।”
मंत्री ने आगे कहा कि पहले शिखर सम्मेलन के समापन पर किया गया एक और महत्वपूर्ण गारंटी पट्टे के लिए एक उच्च स्तरीय हितधारक समिति का गठन करना था जिसे भी पूरा कर लिया गया है।

केंद्रीय मंत्री श्री राम मोहन नायडू ने भारतीय एयरलाइनों की संचालन स्थिरता एवं दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने के लिए सरकार के निरंतर समर्थन को उजागर किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने एटीएफ (एविएशन टर्बाइन ईंधन) की कीमतों में वृद्धि को 25 प्रतिशत तक सीमित कर दिया है, सभी हवाई अड्डों पर लैंडिंग और पार्किंग शुल्क को 25 प्रतिशत कम किया है और एयरलाइनों को क्रेडिट समर्थन उपाय प्रदान किए हैं। हाल ही में हुई मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए एक निर्णय का उल्लेख करते हुए, उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 5,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता योजना (क्रेडिट लाइन गारंटी योजना) को मंजूरी दी है, जिसका उद्देश्य एयरलाइनों को होने वाले नगदी दबाव को कम करना ह जो कि दुनिया की किसी भी अन्य सरकार ने नहीं किया है।
श्री के. राजारामन, अध्यक्ष, आईएफएससीए ने शिखर सम्मेलन की शुरुआत करते हुए कहा कि गिफ्ट आईएफएससी वर्तमान में विमान पट्टा एवं विमानन वित्तपोषण संरचनाओं की मेजबानी करता है, जिनमें विमान, इंजन, हेलीकॉप्टर एवं अन्य विमानन संपत्तियां शामिल हैं। उन्होंने कर छूट संरचना के विस्तार, एकल-खिड़की आईटी प्रणाली के संचालन और एसपीवी तथा ट्रस्ट संरचनाओं की शुरुआत जैसे हाल के प्रमुख सुधारों को वैश्विक स्तर पर स्वीकृत वित्तपोषणपोषण मॉडलों की नींव बताया। उन्होंने कहा कि अगला चरण विमानन वित्तपोषण मूल्य श्रृंखला में अधिक नियामक लचीलापन एवं व्यापक संस्थागत भागीदारी के माध्यम से पारिस्थितिकी तंत्र को गहरा करने पर केंद्रित होगा।
श्री समीर कुमार सिन्हा, सचिव, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार, ने स्थिर, निवेशक-अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर बल दिया, यह देखते हुए कि भारत के विमानन विकास की कहानी यात्री यातायात से आगे बढ़कर स्वामित्व, वित्तपोषण एवं वित्तीय नवाचार की दिशा में फैल रही है। उन्होंने पुष्टि किया कि वित्तीय संस्थानों, बीमा निकायों, पेंशन कोषों एवं अवसंरचना वित्तपोषण संस्थानों से लंबी अवधि की घरेलू पूंजी को विमानन क्षेत्र में प्रवाहित करने के प्रयास जारी हैं।
श्री जुर्गन वेस्टरमेयर, अध्यक्ष, एफआईसीआई नागरिक उड्डयन समिति और अध्यक्ष एवं निदेशक, एयरबस इंडिया एवं दक्षिण एशिया ने उद्योग जगत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारत का विमानन एवं अंतरिक्ष क्षेत्र सुरक्षा, सामर्थ्य, प्रतिस्पर्धात्मकता और स्थिरता के स्तंभों पर निरंतर अग्रसर है। भारतीय एयरलाइनों के बड़े ऑर्डर बैकलॉग और विमान अधिग्रहण के लिए आवश्यक वित्तपोषण की मात्रा का उल्लेख करते हुए, उन्होंने निष्कर्ष निकाला कि आगे का अवसर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं और पट्टेदारों दोनों के लिए महत्वपूर्ण संभावनाएं प्रस्तुत करता है।

इस शिखर सम्मेलन में उद्योग जगत की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी हुईं। एआई फ्लीट सर्विसेज आईएफएस लिमिटेड (एयर इंडिया) ने घोषणा किया कि मार्च 2027 तक उसकी अपने बेड़े को 50 से बढ़ाकर 76 विमानों तक करने की योजना है, वहीं इंटरग्लोब एविएशन फाइनेंशियल सर्विसेज आईएफएस (इंडिगो) ने इसी अवधि के दौरान अपने बेड़े को लगभग 75 विमानों से बढ़ाकर लगभग 150 विमानों तक करने की योजना की घोषणा की।
अकासा एयर ने गिफ्ट सिटी में अपनी इकाई 'अकासा एयर लीजिंग आईएफएससी प्राइवेट लिमिटेड' (एएएलआई) की स्थापना की घोषणा की। गिफ्ट सिटी स्थित एएएलआई कार्यालय अगले पांच वर्षों में लगभग 60 विमानों को लीज पर लेकर अकासा एयर के बेड़े के विस्तार में सहयोग करेगा। स्टार एयर ने मई 2026 में गिफ्ट आईएफएससी में एम्ब्रेयर ई190 विमानों को लीज पर लेने के लिए घोडावत एविएशन आईएफएससी प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की घोषणा की। वित्तपोषण वर्ष 2027 में, स्टार एयर का लक्ष्य गिफ्ट आईएफएससी से 6 से 8 और क्षेत्रीय विमानों को लीज पर लेने का है।
विस्ट्रा ने हाल ही में संशोधित आईएफएससीए (टेक्नोलॉजी फाइनेंस सी सहायक सेवाएं) विनियम, 2025 के अंतर्गत एक ट्रस्ट एवं कंपनी सेवा प्रदाता (टीसीएसपी) के रूप में, गिफ्ट आईएफएससी से विमान पट्टा के लिए एसपीवी संरचनाओं की स्थापना करके पट्टेदारों को सेवाएं प्रदान करने की घोषणा की है।
केपीएमजी ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं फिक्की के सहयोग से अपनी रिपोर्ट "भारत में विमान पट्टा की व्यवस्था को आगे बढ़ाना - सुधारों से लेकर भविष्य के विकास को गति देने तक" जारी करने की घोषणा की।
पूर्ण सत्र का समापन आईएफएससीए और फिक्की के बीच गिफ्ट आईएफएससी को एक अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र एवं विमानन वित्तपोषण के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के साथ हुआ।
जीआईएफटी आईएफएस में विमान पट्टा एवं विमानन वित्तपोषण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने पर सत्र आयोजित किया गया।
इन सत्रों में विमान पट्टा, वित्तपोषण एवं विमानन निवेश के लिए एक प्रतिस्पर्धी वैश्विक केंद्र के रूप में गिफ्ट आईएफएससी को मजबूत करने पर मुख्य ध्यान केंद्रित किया गया। चर्चाओं में एयरलाइंस, कार्गो ऑपरेटर, हेलीकॉप्टर ऑपरेटर, पट्टे देने वाली कंपनियां, बैंक, वित्तीय संस्थान, कानूनी और कर विशेषज्ञ, नियामक एवं अन्य हितधारक शामिल हुए।
प्रतिभागियों ने भारतीय वायुयान अधिनियम, पीआईओए अधिनियम, पट्टा संस्थाओं के लिए कर लाभों का विस्तार, कॉर्पोरेट कर दरों में कमी एवं अधिक नियामक और कर निश्चितता प्रदान करने के उपायों जैसी प्रमुख सुधारों के माध्यम से एक मजबूत विमानन पट्टा पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करने में सरकार के निरंतर प्रयासों की सराहना की। हितधारकों ने कहा कि इन सुधारों ने निवेशकों के आत्मविश्वास को बढ़ाया है और इस क्षेत्र में व्यवसाय करने की आसानी में सुधार किया है।
एयरलाइंस और ऑपरेटरों ने घरेलू विमान और इंजन वित्तपोषण क्षमताओं को और मजबूत करने, फंडिंग तक पहुंच में सुधार लाने एवं एक अधिक प्रतिस्पर्धी वित्तपोषण वातावरण का निर्माण करने की आवश्यकता को उजागर किया। चर्चाओं में प्रतिभा उपलब्धता, कर निश्चितता, डीटीएए-संबंधित स्पष्टता, घरेलू विमान वित्तपोषण क्षमताएं और संपत्ति-आधारित वित्तपोषण मॉडलों की ओर पारगमन जैसे मुद्दों को भी शामिल किया गया। कार्गो और हेलिकॉप्टर ऑपरेटरों ने शुल्क प्रक्रियाओं के सुव्यवस्थित होने, आसान आयात प्रक्रियाओं एवं क्षेत्रीय मुद्दों को संबोधित करने के लिए समर्पित संस्थागत समर्थन तंत्र की आवश्यकता पर भी बल दिया।
बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों ने गिफ्ट आईएफएस में एक गहरा एवं ज्यादा प्रतिस्पर्धी विमानन वित्तपोषण बाजार बनाने के महत्व पर चर्चा की, जिसमें पुनर्वित्त तंत्र का विकास, संयुक्त फंडिंग संरचनाएं एवं विमान वित्तपोषण के लिए एक जीवंत द्वितीयक बाजार शामिल है।
डीजीसीए ने विमान पट्टा, वित्तपोषण एवं संपत्ति पुनर्प्राप्ति की परिवर्तनशील सरचना पर नियामक स्पष्टता प्रदान की। केप टाउन कन्वेंशन के कार्यान्वयन के लिए स्थापित संरचना को एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में उजागर किया गया, जो नियामक की भारत के नागरिक विमानन क्षेत्र के विकास को मजबूत करने एवं समर्थन देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कुल मिलाकर, सत्रों ने सरकार, उद्योग, पट्टा संस्थाओं एवं वित्तीय हितधारकों के बीच भारत की विमानन वित्तपोषण एवं पट्टा पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत करने और गिफ्ट आईएफएससी को एक वैश्विक प्रतिस्पर्धी विमानन केंद्र के रूप में स्थापित करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाया।
***
पीके/केसी/एके / डीए
(रिलीज़ आईडी: 2259208)
आगंतुक पटल : 105