सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय
भारत और दक्षिण कोरिया ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
प्रविष्टि तिथि:
21 APR 2026 7:20PM by PIB Delhi
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के नेतृत्व में भारत आये प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय ने 20 अप्रैल, 2026 को दक्षिण कोरिया के ‘एसएमई और स्टार्टअप मंत्रालय’ के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। इसका उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ बनाना है।
यह समझौता ज्ञापन दोनों देशों के मंत्रालयों के बीच सहयोग के लिए एक ‘व्यवस्थित ढांचा’ स्थापित करता है, जिससे एमएसएमई से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर सतत संवाद को सक्षम बनाया जा सके तथा पारस्परिक रूप से लाभकारी अवसरों की खोज को सुगम बनाया जा सके। इसका उद्देश्य एक-दूसरे के एमएसएमई इको-सिस्टम की गहन समझ विकसित करना तथा हितधारकों के बीच सहभागिता को सुदृढ़ करना है।
यह समझौता सूचना एवं विशेषज्ञों के आदान-प्रदान, श्रेष्ठ प्रथाओं के साझा करने, व्यावसायिक समन्वय तथा तकनीकी और आर्थिक सहयोग के माध्यम से व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखता है। साथ ही, यह दोनों देशों के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के बीच आपसी संपर्क एवं सहभागिता को मजबूत करने हेतु संयुक्त पहलों का भी समर्थन करता है।
यह साझेदारी भारत-कोरिया आर्थिक सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा समावेशी विकास, नवाचार और रोजगार सृजन के प्रमुख प्रेरक के रूप में एमएसएमई को सशक्त बनाने की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
***
पीके/केसी/आईएम/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2254289)
आगंतुक पटल : 91