महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
पोषण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बिहार के बेगुसराय में पोषण पखवाड़ा कार्यकलाप आयोजित
प्रविष्टि तिथि:
16 APR 2026 4:50PM by PIB Delhi
पोषण पखवाड़ा 2026 के राष्ट्रव्यापी उत्सव के हिस्से के रूप में, पोषण और स्वस्थ जीवन के महत्व को बढ़ावा देने के लिए बिहार के बेगुसराय जिले में जागरूकता और सामुदायिक संपर्क कार्याकलापों की एक श्रृंखला आयोजित की गई।
इस कार्यक्रम में अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। पोषण पखवाड़े की प्रमुख थीमों, जैसे मातृ एवं शिशु पोषण, एनीमिया की रोकथाम और संतुलित आहार अपनाने के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए एक रैली का आयोजन किया गया।

प्रतिभागियों ने सूचनात्मक बैनर और तख्तियां ले रखी थीं जिनमें जीवन के महत्वपूर्ण चरणों में उचित पोषण के महत्व को रेखांकित किया था। रैली का उद्देश्य समुदाय को जागरूक करना और बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आदतों की ओर व्यवहारिक परिवर्तन को प्रोत्साहित करना था।
इस कार्यक्रम के दौरान, अधिकारियों ने पोषण को जन आंदोलन बनाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने जमीनी स्तर पर पूरक पोषण, विकास निगरानी और स्वास्थ्य जागरूकता जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान करने में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका को रेखांकित किया।
नवजात एवं छोटे बच्चों के पोषण संबंधी तौर-तरीकों के बारे में जागरूकता बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने और पोषण संबंधी परिणामों में सुधार के लिए स्वच्छता और सफाई के महत्व पर विशेष ध्यान दिया गया।
इन कार्यकलापों ने पोषण अभियान के समन्वित दृष्टिकोण को भी रेखांकित किया, जिसमें कुपोषण की समस्या का समग्र रूप से समाधान करने के लिए विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाया गया।
इस कार्यक्रम का समापन एक सशक्त संदेश के साथ हुआ कि स्वस्थ और सुपोषित समाज के निर्माण के लिए सामुदायिक भागीदारी जारी रखनी चाहिए और पोषण पखवाड़ा की गति को बनाए रखना चाहिए।
*****
पीके/केसी/एसकेजे/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2253085)
आगंतुक पटल : 23