राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने झारखंड के देवघर जिले में एक रिमांड होम की महिला कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु का स्वतः संज्ञान लिया

बताया जाता है कि पहली जनवरी, 2026 से अब तक इस रिमांड होम के पांच कैदियों की मृत्यु हो चुकी है, जिससे इसकी सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रश्न उठ रहे हैं

आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और देवघर के एसपी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी

प्रविष्टि तिथि: 07 MAY 2026 5:13PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने झारखंड के देवघर जिले के चरखी पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एक रिमांड होम में 2 मई, 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में 19 वर्षीय युवती की मृत्यु की मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। उसकी मृत्यु का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

आयोग ने पाया है कि मीडिया रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य, यदि सत्य हैं तो मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मुद्दा उठाते हैं। अतः आयोग ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव और देवघर के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

4 मई 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जब कैदी की हालत अचानक बिगड़ गई तो रिमांड होम के कर्मचारियों ने उसे देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। खबरों के अनुसार, पहली जनवरी 2026 से अब तक इस रिमांड होम में पांच कैदियों की मृत्यु हो चुकी है, जिससे इसकी सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रश्न उठ रहे हैं।

***

पीके/केसी/एसकेजे/पीके

 


(रिलीज़ आईडी: 2258789) आगंतुक पटल : 91
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu