सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए शहर-स्तरीय सांख्यिकीय रिपोर्ट प्रस्तावित की

प्रविष्टि तिथि: 24 APR 2026 4:00PM by PIB Delhi

मुख्य बिंदु:

  • आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) और गैर-निगमित क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण- एएसयूएसई (भारत के गैर-निगमित और गैर-कृषि क्षेत्र के उद्यमों की आर्थिक और परिचालन स्थितियों को मापने का प्रमुख सर्वेक्षण) के आधार पर 4 करोड़ 70 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए समर्पित शहर-स्तरीय सांख्यिकीय रिपोर्ट योजना।
  • दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की रोजगार प्रोफ़ाइल (किसी नौकरी के लिए आवश्यक कौशल, दायित्वों, योग्यताओं और कार्यों का एक संरचित विवरण) और शहर-स्तरीय प्रोफ़ाइल ( सामाजिक, आर्थिक, भौगोलिक और बुनियादी ढांचे का विस्तृत ब्यौरा) प्रदान करता है।
  • गैर-निगमित क्षेत्र के उद्यम।
  • सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए शहर-स्तरीय सांख्यिकीय रिपोर्ट तैयार करने हेतु प्रस्तावित ढांचे, संकेतकों और प्रसार रणनीति पर हितधारकों से टिप्पणियां और सुझाव आमंत्रित करता है।

पृष्ठभूमि:
भारत में तेजी से हो रहे शहरीकरण में आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और संरचनात्मक परिवर्तन में शहर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद, शहर स्तर पर आधिकारिक आंकड़े सीमित हैं, जिससे साक्ष्य-आधारित शहरी नीति और नियोजन बाधित हो रहे हैं।

इस कमी को दूर करने के लिए, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने 4 करोड़ 70 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों (2011 की जनगणना  के अनुसार) के लिए विशेष शहर-स्तरीय सांख्यिकी रिपोर्ट तैयार करने और प्रसारित करना प्रस्तावित किया है। ये रिपोर्ट आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण और गैर-निगमित क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण से प्राप्त मौजूदा आंकड़ों पर आधारित होंगी। ये दोनों ही शहर स्तर पर स्पष्ट सांख्यिकीय अनुमान लगाने में सक्षम हैं।

दो वार्षिक विषयगत रिपोर्ट प्रस्तावित हैं। पहली रिपोर्ट में दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों का रोजगार प्रोफाइल प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें श्रम बल सहभागिता दर, श्रमिक जनसंख्या अनुपात और बेरोजगारी दर जैसे प्रमुख श्रम बाजार संकेतक शामिल होंगे। दूसरी रिपोर्ट में शहरी अनौपचारिक क्षेत्र (उन असंगठित और अपंजीकृत आर्थिक गतिविधियों को संदर्भित करता है जो सरकार के सीधे विनियमन या कराधान के दायरे से बाहर होती हैं। इसमें रेहड़ी-पटरी वाले, निर्माण मजदूर और छोटे घरेलू उद्योग शामिल हैं) के आकार, संरचना, रोजगार और आर्थिक प्रदर्शन को दर्शाते हुए, गैर-निगमित क्षेत्र के उद्यमों का शहर-स्तरीय प्रोफाइल प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रस्तावित शहर-स्तरीय सांख्यिकीय रिपोर्ट भारत की सांख्यिकीय प्रणाली को तेजी से शहरीकरण हो रही अर्थव्यवस्था की वास्तविकताओं के अनुरूप ढालने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शहरों को गहन विश्लेषणात्मक दायरे में लाकर, यह पहल महत्वपूर्ण डेटा अंतराल को पाटने और शासन के सभी स्तरों पर सूचित निर्णय लेने में सहायता प्रदान करने का प्रयास है।

इस पहल का उद्देश्य शहरी सांख्यिकी के विस्तृत आंकड़ों की उपलब्धता बढ़ाना, शहर-स्तरीय नीति निर्माण में सहयोग, शहर-स्तरीय सकल घरेलू उत्पाद अनुमान में योगदान और शहरी श्रम बाजारों तथा उद्यम गतिविधियों की बेहतर समझ विकसित करना है। ये रिपोर्ट
प्रतिवर्ष सार्वजनिक रूप से उपयोगकर्ता के अनुकूल प्रारूपों में प्रकाशित की जाएंगी।

मौजूदा आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण और असंगठित क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण डेटा के आधार पर शहर-स्तरीय अनुमान तैयार करने के प्रस्तावित ढांचे पर एक परामर्श पत्र हितधारकों के व्यापक परामर्श के लिए सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। हितधारकों से प्रस्तावित ढांचे, संकेतकों, कार्यप्रणाली और प्रसार रणनीति की समीक्षा करने और उसमें सुधार के सुझाव देने का अनुरोध किया जाता है; ताकि प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर सुधार लाया जा सके।

सुझाव और टिप्पणियां 15 मई, 2026 तक ईमेल आईडी: nssocpd.coord@mospi.gov.in, tc.dpd@mospi.gov.in और tc.sdrd-mospi[at]gov[dot]in पर भेजी जा सकती हैं। दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए शहर-स्तरीय सांख्यिकीय रिपोर्टों पर परामर्श पत्र नीचे दिए गए लिंक पर उपलब्ध है।

https://www.mospi.gov.in/uploads/announcements/announcements_1777024830001_327ffffc-25ef-47b9-a22d-a4e5dda2a14e_Consultation_paper_on_City-Level_Statistical_Reports_for_Million-Plus_Cities_(2).pdf

***

पीके/केसी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2255374) आगंतुक पटल : 113
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu